वाराणसी जिले में बनकट गांव के अंडरपास के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार तीन लोगों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यापारी की मौत हो गई और उनके दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची लोहता थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
ये है मामला
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा निवासी व्यापारी मेराज खान उर्फ चांद बाबू (45) दो चचेरे भाई जुबैर और इसरार के साथ स्कूटी से बनकट में रिश्तेदारी में जा रहे थे। अंडरपास के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे मेराज को कुचलते हुए ट्रैक्टर आगे बढ़ गया। मौके पर ही मेराज की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर एक किशोर चला रहा था। परिजनों ने बताया कि मेराज के परिवार में उनकी पत्नी शाहीन बानो और डेढ़ साल की बेटी है। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।