वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सभी विभागों में छात्राओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगवाई जाएगी। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने परिसर के पांच संकायों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का लोकार्पण किया।
जन विकास समिति और समाज कार्य विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में समाज कार्य संकाय, विधि संकाय, मानविकी संकाय, समाज विज्ञान संकाय एवं ललित कला विभाग में मशीनों को लगाया गया। कुलपति ने कहा कि महिलाओं की सेहत पर विशेष ध्यान देने के उद्देश्य से ही इसकी पहल की है। उन्होंने समिति के इस प्रयास की सराहना की। डॉ. अल्पना सिंह ने कहा कि मासिक धर्म को लेकर भारतीय समाज में आज भी लोग इस पर बात करने में हिचकते हैं। इसको लेकर जागरूकता बहुत जरूरी है। फॉदर चंद्रन रेमड्स ने बताया कि दस हजार से अधिक महिलाएं सेनेटरी पैड बना रही है। जगह-जगह सेनेटरी पैड मशीन लगवाया जा रहा है। अतिथियों का स्वागत प्रो. संजय, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. भावना वर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्रो. मल्लिका चतुर्वेदी, प्रो. ब्रजेश सिंह, प्रो. रंजन कुमार, विधि विभाग, प्रो. एमएम वर्मा, डॉ. बंशीधर पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।