वाराणसी की विजिलेंस टीम ने मंगलवार को मिर्जापुर में बिजली विभाग के स्टेनों को 45 हजार की घूस लेते समय रंगे हाथ पकड़ा। विजिलेंस की टीम ने भदोही जनपद के ठेकेदार की शिकायत पर मंगलवार को कार्रवाई की।
फतहां स्थित विद्युत विभाग के विद्युत मंडल वितरण खंड में तैनात स्टेनो विजय श्रीवास्तव को भदोही जनपद के ठेकेदार नरपत यादव की शिकायत पर विजलेंस एसपी वाराणसी द्वारा गठित टीम ने मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे के लगभग 45 हजार रुपया रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
भदोही जनपद के ठेकेदार नरपद यादव ने कुछ दिनों पूर्व विभाग में निकलने वाले ठेके के लिए टेंडर डाल था, जिसमें सबसे कम दर होने के नाते टेंडर नरपत को मिल गया था, लेकिन उसका भुगतान नहीं दिया जा रहा था।
भुगतान के लिए बाबू द्वारा नौ प्रतिशत कमीशन की मांग की गई थी। कई बार प्रयास करने के बावजूद भुगतान नही होने पर थक हार कर उसने इसकी शिकायत एसपी विजलेंस से बीते 29 जुलाई को किया।
शिकायत पर एसपी विजिलेंस ने डीएम मिर्जापुर व एसपी से बात करने के बाद आठ सदस्यीय टीम गठित कर मामले की खुलासा के लिए भेजा। टीम के सदस्य नरपत के साथ गए और पूर्व वार्ता के अनुसार 50 लाख रुपये के हसाब से नौ प्रतिशत कमीशन के रूप में 45 हजार रुपया टेंडर लिपिक विजय श्रीवास्तव के हाथ में देते हुए कहा कि अब तो मेरा काम हो जाएगा।
इस पर लिपिक ने कहा पहले पैसे तो गिन लूं और जैसे ही उसने पैसा गिनना शुरू किया। विजिलेंस टीम ने स्टेनो को दबोच लिया। टीम को बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से विभाग में कार्यरत है। वह मूल रूप से बलिया का रहने वाला है। उसने कहा कि आरोप बेबुनियाद है और मुझे फंसाया जा रहा है।