सोनभद्र में पुलिया पर चढ़ा बारिश का पानी, मंदिर भी लबालब।
- फोटो : अमर उजाला
सिंचाई विभाग के एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि धंधरौल बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। शुक्रवार रात लगभग 9 बजे नगवां बांध के पांच फाटक खोलकर 16,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे चंदौली जनपद को भी अलर्ट कर दिया गया है। इधर, कोन-खरौंधी झारखंड मार्ग पर पाण्डू नदी का पानी भगीडू घाटी पुल के ऊपर से करीब पांच फीट बहने लगा।
रात एक बजे से आवागमन बाधित हो गया और दर्जनों वाहन फंसकर जाम में फंस गए। उधर, विंढमगंज क्षेत्र में सततवाहिनी नदी उफान पर आ गई। सूर्य मंदिर, छठ घाट और भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज का खेल मैदान पानी में डूब गया।
कॉलेज मैदान में चार-पांच फीट पानी भर गया और रेंज ऑफिस जाने वाले मार्ग की पुलिया पर तेज बहाव होने से रास्ता कट गया। लगातार हो रही बारिश और बांधों के गेट खोले जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।