वाराणसी के रामनगर के कस्बा स्थित किला रोड पर रविवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला एक पुरुष को पीटने लगी। इसके चलते सड़क पर जाम लग गया। बाद में स्पष्ट हुआ कि पुरुष को पीटने वाली महिला उसकी पत्नी है।
पति को दूसरी महिला के साथ कार में देख कर वह उसे सरेराह पीट रही थी। रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव का रहने वाला एक युवक अपनी कार में एक महिला को बैठाकर किला की तरफ जा रहा था। उसी दौरान बेटी के साथ बाजार में सब्जी लेने आई उसकी पत्नी की नजर कार पर पड़ी।
कार एक बैंक के पास रुकी तो उससे एक महिला उतरकर गली में चली गई। महिला कार के पास पहुंची और अपने पति से कहासुनी शुरू कर दी। पिटाई के बीच ही युवक अपनी पत्नी को धकेल कर कार स्टार्ट कर लंका की ओर भाग निकला। कार का गेट पकड़ कर उसकी पत्नी कुछ दूरी तक दौड़ी। कार की रफ्तार तेज होने पर वह रुक गई।