भारतीय हॉकी शुक्रवार को शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर गया। इस मौके पर हॉकी वाराणसी की ओर से लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में जिलास्तरीय मुकाबला खेला गया। बालिका वर्ग में विकास और बालिका वर्ग में यूनिटी क्लब को जीत मिली। बालक वर्ग का एकमात्र गोल मैच समाप्त होने से नौ मिनट पहले शुभम पटेल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर किया और टीम को जीत दिला दी।
उद्घाटन मैच यूनिटी क्लब ने रॉयल क्लब के बीच खेला गया। मैच शुरू होते ही यूनिटी क्लब की तनु यादव और सोनल सिंह ने बाएं छोर से रॉयल क्लब की डिफेंस लाइन को परेशान किया। मैच का पहला गोल खेल के 12वें मिनट में मोनिका गुप्ता के सटीक क्रॉस पास पर तनु यादव ने किया। इससे यूनिटी क्लब को 1-0 की बढ़त मिली।
रॉयल क्लब की टीम ने स्कोर बराबर करने के लिए पहले हाफ में कई हमले किए लेकिन सफल नहीं हो सके। हॉफ टाइम से पहले सोनल सिंह ने एकल प्रयास से गोल कर यूनिटी क्लब का स्कोर 2-0 कर टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने अपनी-अपनी रणनीति में बदलाव किया। दोनों टीमों के फॉर्वर्ड खिलाड़ियों ने अक्रामक खेल दिखाया।
मैच समाप्त होने से नौ मिनट पहले मोनिका गुप्ता के माइनस पास पर तनु यादव ने गोल कर यूनिटी क्लब का स्कोर 3-0 कर टीम को जीत दिला दी। दिन का दूसरा मैच बालक वर्ग में खेला गया। इसमें विकास क्लब ने लाल बहादुर शास्त्री क्लब को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से पराजित किया। दोनों टीम ने छोटे-छोटे पास के सहारे खेलना शुरू किया। दूसरे हाफ में मैच समाप्त होने से तीन मिनट पहले विकास क्लब के शुभम पटेल ने पेनल्टी काॅर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को जीत दिलाई दी।
पहली बार खो खो में वाराणसी ने जीती ट्रॉफी
69वीं माध्यमिक स्कूली खो खो प्रतियोगिता अयोध्या में हुई। इसमें वाराणसी मंडल की अंडर-14 बालक वर्ग टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। टीम में ग्रामीण क्षेत्र के 8 खिलाड़ी हैं। इन्होंने गत वर्ष की प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था। गोपाल प्रसाद ने विजेता टीम को बधाई दी। यह स्वर्ण विजेता टीम राष्ट्रीय मुकाबले में खेलेगी।
जूनियर और सीनियर टीम डीबार
अंडर-19 बालक और अंडर-17 बालक टीम को डीबार कर दिया गया। टीमों ने प्रतियोगिता में खेलने उन खिलाड़ियों को भेज दिया था, जिनका नाम टीम की सूची में नहीं था। इस कारण अयोध्या मंडल की आयोजन समिति ने वाराणसी मंडल की दोनों टीमों को डीबार कर दिया।
कुश्ती खिलाड़ियों ने साधा बनारसी मुल्तानी दांव
प्रादेशिक कुश्ती मुकाबले के लिए चयनित खिलाड़ी अलग-अलग अखाड़ों में कुश्ती का अभ्यास कर रहे हैं। शुक्रवार को कुश्ती कोच मेवालाल ने तुलसी घाट स्थित अखाड़ा स्वामीनाथ के आधुनिक मैट पर खिलाड़ियों को बनारसी मुल्तानी दांव साधने का प्रशिक्षण दिया।
इस अखाड़े के तीन खिलाड़ी पुरुष वर्ग फ्रीस्टाइल में यशवंत गिरी, महिला वर्ग के फ्रीस्टाइल में कशिश यादव, वसुंधरा यादव अखाड़ा स्वामीनाथ में नियमित अभ्यास करती हैं। कोच ने बताया कि खिलाड़ियों को कुश्ती के दांव अभ्यास करने से पूर्व अलग-अलग वाॅर्मअप एक्सरसाइज कराया जाता है। खिलाड़ी अलग-अलग भार के उपकरणों का प्रयोग शरीरिक अभ्यास में करते हैं। प्रादेशिक कुश्ती के लिए एक ही अखाड़े के सर्वाधिक दो महिला खिलाड़ियों ने प्रादेशिक के लिए क्वालिफाई किया है।