एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, काजी सादुल्लापुरा (बड़ी बाजार) निवासी मो. जमाल अंसारी पीड़िता से जुड़े एक प्रकरण में मदद करने के बहाने उसके संपर्क में आया था। इसके बाद उसका पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान उसने पीड़िता का शोषण करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि वह करीब तीन वर्षों तक उसे डराकर और धमकाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता की शादी करीब एक माह पहले हो गई। इसके बाद भी जमाल अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उस पर मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़िता के पति और घरवालों को भी प्रताड़ित करने का आरोप है। इस मामले में पीड़िता ने 10 नवंबर को जमाल के खिलाफ जैतपुरा थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सरैया स्थित वरुणा कॉरिडोर के पास से आरोपी जमाल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का करीबी होने का उठाता था फायदा
आरोप है कि जमाल अंसारी जैतपुरा थाने पर पूर्व में तैनात रहे कुछ पुलिसकर्मियों का करीबी था और अक्सर थाने आता-जाता था। इसी कथित पहचान और पहुंच का फायदा उठाकर वह पीड़िता को डराता-धमकाता था। हालांकि मौजूद समय में उन पुलिसकर्मियों का तबादला हो चुका है। जमाल की गिरफ्तारी के बाद जैतपुरा थाने पर उसे छुड़ाने के लिए पैरवीकारों की भीड़ लगी हुई थी।