सीएमओ ने बताया कि 49 वर्षीय भेलूपुर के गौरीगंज निवासी जिस मरीज की मौत हुई है, कोरोना की पुष्टि होने के बाद उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया था। 18 जून को किडनी फेल होने से उनकी मौत हो गई। जबकि रोहनिया के मूल निवासी चंदौली में तैनात 52 वर्षीय दरोगा की मौत भी बीएचयू में इलाज के दौरान हुई है।
सीएमओ का कहना है कि दारोगा की तैनाती चंदौली में होने की वजह से चंदौली सीएमओ को मौत की जानकारी दी जा चुकी है। वहीं दस लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें शिवाला के स्लम एरिया में एक ही परिवार के तीन लोगों शामिल हैं।
संक्रमितों में 12 और 14 वर्षीय बच्चे और एक 33 वर्षीय महिला शामिल है। इसके अलावा एक 17 वर्षीय मरीज में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। बताया कि शुक्रवार को आए छह मरीजों में पिछले दिनों लंका में संक्रमित मिले डॉक्टर के संपर्क में आने से 19 वर्षीय युवक भी संक्रमित हुआ।
उधर हुकूलगंज निवासी 23 वर्षीय फोटोग्राफर के साथ ही दानगंज की 66 वर्षीय महिला भी कोरोना संक्रमित हुई है। इसके अलावा बाबतपुर एयरपोर्ट पर तैनात फूलपुर थाना के सगुनहा निवासी 35 वर्षीय युवक और पहले से ही शुगर और हर्निया से ग्रसित सारनाथ के टड़िया निवासी 68 वर्षीय मरीज में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
शिवपुर के जनकपुरी निवासी 56 वर्षीय मरीज भी संक्रमित हुआ है। सीएमओ ने बताया कि दीनदयाल अस्पताल में भर्ती दो लोगों की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 314 हो गई जिसमें 220 डिस्चार्ज, 11 की मौत के बाद अब 83 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। शुक्रवार को जिले में पांच नया हॉट स्पॉट भी बनाया गया।