फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की बड़ी खबरें: विवाद में युवकों पर चाकू से हमला, लगे चौदह टांके; अज्ञात अधेड़ की मौत, दो महिला अचेत

Sat, 27 Jun 2026 03:27 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: जिले में मोबाइल के विवाद में युवकों पर चाकू से हमला किया गया। इस दौरान दो युवक घायल हुए, जिसमें एक के हाथ में चौदह टांके लगाए गए।
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चाय विक्रेता का मोबाइल लेने को लेकर विवाद में एक युवक ने चाकू से हमलाकर दो युवकों को लहूलुहान कर दिया। एक युवक के हाथ में चौदह टांके लगाए गए। जैतपुरा थाना क्षेत्र के उस्मानपुरा निवासी आमिर जमाल ने बताया कि वह और उसका दोस्त अफरोज अंसारी (30) चाय के दुकान पर गए थे। 

विज्ञापन


चाय विक्रेता का मोबाइल फिरोज उर्फ अख्तर नाम के युवक ने चुपके से ले लिया। चाय विक्रेता ने मोबाइल गायब देखा तो खोजना शुरू किया। इस पर फिरोज के पास से मोबाइल मिल गया। इस पर उसे थप्पड़ से मारा था। इन लोगों ने भी उसे पीटा था। शुक्रवार सुबह दोनों युवक चाय पीने जा रहे थे। 

आमिर ने बताया कि जैसे ही वह गली के रास्ते आगे बढ़े तभी फिरोज घर से चाकू लेकर निकला और हमला कर दिया। चाकू उसके बाएं हाथ और दाएं हाथ की तीन उंगली में लगी। जबकि उसके दोस्त अफरोज अंसारी के गर्दन पर लगी। लहूलुहान दोनों युवक का पुलिस ने मामला दर्ज कर मंडलीय अस्पताल में इलाज करवाया। आमिर के बाएं हाथ में चौदह टांके लगाए गए। थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौत, दो महिला अचेत
मैदागिन पार्क में अचेत मिले एक व्यक्ति की शुक्रवार को मौत हो गई। लहरतारा के पास अचेत मिली वृद्धा को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि मिशिरपुर में सड़क पर विषाक्त खाने से अचेत मिली महिला को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। हरिश्चंद्र पार्क के पास शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति अचेत मिला। पुलिस उसे लेकर कबीरचौरा अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, लहरतारा के पास अज्ञात महिला बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस ने उसे इसी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा संदिग्ध कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ खाने से संगीता देवी (35) वर्ष मिशिरपुर के पास अचेत मिली। उसे लोगों ने स्थानीय सीएचसी मिशिरपुर में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

खड़े ट्रक में घुसी एसयूवी, छह दर्शनार्थी घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव के सामने हाईवे पर बृहस्पतिवार देर रात एसयूवी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में कार सवार छह दर्शनार्थी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। पुलिस के अनुसार, बहराइच के नानपारा निवासी राहुल सोनी, दीपक सोनी, अनिता सोनी, दिवाकर सोनी, श्रेया सोनी और चालक सुधाकर पांडेय एसयूवी से वाराणसी में दर्शन-पूजन करने के बाद मिर्जापुर में विंध्याचल धाम जा रहे थे। डंगहरिया गांव के सामने कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।  

गैंगस्टर एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित मोहम्मद अफरोज शाह को लंका पुलिस ने शुक्रवार को गढ़वा घाट के पास से गिरफ्तार किया। अफरोज पर पशु तस्करी का भी मामला दर्ज है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामनगर के सुल्तानपुर का निवासी है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित किशन कुमार को मिर्जामुराद पुलिस ने शुक्रवार को मेहंदीगंज अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। किशोरी से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने में प्राथमिकी दर्ज है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के गहरवार गांव का निवासी है। पीड़िता के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपी किशन लड़की को बहला-फुसलाकर विभिन्न स्थानों पर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उससे पूछताछ की जा रही है। 

14.4 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर नंबर 61 के पास से सिगरा पुलिस ने बृहस्पतिवार रात आरोपी मोहम्मद अकील को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से विभिन्न ब्रांड की 14.4 लीटर अंग्रेजी शराब मिली। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पटना के खगौल का निवासी है। वाराणसी से कम दाम में शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने का काम करता है। 

अपहरण का आरोपी गिरफ्तार, किशोरी मिली
अपहरण के आरोपी रवि कुमार उर्फ भानू को जंसा पुलिस ने बृहस्पतिवार रात कुरौना अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अपहृता को भी छुड़ाया गया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी जंसा थाना क्षेत्र के भतसार का निवासी है। पीड़िता की मां ने 17 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 
 
पुलिस पर फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार, अवैध असलहा बरामद
फूलपुर पुलिस पर फायरिंग के आरोपी अनिकेत कुमार सिंह को फूलपुर पुलिस ने शुक्रवार को पिंडरा से गिरफ्तार किया। फायरिंग में पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल और तीन कारतूस मिले हैं। एसीपी पिंडरा प्रशांत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़खरा (डंगराडीह) का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली कि नेवादा में नर्मदेश्वर अस्पताल के पास एक युवक अवैध असलहा लेकर है। फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मनबढ़ है।  

थाने में शिकायत देना पड़ा महंगा, दुकानदार को लाठी से मारा
बड़ागांव थाना क्षेत्र में शिकायत देकर घर लौट रहे दुकानदार लालचंद सरोज को कुछ लोगों ने रास्ते में घेर लिया और लाठी से हमला कर दिया। घटना में दुकानदार घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। बसनी गांव निवासी लालचंद सरोज ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनकी जनरल स्टोर की दुकान बसनी तिराहे पर है। आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम चार बजे कबीरामपुर निवासी हौसिला पटेल उनकी दुकान के सामने शराब की बोतल फोड़ने लगा। दुकान परलड़कों ने विरोध किया तो उसने दो नाबालिग के साथ मारपीट की और उनका गला दबाने का प्रयास किया। दुकानदारों के पहुंचने पर आरोपी अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी अपने साथियों के साथ उनकी दुकान पर मारपीट कर चुका है, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में की थी। घटना की शिकायत दर्ज के बाद जब वह दोनों लड़कों के साथ घर लौट रहा था, तभी बसनी पेट्रोल पंप के पास हौसिला पटेल और विशाल पटेल ने उन्हें रोक लिया। फिर लाठी से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

विषाक्त देकर हत्या करने के आरोपी पति समेत तीन गिरफ्तार
शारदा नगर कॉलोनी, पहड़िया के मकान में वंदना साहू को कथित रूप से जहर खिलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के मनी कला गांव निवासी दिलीप साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी वंदना साहू को पति रवि प्रकाश साहू, ससुर सुरेंद्र साहू, देवर भानू साहू और अन्य ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया गया कि रवि का सहकर्मी महिला से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर घर में विवाद और मारपीट होती थी। आरोप है कि मंगलवार को ससुराल पक्ष के लोगों ने वंदना साहू को विषाक्त खिला दिया। पुत्र कार्तिक ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि उसकी मां उठ नहीं रही हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने वंदना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें मीरापुर बसही के निजी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मरणासन्न अवस्था में वंदना साहू ने पति, ससुर और देवर का नाम लिया था। हिरासत में लिए गए सुरेंद्र साहू, रवि प्रकाश साहू और भानू साहू से पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।  
मंगलसूत्र और लॉकेट छीनने की वारदात में बाल अपचारी को पकड़ा
मंगलसूत्र और लॉकेट छीनने के मामले में बाल अपचारी को मिर्जामुराद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात बीघा बगीचा, भिखारीपुर से पकड़ा। उसके पास से लॉकेट बिक्री के 2240 रुपये बरामद किए गए। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा के अनुसार, बाल अपचारी ने पूछताछ में बताया कि 12 अप्रैल की रात ठठरा-कछवा सड़क पर एक गुमटी से लाइटर खरीदने के बहाने लॉकेट छीना था। दुकान संचालिका के मुड़ते ही उसने वारदात को अंजाम दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया था। दूसरी घटना 16 मई की रात मेहंदीगंज गांव में घर के बाहर सो रही एक महिला के गले से लॉकेट झपट लिया था। दोनों लॉकेट उसने कुछ दिन पहले एक राहगीर को बेच दिए थे। इन मामलों में 14 अप्रैल और 17 मई को दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज है।  
विज्ञापन

सील तोड़कर अवैध निर्माण का आरोप, महिला पर प्राथमिकी
वाराणसी विकास प्राधिकरण की तहरीर पर पुलिस ने कल्लीपुर में भवन की सील तोड़कर अवैध निर्माण के आरोप में ममता वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस जांच में जुट गई है। वीडीए के अवर अभियंता आदर्श निराला ने तहरीर में बताया कि ममता वर्मा की ओर से कल्लीपुर में बिना स्वीकृति भवन का निर्माण कराया जा रहा था। आठ जनवरी को भवन सील कर उसकी अभिरक्षा मिर्जामुराद पुलिस को दी गई थी। आरोप है कि बावजूद चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रहने की सूचना पर 27 मई को दोबारा भवन सील किया गया। इसके बाद भी सील तोड़कर प्लस टू भवन का अनधिकृत निर्माण और फिनिशिंग का कार्य कराने की शिकायत की गई। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि वीडीए की तहरीर पर संबंधित महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नया फोन न लाने पर दामाद पर जानलेवा हमला
चेतगंज थाना क्षेत्र के जगतगंज में ससुराल में बुधवार रात पहुंचे दामाद अभिषेक विश्वकर्मा पर जानलेवा हमला किया गया। नया मोबाइल फोन नहीं ले आने पर पत्नी, सास-ससुर, साली ने ईंट पत्थर से हमला किया। पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मिर्जापुर के जमुआ बाजार के मूल निवासी पीड़ित अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह वह सारनाथ में किराए पर रहकर ऑटो चलाते हैं। पत्नी मधु साहनी ने 24 जून की रात मायके जगतगंज बुलाया था। पहुंचने पर पत्नी नया फोन न लाने पर भड़क गई। पैसे न होने की बात कहकर बाद में फोन दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन पत्नी बहस करने लगी और विवाद बढ़ गया। इसके बाद ससुर चतुरी, सास, साली सुमन और साली का लड़का कल्लू भी आ गया। सभी ने घेरकर पिटाई की। कल्लू ने पीछे से सिर पर ईंट से हमला कर दिया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी पत्नी, सास-ससुर, साली और कल्लू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

इसे भी पढ़ें; बिजली विभाग के सारे दावे फेल: सिर्फ कागजों में काम, मरम्मत में बीत गई गर्मी, औसतन रोज पांच बार ट्रिपिंग

मारपीट में युवक का हाथ टूटा, दो पर प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र के टेकुरी गांव में रंजिश में मारपीट में धीरेंद्र प्रताप सिंह का हाथ टूट गया, जबकि बीचबचाव करने पहुंचे उसके पुत्र को भी चोटें आईं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टेकुरी निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 जून की शाम 7.30 बजे गांव के राहुल सिंह और वीर सिंह ने बिना कारण गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में धीरेंद्र प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ टूट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र पवन को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें