जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दाैरान उन्होंने कई जानकारियां भी मांगी। फैमिली आईडी बनवाने में लापरवाही मिलने पर दो एबीएसए के खिलाफ कार्रवाई की है।
Varanasi News: डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिला शिक्षा और परियोजना समिति/बेसिक शिक्षा/माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने फैमिली आईडी बनवाने की प्रगति कम पाए जाने पर रामनगर क्षेत्र और काशी विद्यापीठ के एबीएसए को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ अगले आदेश तक के लिए वेतन रोकने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
वहीं, सुपरविजन व निपुण असेसमेंट में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति मिलने पर नगर क्षेत्र के सभी एबीआरसी (सहायक ब्लॉक संसाधन समन्वयक)/एआरपी (अकादमिक संसाधन व्यक्ति) के वेतन भी रोक दिए गए हैं।
डीएम ने शिक्षा विभाग के तहत संचालित 19 पैरामीटर पर जनपद के सभी विद्यालयों में शिक्षा की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा की बेहतरी के सभी ब्लॉकों में एक कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी बच्चों का मूल्यांकन कम है, उसके कारण की समीक्षा करें।
विज्ञापन
डीएम ने सभी एआरपी (अकादमिक संसाधन व्यक्ति) को अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर शैक्षणिक सहायता और मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों का निपुण में कम मूल्यांकन है, उन स्कूलों का अधिकारी निरीक्षण करें। सीडीओ को निर्देश दिया कि जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं आ रहे हैं, उन पर कार्रवाई करें। बैठक में सीडीओ हिमांशु नागपाल भी मौजूद रहे।