त्योहारों के मद्देनजर चलाई जा रहीं विशेष ट्रेनें सुविधा कम समस्या ज्यादा साबित हो रही हैं। वेबसाइट पर इन ट्रेनों के संबंध में न तो नियमित जानकारी मिल पाती है और न ही इनका समय से परिचालन हो रहा है। ये ट्रेनें कब आएंगी और कब जाएंगी, इस संबंध में स्टेशन पर कर्मचारी भी सही जानकारी नहीं दे पाते।
इतना ही नहीं, इन दिनों ज्यादातर स्पेशल ट्रेनें घंटों विलंबित चल रही हैं। इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को खुद नहीं पता होता कि वे निर्धारित समय से कितने घंटे बाद गंतव्य को पहुंचेंगे। प्लेटफार्म पर ऐसी ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों ने कहा कि त्योहारों पर चलने वाली विशेष ट्रेनों पर भरोसा करना मतलब धोखा खाना है।
इधर, परिचालन में दिक्कतों के चलते फरक्का एक्सप्रेस दो दिन निरस्त रहेगी। मालदा टाउन से दिल्ली जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस नौ नवंबर को अपने आरंभिक स्टेशन मालदा टाउन से निरस्त रहेगी।
इसके चलते यह ट्रेन 10 नवंबर को लखनऊ मंडल में नहीं आएगी। वहीं, दिल्ली से मालदा टाउन फरक्का एक्सप्रेस 11 नवंबर अपने आरंभिक स्टेशन दिल्ली से निरस्त रहेगी और 12 नवंबर को लखनऊ मंडल में नहीं आएगी।