गांव में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के परिवहन, ऊर्जा एवं प्रोटोकाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को अपने पैतृक गांव ओडी( मिर्जापुर) पहुंचे। यहां उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों के चयन में अनियमितता और वसूली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया।
राज्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोग शांत हुए। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार नहीं चलेगा। वर्ष 2022 तक सभी गरीबों को छत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग को पहली बार आठ करोड़ का फायदा हुआ जबकि पिछली सरकार में घाटा दिखाया गया था। कहा कि गरीबों को बिजली का मुफ्त कनेक्शन दिया जाएगा। भारतीय माइक्रो एनजीओ के माध्यम से सोलर चरखा, सोलर लूम, रेडीमेड गारमेंट्स, डाई डेली आर्गेनिक खेती के सेंटर खोले जाएंगे।
बीडीओ दिनेश प्रताप सिंह ने सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने प्राइमरी विद्यालय को आदर्श बनाने का आश्वासन दिया।
सीडीपीओ आरएन सिंह ने योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। परिवहन मंत्री पैतृक गांव में एक तिलकोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। गांव में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री की ओर से ओडी गांव को गोद लेने का फैसला लिया गया, जिस पर लोगों ने खुशी जताई।