गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपियों की कैंट पुलिस को तलाश
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में निर्माणाधीन वरुणा कॉरिडोर के निर्माण कार्य में लगी जेसीबी के चोरी होने के मामले का कैंट पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। सीओ कैंट एएसपी डॉ. अनिल कुमार के अनुसार सितंबर माह में वरुणा कॉरिडोर के कार्यस्थल से जेसीबी को चुरा कर किरहिया स्थित बंद पड़े कुसुम पैलेस में छुपा कर रखा गया था। आरोपी जेसीबी का सौदा तय करने शिवपुर जा रहे थे।
इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार राय और कांस्टेबल रामानंद यादव व धर्मदेव चौहान की टीम ने कुसुम पैलेस में छापेमारी कर जेसीबी और एक बाइक बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त भेलूपुर थाना के सुदामापुर निवासी गोलू सोनकर और सरायनंदन खोजवा के महेंद्र सेठ के तौर पर हुई है।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके गिरोह का सरगना कैंट थाना की भुवनेश्वर नगर कालोनी गेट नंबर दो का निवासी तनिष्क सिंह उर्फ वैभव है। जेसीबी चुराने में लंका थाना के आशुतोष नगर कॉलोनी का योगेंद्र यादव और निहाल भी शामिल था। सीओ कैंट ने बताया कि प्रकरण में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है।