वाराणसी एसएसपी ने आरोपी को मीडिया के सामने पेश किया
- फोटो : अमर उजाला
इसी माह की 12 तारीख को वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन लूटने वाले एक बदमाश को वाराणसी पुलिस ने दबोच लिया है। घटना का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। दिनदहाड़े घटी इस घटना को लेकर वाराणसी पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी।
घटना के बाद पुलिस तब हकत में आई थी जब इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। इसी घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य और केंद्र सरकार पर हमला बोला था।
पढ़ेंः
बनारस में घटी इस घटना पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कसा तंज, केंद्र व राज्य सरकार को लपेटा
पुलिस गिरफ्त में आया इस घटना का आरोपी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र का आदर्श नगर कॉलोनी निवासी विनोद कुमार भारती है। उसके पास से सोने की चेन का आधा हिस्सा, तमंचा, दो कारतूस और बगैर नंबर की बाइक बरामद कर जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच अब मामले के दूसरे आरोपी दालमंडी निवासी शेरू खान की तलाश में लगी हुई है। गिरफ्तार विनोद के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर सहित अन्य आरोपों में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पढ़ेंः
दिनदहाड़े बदमाशों ने महिला को तमंचा सटा कर लूटी चेन, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि विनोद को क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने अपनी टीम के सुमंत सिंह, कुलदीप सिंह, सुरेंद्र मौर्य, चंद्रसेन सिंह, सुनील राय और इंस्पेक्टर विनय प्रकाश सिंह के साथ गिरफ्तार किया।
घटना के खुलासे पर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और उनकी टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया।