आगामी जुमे की नमाज को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। फील्ड के साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी कई टीमों को निगरानी में लगाया है। आपत्तिजनक पोस्ट, कमेंट और शेयर कर अशांति फैलाने वालों को चिह्नित करते हुए कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने सभी थानेदारों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे- ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप आदि पर निगरानी रखें। सांप्रदायिक सौहार्द व शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को तत्काल चिह्नित करें। यदि किसी ने सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने संबंधी पोस्ट और कमेंट किया जाता है तो तत्काल इसकी सूचना साइबर व सर्विलांस सेल को देंगे। टीमें तुरंत संबंधित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करेगी।
पिछले दिनों कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध जो सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से सांप्रदायिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले पोस्ट व कमेंट किया है, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त के अनुसार जनता से अपील है कि सोशल मीडिया का उपयोग सतर्कता से करें और ऐसा कोई भी पोस्ट व कमेंट करने से बचें, जिससे शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।