पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन
देश के दूसरे राष्ट्रपति एवं बीएचयू के पूर्व कुलपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को लेकर शिक्षक दिवस के दिन फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी की गई। इसके विरोध में बीएचयू के अर्थशास्त्र विभाग के शोध छात्र अखिलेश सिंह ने लंका थाने में तहरीर देकर टिप्पणी करने वाले आईआईटी बीएचयू के पूर्व शोध छात्र डॉ. आदित्य कुमार सिंह पर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
लंका थाने में दी गई तहरीर में अखिलेश ने कहा है कि डॉ. आदित्य के फेसबुक अकाउंट से आए संदेश में सार्वजनिक रूप से डॉ. राधाकृष्णन के अनुचित शब्दों का प्रयोग किया गया है। तहरीर में अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया है कि आदित्य कुमार सिंह ने उनके शोध मार्गदर्शक और बीएचयू अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं मणिपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
उधर मुकदमा दर्ज करने के बाद लंका पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है। आदित्य के फेसबुक पोस्ट पर उनकी एक तस्वीर गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ भी फेसबुक पर पड़ी है। इस बारे में पूछे जाने पर आदित्य ने कहा कि मुकदमे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैंने जो कुछ भी लिखा वो बात मैं पहले से सुनता पढ़ता आया हूं। जरूरत पड़ी तो साक्ष्य भी प्रस्तुत करूंगा।