Varanasi News: वाराणसी जिले में घर में लेटे सब्जी विक्रेता के गले पर वार कर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
वाराणसी जिले के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज में शुक्रवार को सब्जी विक्रेता जितेंद्र जायसवाल (55) के गले पर वारकर हत्या कर दी गई। बिस्तर पर लेटे हुए जितेंद्र के गले पर गहरा जख्म था और खून बह रहा था। सूचना पाकर पहुंची लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जितेंद्र के परिजनों ने आशंका जताई है कि पुश्तैनी मकान के विवाद में उसकी हत्या की गई है।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
हुकुलंगज स्थित एक मकान के एक-एक कमरे में जितेंद्र जायसवाल और उसके तीन भाइयों का परिवार रहता है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार पुश्तैनी मकान को लेकर किसी न किसी बात पर चारों भाइयों के परिवार के बीच विवाद आए दिन होता रहता है। चार महीने पहले सड़क हादसे में जितेंद्र का पैर टूट गया था। वह टीबी का भी मरीज था। पैर टूटने के कारण वह घर पर ही रहता था।
जितेंद्र ने पुश्तैनी मकान के बगल में किराये पर भी कमरा ले रखा है। उसका एक बेटा अंकित जायसवाल और दो बेटियां सोनम व अंकिता हैं। बड़ी बेटी सोनम की शादी हो चुकी है और उसकी विदाई होनी थी। उसी की तैयारी में सोनम और उसकी मां दुर्गा किराये वाले कमरे पर थी।
शाम के समय जितेंद्र के कमरे में उसकी छोटी बेटी अमृता गई तो टेलीविजन ऑन था। बिस्तर पर पिता का लहूलुहान शव देखकर वह जोर से चीखी तो आसपास मौजूद लोग भाग कर आए। घटना की सूचना पाकर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली।