मंडुवाडीह बाजार में शीतला माता मंदिर के पास एक महिला की ठोकर लगने से मौत हो गई। महिला हाथ में राखी और मिठाई का डिब्बा लेकर अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी।
मंडुवाडीह बाजार में शीतला माता मंदिर के पास गुरुवार की सुबह लगभग दस बजे एक हादसे में भाई को राखी बांधने जा रही बहन की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम शुकुलपुर , गोपीगंज निवासिनी कमला देवी (48 वर्ष) की ठोकर लग कर गिरने से मौत हो गयी।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने बताया की एक महिला हाथ में मिठाई का डिब्बा व राखी लेकर मंडुवाडीह आरओबी की तरफ जा रही थी की अचानक वह सड़क पर गिर पड़ी। आसपास के दुकानदारों ने महिला को उठाकर किनारे किया और उनके मायके का नंबर लेकर परिजनों को सूचना दी। लेकिन परिजनों के पहुंचने से पहले ही कमला देवी की मौत हो गयी।
शिवपुरवा स्थित मृतका कमला के मायके में उनके भाई राजकुमार व बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। भाई राजकुमार ने बताया की मृतका 5 बहनों में सबसे बड़ी थीं और उनके पति की मौत हो चुकी है।