वाराणसी में कैंट थाना क्षेत्र के होटल सिटी टाउन में मंगलवार रात में देह व्यापार की सूचना पर छापे के बाद कैंट पुलिस ने बृहस्पतिवार को होटल सील कर दिया। एसीपी नितिन तनेजा की तहरीर पर होटल मालिक, संचालक समेत पांच लोगों पर मुकदमे के बाद जांच की जा रही है। होटल में इस तरह की गतिविधियां कब से हो रहीं थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच में सामने आया कि छापे के दौरान होटल की खिड़की भागीं दो विदेशी लड़कियों को सीसीटीवी फुटेज में वरुणा पुल की ओर जाते देखा गया। होटल संचालक पीयूष जायसवाल, अमन राय और उमेश यादव पर कई केस दर्ज हैं, इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि होटल के एंट्री रजिस्टर में पकड़ी गई युवतियों के नाम दर्ज नहीं थे, जिससे होटल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध लग रही है। कैंट पुलिस ने होटल का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को सूचना भेज दी है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि हिरासत में ली गई चारों युवतियों को परिजनों को बुलाकर लिखित माफीनामा और चेतावनी देकर सौंप दिया गया है।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 7 कबड्डी खिलाड़ी डिस्चार्ज, दो का चलेगा इलाज
बीएचयू के बरकछा परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आए कानपुर के 9 खिलाड़ियों के 28 अक्तूबर को मिर्जापुर में सड़क हादसे में घायल होने के बाद ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। इसमें से 7 खिलाड़ी डिस्चार्ज हो गए। दो की हालत गंभीर होने पर उनका इलाज जारी है। हादसा तब हुआ जब खिलाड़ी ऑटो से बरकछा कैंपस जा रहे थे। ऑटो एक ट्रक से टकरा गया। मिर्जापुर में प्राथमिक उपचार के बाद खिलाड़ियों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह ने बताया कि रात 12.30 बजे से 2.30 के बीच खिलाड़ियों को भर्ती किया गया। न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, ट्रॉमा सर्जरी, नेत्र रोग के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। सभी का निशुल्क इलाज किया गया।
बैंककर्मी ने फंदा लगाकर दी जान
शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर कॉलोनी, बड़ालालपुर में बृहस्पतिवार निजी बैंक में कार्यरत दिनेश सिंह (55) निवासी जौनपुर ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। कुछ महीने पहले ही उसने खुशहाल नगर कॉलोनी में किराये पर कमरा लिया था। बुधवार रात 10 बजे दिनेश सिंह खाना खाकर सोने की बात कहकर कमरे में चले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब बेटा हर्ष रघुवंशी कमरे में गया तो देखा कि पिता पंखे के सहारे फंदे से लटके हैं। शोर मचाकर उसने मां कुसुम सिंह को बुलाया। परिजनों ने मिलकर उन्हें फंदे से नीचे उतारा। शिवपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि बैंक कर्मी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Cyclone Montha Update: पूर्वांचल के 10 जिलों से बारिश की मेगा रिपोर्ट, अक्तूबर में सावन जैसी बारिश
पत्नी के बाद गंभीर रूप से घायल पति की भी हुई मौत
वीरभानपुर के पास हाईवे पर बुधवार को दुर्घटना में घायल गणेश गोंड की इलाज के दौरान बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में बृहस्पतिवार को मौत हो गई। गणेश की पत्नी आंचल की मृत्यु बुधवार को मौके पर ही हो गई थी। दंपति कछवा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ बाजार के रहने वाले थे। बुधवार को पीछे से आ रहे तेज वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। गणेश पत्नी के साथ बीमार मां का भोजन लेकर जगतपुर के निजी अस्पताल आए थे। लौटते समय घटना हुई थी। गणेश ने हेलमेट लगाया था जो कि टक्कर के बाद छिटक कर दूर गिर गया था। दंपति को दो छोटे बेटे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस को फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
नमो घाट पर मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
आदमपुर पुलिस ने नमो घाट पर गाड़ी लगाने को लेकर विवाद करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रशांत उर्फ विपिन कुमार (32) निवासी देवरिया और आशिफ सरफुद्दीन शाह (31) निवासी जैतपुरा के रूप में हुई। आरोप है कि दोनों ने ट्रैवलर को पार्किंग में लगाने और पैसे के विवाद को लेकर सुरक्षागार्ड से मारपीट की थी।
कूड़ा फेंकने के विवाद में महिला से मारपीट, केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के तरयां गांव में घर के पास कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद में महिला के साथ मारपीट हुई। पीड़िता ने केस दर्ज कराया है। तरयां निवासी कमला देवी ने पुलिस को तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को घर के पास झाड़ू लगा रही थीं। गांव के कन्हैया यादव ने कूड़ा फेंक दिया। विरोध करने पर कन्हैया और उसकी पत्नी मन्नी देवी ने मारपीट की। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
रिश्तेदारों ने घर में घुसकर की मारपीट, आठ पर केस
कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी मोहम्मद फैजल ने रिश्तेदारों पर घर में घुसकर बुजुर्ग पिता की गला दबाकर हत्या का प्रयास, मारपीट और सामान तोड़ने का आरोप लगाया है। कैंट पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मोहम्मद फैजल ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुली बाजार कानपुर निवासी नाजिया उस्मान, नूरी उस्मान, सलमान, रुमान उर्फ कल्लू, इसरार, अशफाक समेत आठ लोग जबरन घर में घुस आए। पिता यूनुस का गला दबाकर मारने का प्रयास किया और विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट व घर में तोड़फोड़ की। घटना के बाद आरोपी पक्ष ने उल्टा कैंट थाने जाकर उन्हीं के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
आभूषण की दुकान में चोरी का प्रयास, कैमरे में कैद हुई हरकत
सरायमोहना चौकी के कोटवा चौराहे पर बुधवार देर रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। ज्वेलर्स रवि सेठ ने पुलिस को बताया कि दुकान के सामने रहने वाले संतोष जायसवाल ने फोन कर सूचना दी कि आपकी दुकान का शटर 4 से 5 लोग तोड़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और रात करीब ढाई बजे वह दुकान पर पहुंच गए। इसी दौरान चोर भाग गए। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि वारदात दुकान के पास लगे सीसी टीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पांच लोग शटर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गया जेल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के छित्तमपुर चौराहे पर महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणी, कमेंट करने वाले आरोपी शिवबदन यादव (30) निवासी राजवारी को चौबेपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मिशन शक्ति के तहत क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि शिवबदन से पूछताछ की जा रही है।
स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा हटाने का समाजवादी व्यापार सभा ने किया विरोध
समाजवादी व्यापार सभा ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर सीतापुर में स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा हटाने के मामले में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में दोबारा प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। चेताया कि एक हफ्ते में प्रतिमा स्थापित नहीं हुई तो आंदोलन होगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और सीतापुर प्रशासन की होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रतिमा हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश सरकार के इशारे पर सीतापुर में जिला प्रशासन ने बीसवां चौराहे पर लगे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व सांसद, व्यापारी, वैश्य और बनिया समाज के गौरव पूर्व विधायक स्व. जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल उर्फ जगन बाबू प्रतिमा हटाई। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने मामले को सोशल मीडिया पर उठाया है। व्यापार सभा ने डीएम के प्रतिनिधि के तौर पर आए डिप्टी कलेक्टर माल पिनाक पाणी द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। काशीनाथ गुप्ता, डॉ. अजय चौरसिया, सुजीत गुप्ता, सोहन लाल चौरसिया, कमल पटेल रहे।
गूगल पर कस्टमर केयर के नाम से न करें खोज, अन्यथा हो जाएंगे साइबर ठगी के शिकार
एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी ने बुधवार को लहरतारा के स्कूल में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूक किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि गूगल सर्च पर कस्टमर केयर के नाम से उपलब्ध नंबरों पर बिना जांच-परखे विश्वास न करें। अपने मम्मी, पापा, दीदी और भैया को भी जागरूक करें। सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से मित्रता न करें न ही किसी से व्यक्तिगत जानकारी शेयर करें। उधर, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलाॅजी चांदमारी में राष्ट्रीय साइबर जागरूकता माह के तहत कार्यशाला में एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने छात्र व छात्राओं को साइबर ज्ञान पुस्तिका वितरित कर वर्तमान समय में प्रचलित साइबर अपराधों के प्रति जागरुक किया।
जानलेवा हमले के आरोप में पिता और पुत्र गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को मोंगलावीर गांव में जानलेवा हमले के मामले में फरार पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मंगलवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। गांव के संजीव कुमार अपने घर के पास बाउंड्री बनवा रहे थे, तभी विपक्षी पन्ना लाल, गोविंद, मनीष, सत्यम और गौतम दीवार तोड़ने लगे। विरोध करने पर उन्होंने फावड़े और लाठी-डंडों से संजीव कुमार व उनके परिजनों पर हमला कर दिया। हमले में संजीव के पिता प्रभुनाथ, माता श्याम प्यारी और भाई शैलेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। संजीव कुमार की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो आरोपी गांव में हैं। पुलिस ने आरोपी पन्ना लाल और उसके पुत्र गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
10 साल से खेल मैदान पर था कब्जा, अतिक्रमण हटवाया
तहसील क्षेत्र के गौरा काशीपुर के खेल मैदान में 10 साल से कब्जा किया गया था। बुधवार को एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार ने राजस्व टीम के साथ मैदान से अतिक्रमण हटवाया। ग्रामीणों ने बताया कि खेल मैदान में कुछ लोगों ने कब्जा किया था और खेती कर रहे थे। 2017 में तत्कालीन जिलाधिकारी विजय किरण आनंद ने गांव का निरीक्षण किया था। साथ ही खेल मैदान से जल्द अतिक्रमण हटाने की बात कही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को एसडीएम राजातालाब ने ग्रामीणों की शिकायत पर मौके का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने लेखपाल और प्रधान को निर्देशित किया कि वह लोग निगरानी करें ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। एसडीएम ने लोगों से अतिक्रमण होने पर तुरंत सूचना देने की बात कही।