यूपी के जौनपुर में एक नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों के रेफर करने पर परिजन उसे वाराणसी ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को शव लेकर लौटे परिजनों ने नर्सिंग होम में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
लोगों के गुस्से को देख डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। हालांकि परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हुए।
जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के भानापुर (नेवादा) निवासी राजू तिवारी ने अपनी पत्नी उषा तिवारी (22) को प्रसव पीड़ा होने पर रामपुर बाजार में स्थित एक नर्सिंग होम में 22 नवंबर की शाम भर्ती कराया था। एक घंटे बाद डॉक्टर ने ऑपरेशन कर प्रसव कराया।
इसके बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। इस पर रात में परिजनों संग डॉक्टर प्रसूता को लेकर वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वहां पर डॉक्टर ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर को फटकार लगाई।