पुलिस को 100 नंबर पर आई फर्जी सूचनाओं से रविवार की रात से लेकर सोमवार की रात तक तीन बार पुलिस महकमा नाहक परेशान रहा। कहीं बम, गोली तो मर्डर की सूचना ने पुलिस के होश उड़ाकर रख दिए।
सूचनाओं पर सक्रिय हुई पुलिस घंटों के तलाशी अभियान और तफ्तीश की मगर हाथ कुछ नहीं मिला और बैरंग वापस होना पड़ा। नदेसर टेंपो स्टैंड में बम रखे जाने की सूचना सोमवार की रात सौ नंबर पर फोन कर दी गई।
सूचना पर आननफानन में बम निरोधक दस्ते के साथ पुलिस नदेसर पहुंची और फोन करने वाले का नंबर मिलाने लगी तो स्विच ऑफ बताया। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि नदेसर में कोई टेंपो स्टैंड नहीं है।
पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाते हुए एहतियातन नदेसर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। इसके बाद पुलिस ने इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।
इसी तरह सोमवार की ही रात के 11 बजे करीब 100 नंबर पर सूचना दी गई कि सुड़िया में गोली चल गई है। सूचना पर पुलिस ने सुड़िया, ठठेरी बाजार और दालमंडी का चप्पा-चप्पा खंगाल डाला मगर न कहीं से गोली चलने की पुष्टि हुई और न ही सूचना देने वाले की तस्दीक हो सकी।
इसके पहले रविवार की रात मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बीहड़ा गांव निवासी मिथलेश यादव पुत्र गुलाब यादव का मोबाइल लेकर परिवार के एक सदस्य जिनकी दिमागी हालत ठीक नहीं है ।
उन्होंने रविवार देर रात 100 नंबर पर गांव में मर्डर होने की सूचना दे दिया था। इसे लेकर पुलिस परेशान रही। एसएसपी आरके भारद्वाज का कहना है कि 100 नंबर पर फर्जी सूचनाएं देने वालों की सर्विलांस की मदद से तस्दीक कर हर हाल में जेल भेजा जाएगा।