फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports: स्पिन शॉट और स्पीड की बदौलत स्टार क्लब ने वाराणसी को 19-18 से हराया, वाराणसी में खेल की खबरें

Sat, 04 Jul 2026 02:45 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: स्टार क्लब ने 19 और वाराणसी क्लब ने 18 गोल किए। नॉकआउट आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैच की शुरुआत धीमी रही। पहले हाफ तक दोनों टीमों के दो-दो खिलाड़ियों को रफ खेल के कारण रेफरी ने वार्निंग दी।
विज्ञापन
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिमा चौहान और रूबी यादव के स्पिन शॉट और स्पीड की बदौलत स्टार क्लब ने शुक्रवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में आयोजित द्वितीय जिलास्तरीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में स्टार क्लब ने वाराणसी क्लब को एक गोल के अंतर से हरा दिया। 

विज्ञापन


स्टार क्लब ने 19 और वाराणसी क्लब ने 18 गोल किए। नॉकआउट आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैच की शुरुआत धीमी रही। पहले हाफ तक दोनों टीमों के दो-दो खिलाड़ियों को रफ खेल के कारण रेफरी ने वार्निंग दी। हाफ टाइम से 10 मिनट पहले वाराणसी क्लब की प्रिया यादव और आकांक्षा सिंह ने खतरनाक मूव बनाया, लेकिन स्टार क्लब की गोलकीपर एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी सुरम्या पाठक ने उसे विफल कर दिया। 

पहले हाफ में स्कोर 7-7 से बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने रणनीति में बदलाव किया और छोटे-छोटे पास के साथ आक्रामक खेल दिखाया। आखिरी पांच मिनट में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और यह बताना मुश्किल था कि कौन सी टीम जीतेगी। अंतिम सीटी बजने से कुछ सेकंड पहले स्टार क्लब की दिव्या यादव ने स्पिन शॉट से गोल कर अपनी टीम को 19-18 से जीत दिला दी। 
विज्ञापन


स्टार क्लब की ओर से महिमा चौहान, रूबी यादव और दिव्या यादव ने पांच-पांच, जबकि नैंसी यादव ने चार गोल किए। वाराणसी क्लब की ओर से प्रिया यादव ने छह तथा आकांक्षा सिंह, पायल और अनीशा सिंह ने चार-चार गोल किए।
  
10 टीमों के बीच हो रहा मुकाबला
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए 10 टीमों ने पंजीकरण कराया है। इनमें गोल्डन, यूथ और विकास क्लब सहित 10 टीमें भाग ले रही हैं। टीमों को दो पूल में बांटकर मैच कराए जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 120 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रत्येक टीम को चार-चार मैच खेलने होंगे। प्रतियोगिता का समापन 6 जुलाई को होगा।

प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला
लगातार दूसरे वर्ष काशी के पांच खिलाड़ियों ने जीते सात स्वर्ण पदक
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता के पहले दिन वाराणसी मंडल के पांच खिलाड़ियों ने लगातार दूसरे साल सात स्वर्ण पदक जीते हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेली जा रही है। इस प्रतियोगिता में वाराणसी के कुल सात खिलाड़ियों ने 13 पदक जीते हैं।

सिगरा स्टेडियम स्विमिंग पूल प्रभारी कनाई चंद तालापात्रा ने बताया कि काशी के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन वाराणसी के सत्यम साहनी ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक और बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीता, जबकि कार्तिक साहनी ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। सुमित साहनी ने 800 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक हासिल किया। गौरव सेन गुप्ता ने 400 मीटर आईएम में रजत पदक तथा 4x200 मीटर फ्री स्टाइल रिले (बालक वर्ग) में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 4x200 मीटर फ्री स्टाइल रिले (मिक्स वर्ग) में भी स्वर्ण पदक जीता।

400 मीटर आईएम में वंदना साहनी ने स्वर्ण पदक जीता। 100 मीटर बैक स्ट्रोक में अनन्या पटेल ने रजत पदक हासिल किया। बालिका वर्ग की 800 मीटर फ्री स्टाइल में अपने पिछले प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए रिया पटेल ने स्वर्ण और 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक जीता। जाह्नवी तोमर ने 400 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक और वंदना साहनी ने 50 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतियोगिता 3 से 5 जुलाई तक खेली जाएगी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह, जिला तैराकी संघ के सचिव शंभू प्रसाद, कनाई चंद तालापात्रा, सत्यम शर्मा, चंद्राणी, अभिषेक आदि ने बधाई दी।

संख्या पदक
  • 7 स्वर्ण
  • 5 रजत
  • 1 कांस्य

नौ साल की ऐश्वर्या ने कराटे में जीता स्वर्ण पदक
काशी की ऐश्वर्या शुक्ला ने गुजरात के सूरत शहर में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने सिर्फ एक साल में नौ पदक हासिल किए हैं। उन्होंने नौ साल की उम्र में ब्लैक बेल्ट भी हासिल कर लिया है। ऐश्वर्या ने छह साल की उम्र में ही कराटे का प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया था। दो साल में ही जिलास्तरीय प्रतियोगिता में पदक हासिल कर लिया। इसके बाद उन्होंने लगातार पदक हासिल किए।  
 
लंका थाने की अंशु ने शूटिंग में जीते तीन पदक, भारतीय टीम ट्रायल के लिए चयन
लंका थाने में तैनात महिला आरक्षी अंशु पांडेय ने नई दिल्ली में आयोजित 49वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर कमिश्नरेट का मान बढ़ाया। अंशु का चयन भारतीय टीम के ट्रायल के लिए हुआ है। शुक्रवार को लंका थाने में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने पुलिसकर्मियों के साथ उनका स्वागत किया।

अंशु पांडेय ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उन्हें कांस्य पदक मिला। अंशु पिछले पांच वर्षों से पूर्वांचल शूटिंग अकादमी में अभ्यास कर रही हैं। उन्हें कोच सत्यम सिंह का मार्गदर्शन मिला है। अंशु पांडेय ने अपनी सफलता का श्रेय पांच वर्षों के अथक अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल शूटिंग अकादमी में कोच सत्यम सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी निशानेबाजी की तकनीक को निखारा। इस प्रदर्शन के बाद अब उनका लक्ष्य भारतीय टीम में जगह बनाना है। इसके लिए उन्हें भारतीय टीम के चयन ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिला है।
विज्ञापन

सीएम एंग्लो बंगाली में लगा क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर
आनंद क्रिकेट एकेडमी की ओर से भेलूपुर स्थित सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान पर क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। शिविर में प्रशिक्षण के लिए 47 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। क्रिकेट कोच पीपी आनंद मिश्र ने बताया कि यह शिविर दो सत्रों में संचालित हो रहा है। शनिवार सुबह खिलाड़ियों को क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी का अभ्यास कराया गया, जबकि शाम के सत्र में बल्लेबाजी का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। 

प्रियांशु खेल कोटे से दक्षिण रेलवे में चयनित
क्रिकेट खिलाड़ी प्रियांशु सिंह का चयन खेल कोटे से दक्षिण रेलवे, चेन्नई के मैकेनिकल विभाग में जूनियर क्लर्क के पद पर हुआ है। प्रियांशु ने पूर्वांचल विवि क्रिकेट टीम से खेलते हुए वर्ष 2024 की अखिल भारतीय अंतर विवि क्रिकेट में रजत पदक जीता था।  

कराटे में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान
जून माह में देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दो खिलाड़ियों आर्या और अमर प्रताप राणा का सम्मान हुआ। पिता के सपने को साकार करने के लिए आर्या वर्ष 2019 से मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स में कराटे का प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने जून माह में देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। वहीं, एकेडमी के खिलाड़ी अमन प्रताप राणा वर्ष 2021 से खेल रहे हैं।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें