वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र लौटूबीर मंदिर के समीप पुलिस ने शुक्रवार की भोर मुठभेड़ के बाद 20 हजार के इनामी बदमाश रोहनिया के बेटावर बच्छांव निवासी संदीप यादव उर्फ गोलू और उसके साथी लंका के विश्वकर्मा नगर निवासी सत्यम सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से .32 बोर की अवैध पिस्टल, चार कारतूस, सौ ग्राम हेरोइन, चोरी की दो बाइक और नौ हजार बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया।
संदीप पर वाराणसी और सोनभद्र जिले में हत्या का प्रयास और लूट सहित अन्य आरोपों में 30 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सत्यम पर हत्या का प्रयास और लूट सहित अन्य आरोपों में चार मुकदमे दर्ज हैं। संदीप पर दर्ज 30 मुकदमों में से 14 लूट के हैं और सारी वारदातों को हाईवे पर ही अंजाम दिया गया है।
संदीप ने पुलिस को बताया कि हाईवे किनारे भोर के समय ट्रक खड़ा कर आराम या शौच कर रहे चालकों को वो और उसके गिरोह के सदस्य निशाना बनाते हैं। बरामद हेरोइन के संबंध में उसने बताया कि पंजाब की ओर से आने वाले ट्रक चालक ऐसे मादक पदार्थ साथ लेकर चलते हैं।
लूटपाट के दौरान ही ट्रक चालकों से हेरोइन जैसे मादक पदार्थों को छीन कर शहर के मदनपुरा, बजरडीहा, जैतपुरा सहित अन्य इलाकों में इस धंधे से जुड़े लोगों को कम दाम में बेच देता था।