भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून बिहार तक पहुंच चुका है। बिहार की राजधानी पटना और उत्तर प्रदेश से सटे पश्चिमी चंपारण क्षेत्र के लिए मौसम संबंधी अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले करीब 10 दिनों में मानसून वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में भी दस्तक दे सकता है। इसके अलावा 17 जून के आसपास बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि वाराणसी के लिए फिलहाल किसी विशेष बारिश अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में विशेष वृद्धि की संभावना नहीं है।