शहर से देहात तक इन 4 जगहों पर सबसे ज्यादा दिक्कत
नई सड़क से गिरजाघर और लक्सा, जंगमबाड़ी समेत अन्य क्षेत्रों में सड़क पर इतनी भीड़ हुई और गाड़ियों पर रोक लगी तो शहर के जानकार गलियों की ओर रुख कर दिया। गलियों में आवाजाही बढ़ी तो ई-रिक्शा वाले भी घुस गए। संकरी गलियों में एक तो अतिक्रमण और दूसरी भीड़ के बीच लोग फंस गए।
पीडीआर मॉल के पीछे, सनातन धर्म इंटर कॉलेज से सूरजकुंड की ओर निकलने वाली गली दिन भर जाम रही। पैदल रिक्शा, ई-रिक्शा और दो पहिया वाहनों की आवाजाही से पैदल चलने वालों के कदम ठिठक गए। हर गली जाम से चोक रही। गंगा घाटों पर भी भीड़ का रिकॉर्ड टूटते देखा गया।
विश्वनाथ मंदिर के पास लगे जाम में फंसे लोग।
- फोटो : संवाद
कचहरी और अर्दली बाजार में जाम ने बढ़ाई परेशानी
वरुणा पार के कचहरी मार्ग, अर्दली बाजार, पांडेयपुर, पहड़िया अकथा मार्ग पर आम दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही। शाम को लोगों को परेशानियां हुईं। शिवपुर गिलट बाजार में जाम से लोग परेशान हुए। कचहरी-एलटी कॉलेज मार्ग पर मिठाई, चाट की दुकान के बाहर सड़क पर खड़े वाहनों की वजह से जाम बढ़ता चला गया।
सारनाथ में तीन किमी तक लगा जाम, पार्किंग वसूली
सारनाथ म्यूजियम तिराहे से लेकर रिंगरोड व सुहेलदेव तिराहे तक वाहनों की कतार लगी रही। तीन किलोमीटर तक वाहन रेंगते रहे। जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानियां हुईं। देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों के वाहनों को सड़क पर खड़ा कर पार्किंग वसूलने के चक्कर में भी जाम लगा। अलग-अलग हिस्सों में बाहरी गाड़ियों की पार्किंग के लिए अवैध वाहन स्टैंड तक बना लिए गए हैं। जमकर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। नए साल से पहले सारनाथ म्यूजियम तिराहे के पास जाम से लोग हांफते रहे।
अखरी-चुनार मार्ग पर अंडरपास पर लगा जाम
रोहनिया थाना क्षेत्र में मोहनसराय से राजातालाब जाने वाले सर्विस रोड पर मिल्कीचक व गंगापुर मोड़ने वाले स्थान पर आए दिन जाम लग रहा है। अखरी चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे अदलपुरा जाने वाले मार्ग पर शनिवार को पूरे दिन जाम लगा रहा। सागरपुर निवासी शक्ति सिंह ने बताया कि मोहनसराय में जाम में काफी देर फंसने की वजह से दिक्कत हुई।