वाराणसी के बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस ने शनिवार से अहमदबाद के लिए नई विमान सेवा की शुरुआत की। पहले दिन अहमदाबाद से 110 यात्री आए और 108 यात्री वाराणसी से रवाना हुए।
वाराणसी एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए दूसरी विमान सेवा की जरूरत काफी समय से थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से उनके गृहनगर वाराणसी को यह विमान सेवा जोड़ेगी। इंडिगो का विमान 06ई719 शाम 5:25 बजे शाम अहमदाबाद से चलकर 7:25 बजे वाराणसी पहुंचेगा। फिर यही विमान 06ई721 बनकर 7:55 बजे वाराणसी से चलकर रात 10 बजे अहमदाबाद पहुंचेगा।
यह सेवा सप्ताह में छह दिन होगी। बेसिक किराया 3751 रुपये रखा गया है। हांलाकि वाराणसी अहमदाबाद के बीच स्पाइस जेट की विमान सेवा पहले से संचालित हो रही है। यह उड़ान सुबह 9:10 बजे आकर 9:55 बजे अहमदाबाद रवाना होती है।
इंडिगो एयरलाइंस के स्थानीय प्रबंधक अभिजीत ने बताया कि पर्यटन और व्यापार के दृष्टि से दोनों शहरों के बीच यात्रियों का आवगमन होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस विमान सेवा की शुरुआत की गई है।