मिर्जापुर में शराब की दुकान बंद करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर रही महिलाओं पर पुलिस ने लाठी भांज कर उन्हें हटाने का प्रयास किया। पुलिस का व्यवहार देख महिलाएं भड़क गईं और उग्र प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। जिससे पुलिस वहां से भाग खड़ी हुई।
पुलिस की लाठी से पांच महिलाएं भी घायल हुईं। मामले की जानकारी होने पर पहुंचे एसडीएम मड़िहान जीसीराम ने आक्रोशित महिलाओं को समझा बुझा कर किसी तरह शांत कराया। पथराव के बाद एसडीएम और थानाध्यक्ष ने खुद को घायल बताते हुए मेडिकल चेकअप कराया है।
पुलिस ने 25 महिलाओं का मारपीट की धाराओं में चालान किया है। बता दें कि चार दिन पूर्व राजगढ़ चौकी क्षेत्र के नदिहार गांव की महिलाओं ने नदिहार रोड पर खोली गई शराब की दुकान को बंद करने के लिए एसडीएम मड़िहान को ज्ञापन सौंपा था। दुकान बंद नहीं करने पर बुधवार को सड़क जाम करने की चेतावनी दी थी।
चेतावनी के बावजूद प्रशासन की ओर से दुकान बंद नहीं कराया गया तो आठ गांवों की महिलाएं शाहगंज तिराहे पर पहुंची और मिर्जापुर सोनभद्र मार्ग को जाम कर दिया। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे मड़िहान इंस्पेक्टर ने महिलाओं को समझा बुझा कर हटाने का प्रयास किया लेकिन जब वह सड़क से नहीं हटीं तो लाठी भांज कर उनको खदेड़ने का प्रयास किया । जिसमें पांच महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस द्वारा लाठी भांजने पर वहां अफरा तफरी मच गई। पुलिस का व्यवहार देख महिलाएं भड़क गईं और उग्र प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। महिलाओं से घिरता देख पुलिस खतरा महसूस करते हुए वहां से भाग खड़ी हुई।
कुछ देर बाद मड़िहान, राजगढ़ समेत स्थानों पर पुलिस के साथ एसडीएम मड़िहान जीसीराम पहुंचे और महिलाओं को समझाने बुझाने लगे तो कुछ महिलाओं ने पत्थर फेंकना शुरु कर दिया। पुलिस ने सख्ती की तो महिलाएं वहां से शराब की दुकान पर पहुंची और वहां तालाबंदी कर प्रदर्शन करने लगीं।
यहां पहुंचे आबकारी इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र कुमार ने एक महिला को हिरासत में लिया तो अन्य महिलाएं वहां से भाग गईं। चौकी इंचार्ज राजगढ़ नरेन्द्र कुमार सिंह की तहरीर पर 30 नामजद और 20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में मारपीट की धाराओं में 25 महिलाओं का चालान किया है।