खाद्य तेल में मिलावट की सूचना पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस के साथ भदोही जिले के गोपीगंज नगर में भाजपा कार्यकर्ता के गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान 220 लीटर के 18 ड्रम खाद्य तेल (पाम ऑयल) बरामद किया गया। टीम ने तेल सीज कर जांच के लिए सैंपल प्रयोगशाला भेज दिया है। बरामद तेल की कीमत 5.20 लाख रुपये है।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार की देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने खरहट्टी मोहाल गोपीगंज स्थित व्यापारी के गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में 18 ड्रम खाद्य तेल सीज किया। इस कार्रवाई से नकली और मिलावट करने वाले व्यापारियों की नींद उड़ गई। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव का कहना है कि जिस व्यापारी के यहां कार्रवाई हुई है वे पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
जिला अभिहित अधिकारी चंदन पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर छापा मारा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर जमाखोरी और मिलावट की आशंका पर छापा मारने की कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी कीमत पर नकली, मिलावटी सामान की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। टीम में एएसपी आरके वर्मा, सीओ सदर भूषण वर्मा, कोतवाल केके सिंह आदि भी शामिल रहे।