वाराणसी के भेलूपुर थाने के महमूरगंज इलाके की 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंग रेप के मामले में पीड़िता की मां ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि घटना की जांच के नाम पर भेलूपुर थाने के एक दरोगा ने उनकी बेटी को रात 10:30 बजे घर से फोन कर बुलाया और आधी रात तक थाने में बैठाए रखा। इस दौरान पुलिस ने पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार भी किया।
पीड़िता की मां का आरोप है कि शुक्रवार की रात थाने से किसी महिला पुलिसकर्मी का फोन आया। वह अपनी बेटी को लेकर थाने पर पहुंचीं और रात में बुलाए जाने का कारण जानना चाहा तो दरोगा ने उनकी बेटी और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
दरोगा उनकी बात सुनने के बजाए बयान भी अपने मनमुताबिक लिख दिया। इसकी शिकायत एसपी सिटी से करने उनके कार्यालय भी गई थी। इस मामले में सीओ भेलूपुर एपी सिंह ने बताया कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। ऐसी कोई शिकायत आई तो जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।