सेवापुरी (वाराणसी)। लोहराडीह गांव निवासी कपड़ा दुकानदार रितिकेश सिंह को गोली मारने के पीछे पुलिस आशनाई का विवाद मान कर तफ्तीश कर रही है। कपसेठी थाने की पुलिस के अनुसार रितिकेश के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने पर कई लड़कियों से लंबी बातचीत का विवरण मिला है। इसके आधार पर पुलिस तफ्तीश कर संदिग्ध गतिविधियों वाले क्षेत्र के दो युवकों से पूछताछ कर रही है। उधर, मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती रितिकेश की हालत नाजुक बनी हुई है।
लोहराडीह गांव निवासी रेडीमेड कपड़ों के दुकानदार शिव कुमार सिंह के पुत्र रितिकेश सिंह (23) बुधवार की दोपहर बाद घर से पैदल ही कपसेठी बाजार स्थित अपनी दुकान जा रहे थे। इसी दौरान लोहराडीह गांव के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने रितिकेश को गोली मार दी थी। रितिकेश के गर्दन में गोली लगी है। पुलिस की पूछताछ में कपसेठी बाजार के दुकानदारों ने बताया कि हमलावर वारदात के दो घंटे पहले से रितिकेश की दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े थे। साथ ही वह कई बार कपसेठी-बनकट मार्ग पर स्थित कपड़े की दुकान से होकर गुजरे। बृहस्पतिवार को पुलिस घटनास्थल से बनकट मुख्य मार्ग पर लगे सीसी कैमरे खंगाली, लेकिन कोई खास मदद नहीं मिली। रितिकेश के पिता की तहरीर के आधार पर कपसेठी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच सहित चार टीमें लगी हुई हैं। युवक की किसी से किसी किस्म की रंजिश या लेनदेन के विवाद की बात सामने नहीं आई है। उम्मीद है कि हमलावर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।