वाराणसी। गोदौलिया स्थित श्रीराम लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी हिंदू अस्पताल में 25 फरवरी तक चलने वाले निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर के पहले दिन डॉक्टरों ने शहर के विभिन्न इलाकों से आए मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें जरूरी सुझाव भी दिया।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने शिविर का उद्घाटन करने के बाद दंत चिकित्सा, फिजियोथेरेपी विभाग, नेत्र रोग विभाग, आयुर्वेदिक विभागों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना काल में अस्पताल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ ने भी अहम भूमिका निभाई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कोरोना काल में सराहनीय कार्य करने वाले डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में डा. शुभा अग्रवाल, डॉ. आरपी पांडेय, डॉ. शनि गुप्ता, डॉ. संतोष के साथ ही एडिशनल सीएमओ डॉ. संजय राय, गौरी शंकर आदि लोग मौजूद रहे।