Varanasi News : युवक की पहचान वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी के रूप में हुई है। उसकी शिनाख्त उसके पिता ने की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पिता की तहरीर पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मिर्जापुर के परमहंस आश्रम परिसर में चहारदीवारी से सटे अरहर के खेत में फेंके गए शव की शिनाख्त शुक्रवार को वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी विकास मौर्य के रूप में हुई। पुलिस जमीन विवाद में हत्या की आशंका जता रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
विज्ञापन
परमहंस आश्रम परिसर में गत गुरुवार को युवक का शव मिला था। उसके दाहिने हाथ की बांह पर हनुमान जी का चित्र बना था। कलाई पर विकास नाम लिखा था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जांच में सामने आया कि युवक वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
इसी आधार पर सुल्तानपुर गांव निवासी बाबूलाल मौर्य को बुलाया गया और शव की शिनाख्त कराई गई। बाबूलाल ने बताया कि बड़ा विकास मौर्य (26 साल ) पांच जनवरी को बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन उसका पता नहीं चला।
विज्ञापन
वह राजगढ़ के कोन भरूहवा गांव गया था, जहां जमीन खरीद कर पाही बनाई गई है। इस बीच उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। सगे-संबंधी व रिश्तेदारों के पास खोजबीन की, परंतु कहीं पता नहीं चला। नौ जनवरी को राजगढ़ थाने पहुंचा, मगर पुलिस गुमशुदगी दर्ज करने में हीलाहवाली करती रही। अब बेटे की हत्या किए जाने की जानकारी मिली है।
सुनें इनकी
शव की शिनाख्त हो गई है। मामले की जांच दो टीमें कर रही हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। - मंजरी राव, सीओ चुनार।