मंगलवार को धूप से बचने के लिए छाता लेकर जाती बीएचयू की छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले मंगलवार को दिन भर चली गर्म हवाओं ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी थी। सड़क पर गाड़ी चलाने वालों के चेहरे पर गर्म हवा लग रही थी। वहीं, घरों में बैठे लोग भी उमस से परेशान रहे। मौसम में अचानक बदलाव का असर तापमान में भी देखने को मिला। करीब पंद्रह दिन बाद तापमान बढ़कर एक बार फिर 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
बीते रविवार से मौसम में बदलाव हुआ है। पिछले सप्ताह शुरुआती दिनों में नम पछुआ हवाएं चलीं। आंधी और बूंदाबांदी हुई, उससे लोगों को राहत मिली थी, लेकिन मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.8 पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल इस सप्ताह तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
बढ़ती गर्मी के बीच शहर से लेकर देहात तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लोकल फाल्ट के नाम पर घंटों कटौती की जा रही है। कहीं जंपर तो कहीं डियो उड़ने की समस्या लगी रही। लोकल फाल्ट चलते तीन से चार घंटे तक कटौती हो रही है। इसके चलते लोग परेशान हो रहे हैं । मंगलवार को पहलुकापुरा में 33 केवी बिजली तार टूटने से केराकतपुर समेत करीब आधा दर्जन मुहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
एक्सईएन सप्तम सुनील यादव के मुताबिक डीपीएच-कैंट से तीन घंटे आपूर्ति बाधित हो गई। लहरतारा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में आई गड़बड़ी के चलते सिंधोरिया आदि मुहल्लों में 10.30 बजे से करीब 3 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि डीओ उड़ने से बचाने के लिए 15 मिनट की कटौती की गई। वहीं सुंदरपुर, राजेंद्र नगर, नगवां, तुलसी नगर आदि मुहल्लों में दिन चार से अधिक बार कटौती की गई।