यूपी कॉलेज में बेल्जियम एस्ट्रोटर्फ
यूपी कॉलेज में हॉकी के लिए अत्याधुनिक बेल्जियम एस्ट्रोटर्फ लगाया जा रहा है। इससे ग्लोबल स्टैंडर्ड का हॉकी मैदान तैयार होगा। यह कॉलेज हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है।
नेशनल एजिंग सेंटर, ट्रॉमा सेंटर
बीएचयू परिसर में देश का तीसरा नेशनल सेंटर फॉर एजिंग बन रहा है। यह बुजुर्गों के लिए 200 बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी केंद्र होगा। इसमें आउट पेशेंट क्लीनिक, विशेष वार्ड, पुनर्वास इकाई, मेमोरी क्लीनिक और गिरना रोकथाम कार्यक्रम शामिल होंगे। इसी परिसर में बीएचयू ट्राॅमा सेंटर के पास 150 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट और 40 बेड का बर्न वार्ड भी बन रहा है।
इसे भी पढ़ें; Calendar 2026: आठ साल बाद दो महीने का ज्येष्ठ, होली 10 दिन पहले और 17 दिन बाद मनेगी दिवाली; पढें- पूरी जानकारी
जिले का पहला राजकीय पुस्तकालय
अर्दली बाजार स्थित एलटी कॉलेज परिसर में बन रहा जिला राजकीय पुस्तकालय भारत का पहला ‘नेट-जीरो’ पुस्तकालय होगा। वीडीए इसे करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बना रहा है। इसमें सोलर पैनल, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, डिजिटल लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम सहित आधुनिक सुविधाएं होंगी। 500 सीटों की क्षमता के साथ बच्चों का क्षेत्र, सांस्कृतिक गैलरी और ऑडिटोरियम भी होगा।
पुलिस विभाग नया साइबर थाना बनवाएगा। इसके अलावा पुलिस लाइन में प्रशिक्षुओं के लिए पांच मंजिला मल्टी बिल्डिंग और 3000 स्क्वायर फीट में अत्याधुनिक जिम बनाई जाएगी। साथ ही पुलिस म्यूजियम भी 2026 में बनकर तैयार होगी।
शक्ति सदन
काशी में कामकाजी और उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही महिलाओं व युवतियों को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी। इसके लिए रामनगर में वृद्धाश्रम के पास जगह चिन्हित की गई है। मार्च में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इसका उद्घाटन किया जाएगा। इसमें 50 महिलाओं और युवतियों के रहने की व्यवस्था होगी। फिलहाल इसके लिए 3,000 रुपये प्रति माह किराया लिया जाएगा।
करीब 500 साल बाद लहरतारा स्थित कबीर प्राकट्य स्थली का 8 करोड़ रुपये की लागत से भव्य जीर्णोद्धार किया गया है। इसमें मकराना के गुलाबी पत्थरों से कायाकल्प, 500 लोगों की क्षमता वाला सभागार, पुस्तकालय, अध्ययन केंद्र और म्यूजियम जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका उद्घाटन कराया जाएगा। लहरतारा तालाब को कमलवन से सजाया गया है, रंगीन म्यूजिक फव्वारे लगाए गए हैं और रात में लाइट एंड साउंड शो भी होगा।
आधुनिक वृद्धाश्रम
रामनगर में नॉर्दर्न कोल फील्ड लिमिटेड द्वारा 100 बेड वाला एक आधुनिक और हाईटेक वृद्धाश्रम बनाया जा रहा है। यह समाज कल्याण विभाग के सहयोग से पीपीपी मॉडल पर आधारित है। इसमें योग, चिकित्सा और घर जैसा माहौल मिलेगा। यह प्रोजेक्ट 23 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है।