वाराणसी से प्रयागराज संगम नहाने जा रहे दर्शनार्थी हादसे का शिकार हो गए। पिकअप में सात लोग सवार थे। दर्दनाक हादसे के बाद गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। तब तक एक महिला की मौत हो चुकी थी।
मिर्जामुराद के भिखारीपुर में नेशनल हाईवे पर वाराणसी से प्रयागराज जा रही श्रद्धालुओं की पिकअप खड़े कंटेनर ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात श्रद्धालु घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
बिहार के समस्तीपुर जिले के श्रद्धालु एक पिकअप से माघ मेला स्नान के लिए प्रयागराज के संगम जा रहे थे। दुर्घटना में पिकअप सवार समस्तीपुर जिले के वारिस नगर प्रखंड निवासी धर्मेंद्र कुमार, राजकुमार, अजय कुमार, सुबोध राय, हेमा देवी, नीतू, कुमकुम देवी (55) सहित आठ श्रद्धालु घायल हो गए। आनन-फानन घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुमकुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटनास्थल पर घंटों बाद पुलिस पहुंची, इसे लेकर ग्रामीणों में खासी चर्चा रही।