फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की प्रमुख खबरें: कुत्ते के काटने से मासूम की मौत, गौशाला में घुसकर मारपीट; दुष्कर्म के दोषी को सजा

Wed, 23 Sep 2026 03:22 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में आवारा कुत्ते ने सात साल की मासूम को काट लिया। एक महीने बाद बच्ची की मौत हो गई। उधर, शराब कारोबार में निवेश के नाम पर 2.14 करोड़ लेने का आरोप लगा है। पढ़ें- अन्य खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आवारा कुत्ते ने 7 साल की मासूम को काटा, एक महीने बाद मौत

विज्ञापन

लोहता क्षेत्र के बनकट फाटक इलाके में आवारा कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची ने इलाज के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया। सायबा, शोएब खान की बेटी थी। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। पूरे क्षेत्र में दहशत और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी है। 

परिजनों के मुताबिक, 22 अगस्त को सायबा अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्ता मासूम को घसीटते हुए नोंचने लगा, जिससे उसके चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह बच्ची को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार मिलने के बावजूद संक्रमण तेजी से फैल गया और एक महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। 
विज्ञापन


डॉक्टरों के अनुसार, मौत की मुख्य वजह रेबीज रहा। परिजनों का कहना है कि उसे रेबीज के तीन इंजेक्शन लग चुके थे, चौथा लगना बाकी था। इस दुखद घटना के बाद बनकट फाटक व आसपास के निवासियों में आक्रोश है। ग्रामीण लाठी डंडे लेकर कुत्ते को ढूंढ रहे हैं। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की गलियों और चौराहों पर आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में भेजकर जागरूक किया जाएगा। कुत्ते के काटने पर सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क एआरवी लगती है। 

शराब कारोबार में निवेश के नाम पर 2.14 करोड़ लेने का आरोप
शराब कारोबार में निवेश कर लाभ दिलाने के नाम पर 2.14 करोड़ रुपये लेने और 1.03 करोड़ वापस न करने के मामले में पुलिस ने छोटा लालपुर निवासी राजकुमार जायसवाल की तहरीर पर आफताब आलम, आफसा खातून, तेजू, गिरीश (गोदाम संचालक) और एक व्यक्ति पर प्राथमिकी दर्ज की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आफताब आलम और आफसा खातून शराब कारोबार से जुड़े हैं। आफताब ने कारोबार में रकम लगाने पर लाभ में हिस्सा देने की बात कही थी।

24 दिसंबर 2025 को दोनों पक्षों के बीच साझेदारी और लाभांश को लेकर करार हुआ। राजकुमार का दावा है कि उन्होंने आरटीजीएस से 2.14 करोड़ रुपये कारोबार में लगाए। आरोप है कि करार के बाद आरोपियों ने कुछ रकम वापस की, लेकिन बाद में भुगतान रोक दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार करीब 1.03 करोड़ रुपये अभी बकाया हैं। रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म के दोषी को 7 साल की सजा
मिर्जामुराद में महिला को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने व दुष्कर्म के मामले में अदालत ने अभिषेक तिवारी को सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-2 सुनील कुमार तृतीय की अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। दो साल का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार, पीड़िता की शादी जौनपुर में हुई थी और वह पति के साथ मुंबई में रहती थी। आरोपी अभिषेक तिवारी पीड़िता के घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने पीड़िता की कुछ फोटो और वीडियो बना ली थी। 

आरोप था कि बाद में आरोपी ने पीड़िता के व्हॉट्सएप और फेसबुक अकाउंट पर अश्लील फोटो-वीडियो भेजना शुरू किया। वह और अश्लील फोटो भेजने का दबाव बनाता था। ऐसा नहीं करने पर पहले की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में 2020 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। 

पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा समेत आईटी एक्ट में आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभिषेक तिवारी को दोषी करार दिया। 22 सितंबर 2026 को सुनाए फैसले में अदालत ने कहा कि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। जेल में पहले बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किया जाएगा।  

गोशाला में घुसकर मारपीट, दो पर प्राथमिकी
मनकईया गांव निवासी पंकज कुमार सिंह ने जोगियापुर गांव निवासी दिनेश यादव और सुरेश यादव पर गोशाला में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। पंकज के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम साढ़े चार बजे दोनों आरोपी लाठी-डंडे लेकर गोशाला में पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने मारापीटा। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

गंगा में छलांग लगाने वाले युवक का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ढाब इलाके में रामचंदीपुर के सोता पुल से सोमवार देर शाम गंगा में छलांग लगाने वाले राजा बाबू उर्फ भिंडी का मंगलवार को दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने परिजनों के साथ बलुआ घाट तक गंगा किनारे सर्च अभियान चलाया। कई स्थानों पर जाल डालकर भी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि युवक के मिलने तक तलाश अभियान जारी रहेगा। 

हाथापाई की तो एडमिशन कैंसिल करो, नहीं तो अधिकारी को हटाओ
ट्रॉमा सेंटर में छात्र-सुरक्षाधिकारी हाथापाई प्रकरण को लेकर बीएचयू कैंपस में फिर से विरोध प्रदर्शन हुआ। बिड़ला सी हॉस्टल के बाहर मंगलवार रात सड़क बंद कर धरने पर उतरे छात्र ने चेतावनी दी कि अगर उसने हाथापाई की है तो उसका एडमिशन कैंसिल कर दो नहीं तो अधिकारी को हटाना होगा। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी कर जांच कमेटी का विरोध किया। पेड़ों की डालियों को सड़क पर डालकर वहीं धरने पर बैठ गए और विरोध जताते रहे। ट्रॉमा सेंटर में 13 सितंबर को एक छात्र के इलाज में लापरवाही और देरी के आरोप में बिड़ला से पहुंचे कई छात्रों और सुरक्षाधिकारियों के साथ जोरदार बहस, धक्कामुक्की और हाथापाई जैसी नौबत आ गई थी।

मंगलवार को विरोध के दौरान बिड़ला सी के छात्र आयुष मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मेल आया है। 13 सितंबर को ट्रॉमा सेंटर में हाथापाई प्रकरण में उसे रोपी बनाया गया है। कहा गया है कि उसने हाथापाई की थी। उसके तीन साथी और भी थे। उसने मांग रखी कि एक जांच कमेटी और बिठाई जाए। आगे कहा, अगर मैंने हाथापाई की है और एक भी साक्ष्य निकल आए तो दाखिला वापस लेने को तैयार हूं। ऐसा नहीं मिला तो हाथापाई करने वाले प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अधिकारी का निकाला जाए।

50 हजार रुपये लूटने और जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार
राजातालाब पुलिस ने 50 हजार की लूट और जानलेवा हमले के आरोपी विशाल गुप्ता उर्फ गोलू उर्फ गरम गोदाम को मंगलवार को रानीबाजार जमुआ रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज खजुरी का निवासी है। पिछले एक साल से वह लूट के मामले में वांछित था। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी विशाल गुप्ता का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ कैंट, सारनाथ और शिवपुर थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसी धाराएं शामिल हैं। उसके खिलाफ 2016 से 2026 तक मामले दर्ज हैं।

28 अप्रैल 2025 को महावन के पास बाइक से घर लौट रहे रमेश कुमार सिंह को रोका गया। विशाल गुप्ता, राहुल सिंह और विकास सिंह समेत अन्य लोगों ने जानलेवा हमला किया। रमेश कुमार सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उनके दो मोबाइल और 50000 रुपये लूट लिए थे। विवेचना के दौरान विशाल गुप्ता उर्फ गोलू उर्फ गरमगोदाम का नाम सामने आया।  

गाली देने से मना करने पर दंपती को लाठी से पीटा
चक्रपानपुर गांव में गाली देने का विरोध करने पर महिला और पति को लाठी से पिटाई कर घायल कर दिया गया। तहरीर के मुताबिक, सुनीता देवी की गांव में दुकान है। आरोप है कि 21 सितंबर की शाम छह बजे धर्मेंद्र, जितेंद्र व जोगिंदर, परमीला देवी, सुशीला देवी और अर्चना देवी दुकान पर पहुंचे और गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने सुनीता देवी और उनके पति मुन्नू राजभर की लाठी से पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों घायल हो गए। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

पट्टीदारों पर महिला की पिटाई का आरोप
कपसेठी थाना क्षेत्र के कालिका बारा गांव निवासी पूजा देवी ने पट्टीदारों पर पिटाई करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांव निवासी पूजा देवी के अनुसार, संजय, मंजेश, मनीष, पंकज और चीकू सोनकर समेत परिवार के अन्य लोगों ने विवाद के दौरान गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने पीटा। शिवा राम ने लोगों को ललकारा। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

रोड पर अतिक्रमण किया तो होगी कार्रवाई
चौक चौराहे से किला रोड तक सड़क और पाथवे पर ठेला लगाकर फल, सब्जी, फास्ट फूड बेचने वाले स्ट्रीट वेंडरों के साथ मंगलवार को रामनगर थाने में बैठक हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने वेंडरों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ठेला या दुकान इस तरह लगाएं, जिससे राहगीरों और वाहनों के आवागमन में बाधा न हो। आगामी 25 सितंबर से रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला शुरू होने वाली है। श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ बढ़ने के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु रखना जरूरी है।  
  
छात्र के सिर पर शिक्षक ने मारा, रास्ते में बेहोश होकर गिरा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के पीलीकोठी के नेशनल इंटर कॉलेज में शिक्षक के छात्र के सिर पर हाथ से मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चोट लगने के बाद छात्र को चक्कर आने लगा। छुट्टी के बाद घर लौटते समय वह रास्ते में गिरकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे उठाकर घर पहुंचाया। छात्र के पिता ने जैतपुरा थाने में तहरीर दी है। कच्ची बाग निवासी एखलाक अहमद का बेटा साकिब नेशनल इंटर कॉलेज में पढ़ता है।

एखलाक के मुताबिक, कुछ समय से तबीयत खराब होने के कारण साकिब कॉलेज नहीं जा रहा था। मंगलवार को वह कॉलेज पहुंचा तो इसी बात को लेकर शिक्षक ने उसके सिर पर हाथ से जोर से मार दिया। इसके बाद साकिब को चक्कर महसूस होने लगा, लेकिन उसने किसी को बताए बिना कक्षा में बैठकर पढ़ाई पूरी की। छुट्टी के बाद घर जाते समय रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिरकर बेहोश हो गया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। 

बनारस स्टेशन के बाहर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
बनारस रेलवे स्टेशन के प्रथम द्वार के पास मंगलवार को सड़क किनारे अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव प्लेटफॉर्म नंबर एक के सामने सड़क पर हनुमान मंदिर के बाईं तरफ पड़ा था। पुलिस ने पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त कराने के साथ ही कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम के सुपरवाइजर समेत कर्मचारियों पर हमला, प्राथमिकी
चितईपुर में नगर निगम के सुपरवाइजर समेत कर्मचारियों पर मंगलवार को हमला हुआ है। सरकारी कार्य के दौरान उनके साथ मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक गालियां दी गईं। चितईपुर पुलिस ने सुसुवाही निवासी विश्वास कुमार पांडेय और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सफाई सुपरवाइजर आनंद कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि सुबह आठ बजे वह दो सफाई कर्मचारियों आजाद और कमल चंद्र के साथ कौशलपुरी कॉलोनी में सफाई और जल निकासी का काम करा रहे थे।

इसी दौरान विश्वास कुमार पांडेय अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचे। काम में बाधा डाली और बहस करने लगे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी भी दी। पूर्व में भी इन लोगों ने पाइप लगाने को लेकर सरकारी काम में रुकावट डाली थी। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। इसमें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की धाराएं भी शामिल हैं। जांच की जा रही है।  
  
ज्ञानवापी: 15 अक्तूबर को होगी सुनवाई
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में मंगलवार को ज्ञानवापी के मां शृंगार गौरी मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। इसमें नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति देने और किरण सिंह की ओर से बंद तहखानों का एएसआई सर्वे कराने का अनुरोध किया गया है। अब 15 अक्तूबर को सुनवाई होगी। मां शृंगार गौरी की पूजा-पाठ की अनुमति के लिए राखी सिंह सहित पांच महिलाओं की ओर से दाखिल वाद में पक्षकार बनाए जाने के लिए जय प्रकाश रामचंद्र राजभर ने प्रार्थना पत्र दिया है। साथ ही जिला जज की अदालत से आवेदन पर सुनवाई करने का अनुरोध किया।

पिछली तारीख पर जय प्रकाश ने अपने आवेदन पर जोर नहीं देने की बात कहते हुए उसके निस्तारण की गुहार लगाई थी। अब उन्होंने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय की ओर से ज्ञानवापी से जुड़े मामले में 12 दिसंबर 2024 को पारित आदेश को देख कई तारीखों से सुनवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।

डेढ़ लाख के बंधपत्र पर पारस को मिली बाइक
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पूर्वोत्तर रेलवे) की अदालत ने आरपीएफ पोस्ट मऊ में दर्ज प्राथमिकी में वाहन स्वामी पारस की बाइक अवमुक्त करने का आदेश दिया है। न्यायालय ने 1.50 लाख के व्यक्तिगत बंधपत्र और समान धनराशि के एक प्रतिभू पर वाहन छोड़ने की अनुमति दी। आदेश के अनुसार, जांच और विचारण के दौरान वाहन के रंग-रूप में बदलाव या हस्तांतरण नहीं किया जाएगा। अदालत के निर्देश पर तलब किए जाने पर वाहन प्रस्तुत करना होगा। जांच अधिकारी वाहन की फोटोग्राफी कर इंजन और चेसिस नंबर का मिलान करेंगे। किसी अन्य मामले में वांछित न होने पर वाहन स्वामी को सौंप दिया जाएगा। 

पुलिस आयुक्त ने परखी सारनाथ सर्किल की पुलिसिंग, छह रिक्रूट आरक्षी पुरस्कृत
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को सारनाथ सर्किल का निरीक्षण किया। उन्होंने थानों की पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने छह उत्कृष्ट रिक्रूट आरक्षियों को 500-500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, प्रभावी जनसुनवाई और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। 

उन्होंने साइबर और तकनीकी पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए थाना परिसर की साफ-सफाई और मेस व्यवस्था सुधारने को कहा। आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं पर भी जोर दिया। कमिश्नरेट में संचालित ''थाना गोद लेने'' की पहल के तहत अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली और पुलिसकर्मियों के कल्याण की समीक्षा करना है। मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों से साइबर सुरक्षा, सीसीटीएनएस और फॉरेंसिक जांच जैसे तकनीकी विषयों की जानकारी ली।

पुलिस आयुक्त ने शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच के निर्देश दिए। कमियां पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस देने को कहा गया। मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन फील्ड में गश्त, चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सुगम यातायात के लिए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। अतिक्रमण हटाने और जाम की स्थिति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। पुलिस आयुक्त ने नए रिक्रूट आरक्षियों से पुलिसिंग और तकनीकी विषयों पर प्रश्न पूछे। निरीक्षण में डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पांडेय और एडीसीपी लिपि नगायच आदि रहीं। 
 
बीएचयू के पैनल में अधिवक्ता विवेक शंकर तिवारी शामिल
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने अधिवक्ता विवेक शंकर तिवारी को जिला एवं सत्र न्यायालय, वाराणसी में विश्वविद्यालय के अधिवक्ता के रूप में पैनल में शामिल किया है। कुलपति की स्वीकृति के बाद कुलसचिव (प्रशासन) विधि प्रकोष्ठ की ओर से 18 सितंबर को पत्र जारी किया गया। विश्वविद्यालय के हितों की रक्षा के लिए विवेक शंकर तिवारी को तत्काल प्रभाव से अधिवक्ता के रूप में पैनल में शामिल करने की मंजूरी दी गई है। उनकी नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में पैनल में शामिल करने से संबंधित नियम और शर्तों की प्रति भी संलग्न की गई है। 
विज्ञापन

वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता का तबादला, संतोष ढोके संभालेंगे जिम्मेदारी
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता का तबादला भुवनेश्वर एयरपोर्ट कर दिया गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में उन्हें वाराणसी से भुवनेश्वर भेजा गया है। उनके स्थान पर पुणे एयरपोर्ट के एपीडी ग्रेड-II संतोष ढोके को वाराणसी एयरपोर्ट का नया निदेशक नियुक्त किया गया है।

एएआई के आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को निर्धारित अवधि में अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोष ढोके के कार्यभार संभालने के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट के संचालन और विकास से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी उनके पास होगी। पुनीत गुप्ता के कार्यकाल के दौरान वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई कार्य आगे बढ़े। 

एयरपोर्ट की बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए टर्मिनल विस्तार, यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रस्तावों पर भी काम चल रहा है। अब नए निदेशक संतोष ढोके के सामने एयरपोर्ट की विस्तार परियोजनाओं को गति देने के साथ यात्री सुविधाओं को बेहतर करने की चुनौती होगी। खासकर प्रस्तावित नए टर्मिनल और एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने से जुड़े कार्यों की प्रगति पर नजर रहेगी।

इसे भी पढ़ें; मां की आंखों के सामने बेटे की मौत: खेलते समय पोखरे में गिरा चार साल का मासूम, बाहर निकाला तो थम गई थीं सांसें

सारनाथ संग्रहालय के सामने 150 वर्ग फीट निर्माण पर पुरातत्व विभाग का नोटिस
संग्रहालय के सामने बन रहे पर्यटन सूचना केंद्र के निर्माण को लेकर पुरातत्व विभाग ने मंगलवार को नोटिस चस्पा किया। विभाग ने संरक्षित क्षेत्र में काम रोकने और निर्मित ढांचे को हटाने का निर्देश दिया है। 64 वर्ग फीट के पुराने पोर्टा केबिन को बढ़ाकर 150 वर्ग फीट में किया जा रहा था। पर्यटन विभाग ने आवास विकास को 12 लाख 50 हजार रुपये का टेंडर दिया था। मंगलवार को काम शुरू किया गया।

पुरातत्व विभाग ने संयुक्त निदेशक पर्यटन को भी नोटिस भेजा है। इसमें कार्य रोकने और अपने खर्च पर ढांचे को हटाने का आदेश है। कार्यदायी संस्था माखन सिंह यादव कंस्ट्रक्शन कंपनी के सर्वजीत यादव ने बताया कि उन्हें आवास विकास प्राधिकरण से निर्माण रोकने का कोई आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलने तक निर्माण कार्य जारी रहेगा। यह भी बताया गया है कि पुरातत्व विभाग की रोक के बावजूद कंक्रीट से एक फुट ऊंचा बेस बनाया गया था। यह पर्यटन सूचना केंद्र सारनाथ संग्रहालय के ठीक सामने बन रहा है, जो पुरातत्व विभाग का संरक्षित क्षेत्र है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें