चंदौली के चंद्रप्रभा अभयारण्य के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद अब और आसान होने वाला है। अब पैदल घूमने के साथ साइकिल और बैटरी कार की सवारी की सुविधा मिलने वाली है। इसके सहारे पर्यटक जंगल, पहाड़ और जंगली जानवरों के बीज भ्रमण कर सकेंगे।
वन विभाग जंगल सफारी के लिए साइकिल और गोल्फ कार्ट (चार पहिया बैटरी चालित कार) की व्यवस्था करने की तैयारी में है। इसके लिए मुख्यालय को संशोधित प्रबंध प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्य जीव प्रभाग दिनेश सिंह ने बताया कि इको पर्यटन के तहत जंगल सफारी के लिए चंद्रप्रभा अभयारण्य में साइकिल ट्रैक का निर्माण कर किराए पर साइकिल की सुविधा मुहैया कराने और प्रदूषण रहित पर्यावरण और पर्यटकों की सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट की सेवा शुरू करने की तैयारी है।
इसके लिए मुख्यालय को संशोधित प्रबंध प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही सुविधाओं को शुरू किया जाएगा।
वन्य जीव सहित प्राकृतिक झरने हैं आकर्षण का केंद्र
9600 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले चंद्रप्रभा की वादियों में पिकनिक स्थल, राजदरी देवदरी के प्राकृतिक झरनें, 650 से अधिक पशु पक्षियों की प्रजातियां, जल प्रपात आकर्षण के केंद्र हैं।
वर्ष 2016 में वन विभाग की ओर जंगल में मौजूद पशु पक्षियों की गणना कराई गई थी, जिसके रिपोर्ट के मुताबिक यहां तेंदुआ 3, चिंकारा 123, घड़रोज 174, सांभर 101, भालू 104, सुअर 266, बंदर 445, लंगूर 335, मगरमच्छ तीन, भेड़िया तीन, लकड़बग्घा 55, लोमड़ी 102, सियार 175, मोर 150 और शाही 68 के करीब जानवर हैं।