रात में अनीता बच्चों के साथ घर पहुंची और परिजनों को बताई कि अनिल उसे छोड़ कर कहीं गया है। इसके बाद अनिल का पता नहीं लगा। इधर, परिजनों ने अनिल की खोजबीन शुरू की, लेकिन उसके बारे में कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। 19 जून को भाई दिलीप ने लंका थाने में अनिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अनिल की पत्नी अनीता से पूछताछ की तो बार-बार उसके बदलते बयान से उस पर शक गहराता चला गया। अनीता और उसके चचेरे बहनोई सुरेंद्र यादव उर्फ नन्हकू से पुलिस ने अनिल के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने के साथ ही सर्विलांस की मदद से तीनों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली। इस पर वारदात की गुत्थी परत दर परत सुलझती चली गई।
अनीता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि 16 जून को उसका पति उसे उसके मायके से लेकर सीरगोवर्धनपुर स्थित घर आया। अपने बहनोई सुरेंद्र यादव उर्फ नन्हकू द्वारा बनाई गई योजना के अनुसार उसने घर में सामान रखा। फिर, दवा लेने के नाम पर ऑटो से दोनों बच्चों और पति के साथ घर से निकली। टेंगरा मोड़ पर उसका बहनोई सुरेंद्र यादव उर्फ नन्हकू अपनी कार लेकर खड़ा था। उसी कार में अनिल को शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई गई। जब वह नशे में हो गया तो कार में ही दुपट्टे में उसका गला कसकर हत्या कर दी गई।
वारदात के दौरान उसके दोनों बच्चे सो रहे थे। फिर, कार से अनिल का शव ले जाकर चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित सिंघी ताली पुलिया के समीप नाले में फेंक दिया गया। इसके बाद सुरेंद्र ने कार से अनीता और बच्चों को उसके घर छोड़ दिया। सुरेंद्र और अनीता से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार की रात लंका और अलीनगर थाने की पुलिस ने सुरेंद्र का शव और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की। गुरुवार को अलीनगर थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर अनिल के परिजनों को सौंप दिया।
अपने बहनोई के साथ मिलकर अनिल की हत्या करने के बाद भी अनीता अपने घर में आराम से रह रही थी। परिवार या मुहल्ले का कोई सदस्य पूछता था तो कहती थी कि पति आ ही जाएंगे, आखिर कहां जाएंगे। परिवार के लोग और पुलिस उनकी खोजबीन कर रही है। गुरुवार को लंका थाने में अनीता गुमसुम बैठी रही।
पुलिस की पूछताछ में उसने कहा कि उसका पति उसे अच्छा नहीं लगता था। मानसिक रूप से भी वह कमजोर प्रतीत होता था। इसलिए वह उससे परेशान थी। बहनोई से उसका गहरा लगाव था और दोनों एक-दूसरे को अच्छे से समझते भी हैं। इसलिए उसे लगा कि पति को रास्ते से हटा देगी तो उसके और बहनोई के बीच में कोई रोड़ा नहीं रह जाएगा।