महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म के आरोपी और इस कृत्य में सहयोगी आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता सारनाथ क्षेत्र अंतर्गत एक ब्लॉक में समूह सखी के रूप में कार्य करती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बीएलडब्ल्यू निवासी करन विश्वकर्मा तथा खरगीपुर चौबेपुर निवासी सरस्वती देवी से हुई। दोनों ने महिला का विश्वास जीत लिया।10 जनवरी को सरस्वती देवी कपड़े दिलाने के बहाने महिला को तिलमापुर स्थित साईं मार्बल बिल्डिंग के पास ले गई, जहां पहले से करन विश्वकर्मा मौजूद था। आरोप है कि करन ने अपने कमरे में महिला को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजनों ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। रविवार को आशापुर चौकी प्रभारी मीनू सिंह ने पुलिस टीम के साथ पंचकोशी सब्जी मंडी के पास से करन विश्वकर्मा और सरस्वती देवी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में आरोप सही पाए जाने पर दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
दो दिन में नौ लोगों पर अतिक्रमण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
अतिक्रमण के खिलाफ दशाश्वमेध थाना पुलिस ने अभियान के दौरान दो दिनों में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। राजेंद्र घाट आवागमन मार्ग पर दुकान लगाकर रास्ता बाधित करने के आरोप में दुकानदार अंजनी पांडेय, राजेंद्र घाट पर पानी का काउंटर लगाकर बेच रहे रोशनलाल निवासी लक्ष्मणपुरा गोदौलिया, दशाश्मेध मार्ग पर लकड़ी का खिलौना सड़क पर बेचने और आवागमन बाधित करने के आरोप में राजेश कुमार गुप्ता निवासी नवाबगंज दुर्गाकुंड के खिलाफ दशाश्वमेध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। वहीं, शुक्रवार को छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को कई बार समझाया गया था।
अवैध खनन ट्रैक्टर-ट्राली सीज
चौबेपुर क्षेत्र के अवैध बालू खनन की शिकायत पर खनन विभाग ने दो नामजद समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ चौबेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को मामला तब संज्ञान में आया जब अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्राली पियरी गांव के पास नहर के किनारे पलट गई थी और अमौली भगतुआ गांव निवासी रोहित कुमार की मौत हो गई थी। कार्रवाई को लेकर परिजनों ने बीते शुक्रवार को भगतुआ चौराहे पर शव रखकर चौबेपुर–बलुआघाट मार्ग को एक घंटे तक जाम लगा दिया था। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर सीज कर खनन विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है और ट्रैक्टर मालिक की तलाश की जा रही है।
घर से नाराज होकर निकले नौ साल के बच्चे को फूलपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में पिंडरा बाजार से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के पिता आकाश अमन स्वामी निवासी मानी गेट फूलपुर ने बताया कि उनका पुत्र आर्यन कुमार (9) डांट से नाराज़ होकर घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को तहरीर दी गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे को मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी अनुराधा मौर्या ने बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
किशोरी को फुसलाकर ले जाने का आरोप
दानगंज चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुआ के घर आई जौनपुर निवासी 15 साल की किशोरी घर से लापता हो गई। खोजबीन के बाद पिता ने चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि किशोरी के बुआ के गांव का ही युवक राधेश्याम पाल उसे अपनी बातों में उलझाकर साथ ले गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।
ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत
चौबेपुर क्षेत्र के कादीपुर रेलवे स्टेशन और सारनाथ रेलवे स्टेशन के बीच पर्वतपुर गांव के समीप रविवार रात करीब 8 बजे भटनी से वाराणसी जा रही गाड़ी संख्या 55135 पैसेंजर ट्रेन से कटकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव को हटवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। विधिक कार्रवाई के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजवाया गया।
फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी गांव निवासी माधुरी देवी (38) की शनिवार देर रात सांप के डंसने से मौत हो गई। वह खेत में घास काटने गई थीं, इस दौरान विषैले सांप ने उन्हें पैर में तीन बार डंस लिया। जानकारी के अनुसार माधुरी देवी शनिवार सुबह करीब 11 बजे गाय के लिए पास के खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने डंस लिया। घटना के वक्त महिला के पति संतोष कुमार मजदूरी के लिए बाहर गए थे। किसी तरह गांव के लोगों ने महिला को वहां से लेकर बजाए अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक के लिए कछवा यहां से चोलापुर और फिर जौनपुर के अटाला मस्जिद के पास स्थित एक कथित चिकित्सक के पास ले गए। इस वजह से महिला की हालत बिगड़ती चली गई। देर रात उपचार के दौरान माधुरी देवी ने दम तोड़ दिया। जौनपुर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टोल टैक्स बचाने के चक्कर में ट्रक पलटा, बिजली का खंभा भी टूटा
टोल टैक्स बचाने के प्रयास में रविवार सुबह भस्सी लदा ट्रक भंदहां कलां गांव के पास अनियंत्रित होकर बिजली का खंभा तोड़ते हुए नहर किनारे पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कराने के बाद सड़क किनारे लगवाया। हादसे में चालक आंशिक रूप से घायल हुआ और मौका देखकर ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे में बिजली का खंभा टूटने से भंदहां कलां गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। वहीं, ट्रक के पलटने से खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि ट्रक की कमानी टूटने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
पहाड़ी में सड़क निर्माण का काम पुलिस ने रुकवाया
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण को लेकर शनिवार शाम से महिलाओं ने धरना प्रदर्शन किया। देर रात पुलिस के समझाने और सोमवार तक काम रूकवाने के आश्वासन पर महिलाएं शांत हुईं। महिलाओं का कहना है कि यह सड़क काफी पुरानी है और गांव के लोग वर्षों से इसी रास्ते से आवागमन करते आ रहे हैं, जिसे कुछ लोगों द्वारा रोका जा रहा है। शनिवार की देर रात तक महिलाओं को समझाने का पुलिस प्रयास जारी रहा। थाना प्रभारी मंडुवाडीह अजय राज वर्मा ने बताया कि रास्ते को लेकर विवाद है। एक पक्ष कोर्ट का स्टे होने का दावा कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष स्टे को फर्जी बता रहा है। फिलहाल पुलिस ने सोमवार तक निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
कमच्छा स्थित थियोसोफिकल सोसायटी की शाखा को तोड़कर वहां होटल निर्माण किए जाने पर काशी के नागरिक समाज ने नाराजगी जताई है। रविवार को बीएचयू के कला संकाय प्रांगण में आयोजित एक बैठक में वक्ताओं ने इस कृत्य को देश के गौरव और काशी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करार दिया।बैठक में डॉ. सूबेदार सिंह ने कहा कि कमच्छा में थियोसोफिकल सोसायटी की पहली भारतीय शाखा 1895 में स्थापित हुई थी। इसी केंद्र के माध्यम से महान स्वतंत्रता सेनानी एनी बेसेंट ने सेंट्रल हिंदू कॉलेज की नींव रखी, जो आगे चलकर महामना की तपस्या से काशी हिंदू विश्वविद्यालय बना।
कुछ बिल्डरों द्वारा अवैध तरीके से इस ऐतिहासिक धरोहर को नष्ट कर होटल बनाना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि यह उस महान शैक्षणिक परंपरा का अपमान है, जिसने देश को अनगिनत विद्वान और राष्ट्रभक्त दिए हैं।पूर्व राज्य मंत्री डॉ. बहादुर यादव ने कहा कि बनारस के प्रेरणा स्थलों को भू-माफिया और धन्ना सेठों के हितों के लिए बलि चढ़ाया जा रहा है। एनी बेसेंट द्वारा स्थापित इस धरोहर को तोड़ना एक अपराध है।
सरकार और प्रशासन को इस पर तुरंत संज्ञान लेकर दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। यदि निर्माण कार्य तुरंत नहीं रोका गया, तो काशी की जनता अपनी विरासत बचाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शम्मी कुमार ने किया। इस विरोध बैठक में राजेश यादव, शिवांश सिंह, सत्यवीर और आशीष सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
बाइक से टक्कर में महिला घायल, कारण पूछने पर आरोपियों ने बेटे को पीटा
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम बाइक की टक्कर से एक महिला घायल हो गई। जब उसके बेटे ने लापरवाही से बाइक चलाने का कारण पूछा तो आरोप है कि आरोपी ने छह से अधिक लोगों को बुलाकर मारपीट की। अहिरौली चोलापुर निवासी वाचस्पति मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सात फरवरी 2026 को शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी मां के साथ पांडेयपुर के पास से घर लौट रहे थे। तभी एक बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मां के सिर में चोट आ गई। आरोप है कि टक्कर के बाद कारण पूछने पर बाइक सवारों ने छह से अधिक युवकों को मौके पर बुला लिया और मारपीट करने लगे। बचाव में आए रजनीश मिश्रा को भी पीट दिया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर त्रिदेव कुमार, त्रिभुव कुमार, चंदन, चुलबुल, दीपक समेत एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दबिश दी जा रही है।
मंडलीय अपर निदेशक (चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. एनडी शर्मा ने रविवार को विभिन्न शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया।अपर निदेशक के निरीक्षण में शहरी पीएचसी अर्दली बाजार में तैनात चिकित्सक डॉ. संगीता मौर्या ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। इस पर डॉ. शर्मा ने एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए और नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उन्होंने केंद्र पर प्रचार-प्रसार बढ़ाने की भी हिदायत दी, ताकि अधिक से अधिक नागरिक रविवार के दिन मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकें।चौकाघाट पीएचसी के निरीक्षण में डॉ. आनंद प्रकाश और आयुष चिकित्सक मरीजों का उपचार करते मिले। केंद्र पर ईसीजी सुविधा सहित 45 प्रकार की जांचें और 80 प्रकार की दवाएं उपलब्ध पाई गईं। हालांकि, डॉ. गुंजा गुप्ता के 02 फरवरी से उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर न करने पर अपर निदेशक ने सीएमओ को निर्देशित किया कि नियमानुसार अवकाश स्वीकृत होने के बाद ही उनका वेतन दिया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने अस्पताल में आए मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बातचीत की।