राज्य स्तरीय ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में बुधवार को वाराणसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप जीत ली। समापन पर विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और जिला प्रशासन की ओर से हुई प्रतियोगिता में अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, मिर्जापुर, अलीगढ़, गोंडा, महाराजगंज, बलिया और संतकबीरनगर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बुधवार को खेले गए फाइनल में वाराणसी की टीम ने शुरू से आक्रामक खेल दिखाया और तीन गोल दागकर मैच अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी और विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी देवीपाटन अनिमेष सक्सेना रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है तथा बेटियां हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। मैच कमिश्नर अयूब शाह की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस अवसर पर मनोज तिवारी, अशोक सिंह, विनय कुमार, मो. आकिब, मेहरुद्दीन, संजय सिंह, शालिनी, कविता पटेल मौजूद रहे।