मौसम साफ होने के बाद भी शहर की हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने लगी है। हालत यह है कि पिछले तीन दिनों से बनारस की हवा येलो जोन में पहुंच गई है। अर्दली बाजार, भेलूपुर और मलदहिया का एयर क्वालिटी इंडेक्स सबसे अधिक खराब है। हवा में धूल कण और नाइट्रोजन व कार्बन की मात्रा बढ़ने से प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार बनारस का एयर क्वालिटी इंडेक्स 129 दर्ज किया गया। शहर के इलाकों की बात करें तो भेलूपुर का एक्यूआई 137, अर्दली बाजार का एक्यूआई 136, मलदहिया का एक्यूआई 131 और बीएचयू का एक्यूआई 112 दर्ज किया गया। बढ़ते तापमान के बीच हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा भी बढ़ रही है।