17 जुलाई को घोरावल कोतवाली क्षेत्र के गांव में हुए हत्याकांड को लेकर सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि खेत में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर खड़े हैं और तमाम लोग लाठी-डंडे से लैस होकर कुछ लोगों की पिटाई कर रहे हैं। इस वीडियो में कुछ लोगों के जमीन पर पड़े होने का दृश्य भी है। एसपी सलमान ताज पाटिल ने कहा है कि उन्होंने भी इस तरह का वीडियो देखा है। उसकी सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।
बता दें कि 17 जुलाई को सुबह 11 बजे घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तियां के ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त, उसका भाई और बड़ी संख्या में लोग 32 ट्रैक्टरों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचे थे। वहां उन लोगों ने जमीन की जोताई शुरू कर दी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग इकट्ठा होने लगे। गोंड़ बिरादरी के दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया तो ग्राम प्रधान के लोगों ने गोंड़ बिरादरी के लोगों पर फायरिंग कर दी। साथ ही उन पर जमकर लाठी-डंडे भी बरसाए थे। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी।
प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उभ्भा जाने का निर्णय लिया था, लेकिन मिर्जापुर जिला प्रशासन ने उन्हें मिर्जापुर में ही रोक दिया था। बाद में प्रियंका गांधी ने चुनार किले में उभ्भा के पीड़ितों से मिलकर दुख-दर्द जाना था।