अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत करने थाने जा रही महिला की मौत सड़क हादसे में हो गई। वाराणसी के जगतपुर में जीटी रोड पर ऑटो पलटने से गुरुवार की रात गीता देवी (45) की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घटना को लेकर गीता के बेटे रवि ने रोहनिया थाने पर गांव के तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। बीकापुर गांव निवासी माता प्रसाद प्रजापति के यहां गुरुवार को जन्मदिन की पार्टी थी। रवि के अनुसार वह, उसकी पत्नी राधा और भाई रतन पार्टी में शामिल होने गए थे, जहां कुछ लोगों से कहासुनी हो गई।
इस पर विवाद करने वालों ने रवि और उसकी पत्नी की पिटाई कर दी। बीचबचाव हुआ तो रवि, उसकी पत्नी और भाई घर चले आए। इस पर हमलावर घर आए और फिर मारपीट किए। इसके बाद घटना की जानकारी देने के लिए रवि, उसकी पत्नी और मां गीता देवी ऑटो से रोहनिया थाने के लिए निकलेे।
रवि ने बताया कि हमलावरों ने पीछा कर दौड़ाया तो चालक ने ऑटो की गति तेज कर दी। इसी दौरान ऑटो पलटा और गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। दीनदयाल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया।