वाराणसी की एक युवती ने मेरठ निवासी अपने पति पर कुकर्म और उसके बड़े भाई पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कैंट थाने में तहरीर दी। कैंट पुलिस ने प्रकरण की जांच आशा ज्योति केंद्र को सौंप कर रिपोर्ट मांगी है। युवती को आश्वस्त किया गया है कि केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पांडेयपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती ने बताया कि बीते मार्च महीने में उसने मेरठ निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ दिन बाद से ही उसे ससुराल में मायके से दस लाख रुपये और स्कार्पियो लाने के लिए प्रताडि़त किया जाने लगा। इस बीच पति ने उसके साथ लगातार कुकर्म करने का प्रयास किया।
विरोध करने और सुसराल के लोगों को बताने पर पति के बड़े भाई ने दुष्कर्म का प्रयास किया। सास और ससुर की शह पर बीते 15 जुलाई को उसे मारपीट कर ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि युवती का प्रकरण आशा ज्योति केंद्र को जांच के लिए सौंपा गया है। रिपोर्ट आने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।