बुधवार को लू लगने से एक सेल्समैन और एक मजदूर की मौत हो गई। काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र में तीन श्रद्धालु और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दो छात्र परीक्षा के दौरान अचेत हो गए। देर शाम को आंधी के कारण लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की गई लेकिन तापमान में गिरावट नहीं आई। शहर के कुछ बाहरी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
चौबेपुर के उगापुर गांव के समीप दोपहर में देशी शराब की दुकान पर बैठे सेल्समैन की मौत हो गई। सेल्समैन सुशील यादव (40 वर्ष) उगापुर गांव का ही निवासी था। उसकीदो लड़कियां व एक लड़का हैं। दुकान में बिजली की व्यवस्था नहीं होने कोे कारण पंखा भी नहीं लगा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के नाथूपुर गेट के पास घुघुलपुर निवासी मृत्युंजय बिंद (45) सोया। काफी देर तक जब वह नहीं उठा तो लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
तेज धूप से बचने के लिए गमछे का सहारा
- फोटो : अमर उजाला
दोपहर में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नर्सिंग की परीक्षा के दौरान समाज विज्ञान संकाय के कमरा नंबर छह और सात में दो छात्र अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे चिकित्सक ने दोनों छात्रों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी हालत में सुधार आया। मंडलीय चिकित्सालय के हीट स्ट्रोक वार्ड में एक भी बेड खाली नहीं है। ओपीडी में भी बुखार, हीट स्ट्रोक और डायरिया के मरीज सबसे अधिक पहुंच रहे हैं। दोपहर एक बजे काशी विश्वनाथ गली में महाराष्ट्र के आए पर्यटक शिवसुंदर पटनायक गश खाकर गिर गए। वह विश्वनाथ धाम से दर्शन करके बाहर निकले थे।
परिजनों और दुकानदारों की सहायता से उनको होश में लाया गया। ललिता घाट के पास भी दो दक्षिण भारतीय महिला दर्शनार्थी अचेत हो गईं। साथ में चल रहे सहयोगियों की मदद से दोनों को होश में लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद वह आगे रवाना हो गए। बुधवार को मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे आर्र्दता 45 फीसदी और शाम को साढ़े पांच बजे 39 फीसदी दर्ज की गई।
मणिकर्णिका घाट पर शवों की कतार कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार की शाम से बुधवार को देर रात तक 125 से अधिक शवों का अंतिम संस्कार किया गया, वहीं हरिश्चंद्र घाट पर भी लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई है।