मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और शायर जाकिर खान ने शनिवार को नौका विहार किया। इसके पहले शुक्रवार को सिगरा स्थित रूद्धाक्ष कन्वेंशन सेंटर में उनका शो था। घाट से नमो घाट तक काशी की विरासत का अवलोकन किया और काशी को अद्भूत बताया।
कहा कि बनारस ने उन्हें दूसरी बार अपनी तरफ खींचा। दो साल पहले वह काशी आए थे। गौदालिया स्थित की दुकान पर चुस्की ली और फिर यहां से दोपहर 12 बजे की फ्लाई से मुंबई लौट गए। उनके साथ शायर अजहर इकबाल, आरजे अभय, मुक्ति सिंह समेत अन्य लोग थे।
तमंचा कारतूस लेकर घूम रहा था ऑटो चालक, गिरफ्तार
आदमपुर पुलिस ने भदऊचुंगी तिराहे के पास मुखबिर की सूचना पर एक ऑटो चालक को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया जलालीपुरा निवासी मो. रफत हुसैन ऑटो चालक है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह काशी रेलवे स्टेशन की ओर असलहा लेकर जा रहा है। पुलिस ने भदऊचुंगी पुलिस पिकेट के पास घेराबंदी कर चालक की तलाशी ली। उसके पास से तमंचा और कारतूस मिला। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि मो. रफत हुसैन का आपराधिक इतिहास है और वह पहले भी जेल जा चुका है।
वंदेभारत सहित दिल्ली से 7 ट्रेनें लेट पहुंची
कोहरा के कारण शनिवार को नई दिल्ली से आने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस 3.25 घंटे की देरी से पहुंची। इसके साथ ही 7 ट्रेनें भी देरी से आई। 20504 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस रात 10.50 बजे से 45 मिनट की देरी से रात 11.30 बजे वाराणसी स्टेशन पर आई। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सुबह 4.40 बजे से 6 घंटे लेट होकर 10.40 बजे बनारस स्टेशन पर आई। 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस सुबह 2.10 बजे से 1.30 मिनट लेट होकर 3.40 बजे पहुंची। 12560 शिवगंगा एक्सप्रेस सुबह 6.10 से 2 घंटा 45 मिनट देर होकर 8.55 बजे बनारस स्टेशन पर आई। 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 8.05 बजे से 6 घंटे की देरीसे दोपहर 2.05 बजे पहुंची। 12582 नई दिल्ली से आने वाली बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 10 बजे से 8 घंटे लेट होकर शाम 6 बजे बनारस स्टेशन पर आई।
इसे भी पढ़ें; Varanasi: मणिकर्णिका नहीं आए सीएम, धरी रह गई तैयारियां; संभावित निरीक्षण को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
हेल्पलाइन पर मिली सूचना पर नशीली दवा बेचने वाले दो गिरफ्तार
एसओजी-2 ने शनिवार को प्रतिबंधित नशीली दवाओं को बेचने वाले दो आरोपियों को सिटी स्टेशन पर मजार के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की पहचान गिरधारी यादव निवासी सूरजकुंड और गुलाम अख्तर निवासी कमलगढ़ा थाना जैतपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई पुलिस आयुक्त के जारी हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर सूचना मिलने पर की। हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देने वालों की जानकारी गुप्त रखी जाती है। ऐसे में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि दोनों आरोपी लंबे समय से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री में लिप्त हैं। आरोपियों के पास से 226 डिस्पोजेबल नीडिल, 120 डिस्पोजेबल सिरिंज, एविल 10 एमएल की 12 शीशियां, 132 नशीली दवाएं और बिक्री से जुड़े 2285 रुपये मिले। डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
ई-चालान लिंक भेजकर 6.68 लाख की साइबर ठगी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी सर्वेश कुमार रघुवंशी साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके व्हाट्सएप पर आए ई-चालान के लिंक पर क्लिक करते ही जालसाजों ने बैंक खाते से 4.98 लाख रुपये की निकासी कर ली। घटना 14 जनवरी की है। पीड़ित के अनुसार, जालसाजों ने इंस्टा जंबो लोन के नाम पर अतिरिक्त 1.70 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। कुल 6.68 लाख रुपये की ठगी हुई। पीड़ित ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।
पति समेत ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न में प्राथमिकी दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र के चकरमा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। चकरमा गांव निवासी आरती ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 10 मई 2024 को प्रीतम निवासी गड़खड़ा गांव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में तीन लाख की मांग करने लगे। आरोप है कि पति का अवैध संबंध है। विरोध करने पर शराब के नशे में मारपीट करता है। 27 मई 2025 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। आठ महीनों से मायके में रह रही है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पति समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
लापता छात्र दो घंटे बाद बेहोशी की हालत में मिला
चोलापुर क्षेत्र के धरसौना तिवरान गांव निवासी और गजोखर के नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाला कक्षा छह का छात्र शनिवार दोपहर लापता हो गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने दो घंटे में उसे खोज लिया। पुलिस ने छोटू तिवारी (12) को धरसौना गांव में पोखरे के किनारे से बेहोशी की हालत में बरामद किया। स्वस्थ केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया।
श्री श्री सिद्धिकाली मां का रोटोंति पूजा संपन्न
खालिसपुरा दशाश्वमेध स्थित श्री श्री सिद्धिकाली मां का रोटोंति काली पूजा शनिवार को संपन्न हुआ। ये 99वें साल की पूजा थी। कोलकाता से आए पुजारी धीरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने तांत्रिक पुरोहित द्वारा पूजा संपन्न कराया। इस दौरान कोलकाता, दिल्ली, दानापुर बिहार से भक्त आए थे। रतन शंकर चटर्जी ने बताया कि ये मंदिर साल में दो बार खुलता है। एक जब काली पूजा होती और दूसरी बार मौनी अमावस्या से एक दिन पूर्व। इस दौरान अनुपम मुखर्जी, श्यामली चटर्जी,काकूली राय चौधरी, विजय दास मौजू रहे।
शोध केवल उपाधि के लिए नहीं, शास्त्रीय दृष्टि से हित भी हो
बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र में ज्योतिष शास्त्र में शोध की संभावना पर संवाद हुआ। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. राजाराम शुक्ल ने कहा कि शोध केवल उपाधि के लिए न हो बल्कि नए तथ्यों को पाने का कार्य हो जिससे छात्रों और नए छात्रों को भी शास्त्रीय दृष्टि से समाज हित में अधिकाधिक लाभ प्राप्त हो सके। हमें ऐसे शोध करने होंगे जिससे समाज का हित हो और कुछ नए शोध का प्रयास हुआ। इस प्रकार आधुनिक विद्वान शोध कार्य करते हैं वैसा प्रयत्न हमें भी करनी चाहिए। केंद्र में शनिवार को प्रो. राजमोहन उपाध्याय स्मृति में व्याख्यान माला हुई। मुख्य अतिथि प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय ने अपने पिता प्रो. राजमोहन उपाध्याय के वक्तव्यों को याद करते हुए कहा कि ज्योतिषशास्त्र में शास्त्रमूलक शोध होना चाहिए, जिससे भ्रम दूर हो सके। मुख्य वक्ता केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, लखनऊ के ज्योतिष विभाग के प्रो. श्यामदेव मिश्र ने जैमिनी, उत्तरकालामृतम् के नए विषयों को रखा। केंद्र समन्वयक प्रो. विनय कुमार पांडेय ने कहा कि ज्योतिषशास्त्र की उपयोगिता और प्रसिद्धि विश्व में लगातार बढ़ रही है लेकिन उसी के साथ इसका दुरूपयोग भी हो रहा है।
बिरजू महाराज को कथक माध्यम से दी गई श्रद्धांजलि
पद्म विभूषण से सम्मानित कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को अंध विद्यालय दुर्गाकुंड में नटराज संगीत अकादमी द्वारा श्रद्धांजलि स्वरूप भव्य “कथक यज्ञ” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अखंड दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसे देवाशीष दे, भगीरथ जलान और संगीता सिन्हा ने संयुक्त रूप से संपन्न किया। इसके बाद बनारस सहित अन्य देश और विदेश से आए बाल, किशोर और युवा कथक कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से पंडित बिरजू महाराज के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। लगभग 35 से 40 कथक कलाकारों ने मंच पर अपनी सशक्त और भावनात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी प्रतिभागी कलाकारों को नटराज संगीत अकादमी की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यंग इंडियंस का उद्देश्य इस साल सार्थक योगदान की स्पष्ट दिशा देना
यंग इंडियंस की ओर से पाथफाइंडर का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सदस्यों को यंग इंडियंस के विजन, संरचना, विभिन्न वर्टिकल्स तथा कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यंग इंडियंस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप कृष्णा यंग इंडियंस की यात्रा, जिम्मेदार नेतृत्व के निर्माण में इसकी बढ़ती भूमिका और विभिन्न वर्टिकल्स में सक्रिय सहभागिता के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पाथफाइंडर 2026 का उद्देश्य हमारे सदस्यों को यंग इंडियंस के विभिन्न वर्टिकल्स और उनमें सार्थक योगदान की स्पष्ट दिशा देना है। इस मौके पर अविनव पेशवानी, धवल प्रकाश मौजूद रहे।
नशे में राहगीर को पीटा, दो पर प्राथमिकी दर्ज
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में दशाश्वमेध टेढ़ीनाम निवासी विरज सिंह ने भाई धीरज सिंह के साथ हुई मारपीट के मामले में मंडुवाडीह बाजार निवासी सनी सेठ व एक अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। विरज सिंह ने बताया कि 15 जनवरी की रात 10 बजे भाई धीरज सिंह अपने मित्र के यहां से टेढ़ीनाम लौट रहा था। महमूरगंज ओवरब्रिज के पास नशे में मिले सनी सेठ और उसके साथ अज्ञात युवक ने बिना किसी कारण धीरज पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर घायल हो गया। चौकी प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सनी सेठ को हिरासत में लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
युवक पर ईंट-हाॅकी से हमला, गंभीर
कैंट थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम कॉलोनी के गेट नंबर एक के अंदर बृहस्पतिवार शाम पतंग उड़ाने के दौरान युवक पर हॉकी और ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल के पिता ने कैंट थाने में कुल्लू सोनकर, आदित्य सोनकर, अनुपम सोनकर, अमीन सोनकर, राजा सोनकर, लाले सोनकर, शशिकांत सोनकर और सतीश सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। सिकरौल निवासी राजकुमार पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा सतीश कुमार पटेल कॉलोनी में पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान पास मौजूद एक बच्चे से कुछ लोगों ने माचिस मांगी। बच्चे ने मना किया तो उसे मारने लगे। सतीश कुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने ईंट और हॉकी से हमला कर घायल कर दिया। सतीश का इलाज बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
नृत्यांगना से छेड़खानी का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र के मुढैला चुरावनपुर लोहता निवासी नृत्यांगना ने छेड़खानी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पीड़िता के अनुसार, 29 दिसंबर को वह नरउर, रोहनिया में महेश कुमार के कार्यक्रम में नृत्य की प्रस्तुति देने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह घर लौट रही थी, उसी दौरान विनायक सिंह कुछ मित्रों के साथ रास्ते में छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सौदे में धोखाधड़ी, 28 लाख लेकर बैनामा न करने का आरोप
कविरामपुर गांव निवासी अजय कुमार सिंह के साथ जमीन खरीद के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। फूलपुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव निवासी सुरेंद्र पटेल से पांच बिस्वा जमीन का सौदा 6 लाख 50 हजार रुपये प्रति बिस्वा की दर से तय हुआ था। आरोप है कि सौदे के तहत अजय ने एडवांस के रूप में आठ लाख दिए, जबकि शेष 20 लाख बैनामा से पहले आरटीजीएस कर भू-स्वामी के खाते में भेजे। कुल 28 लाख का भुगतान किया गया। 16 अक्तूबर 2025 को बैनामे की तिथि तय की गई थी। विक्रेता को फोन किया गया तो उसने पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर टालमटोल शुरू कर दिया। जानकारी मिली कि सुरेंद्र पटेल ने पूरी जमीन किसी अन्य को सट्टा कर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पेट्रोल के पैसे मांगने पर पंप कर्मचारियों से मारपीट
चोलापुर क्षेत्र के अलोपुर में एचपी पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि चार पहिया से आए लोगों ने पेट्रोल के पैसे मांगने पर कर्मचारियों के साथ गालीगलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पेट्रोल पंप के प्रबंधक संदीप कुमार निवासी धरसौना आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 11 जनवरी की सुबह पांच बजे एक स्कॉर्पियो और एक इंडिगो कार पंप पर पहुंची। स्कॉर्पियो में 4300 रुपये, इंडिगो में 2500 रुपये का ईंधन भरवाया गया। भुगतान के समय वाहन सवार उग्र हो गए और गालियां देने लगे। स्कॉर्पियो में पीछे बैठे एक व्यक्ति के पास असलहा भी था, जिसे दिखाकर कर्मचारियों को डराया गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जानलेवा हमले में नामजद तीन आरोपी गिरफ्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों ताड़ी गांव निवासी सुमित राजभर (25), प्रद्युम्न राजभर (23) और मोहित राजभर (18) को गिरफ्तार किया। तीनों परदेशी राजभर व रामचंद्र के पुत्र हैं। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आरोपियों ने ताड़ी से लौटते समय अखिलेश व राहुल जायसवाल पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था। मारपीट में अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना चोलापुर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
टोल प्लाजा पर कर्मचारियों को सीपीआर की दी जानकारी
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्साधिकारी डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने डाफी टोल प्लाजा पर आयोजित कार्यक्रम में एनएचएआई अधिकारियों, कर्मचारियों सहित अन्य स्टाफ को सीपीआर (कार्डिओ पल्मोनेरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया। डॉ. द्विवेदी ने कहा कि सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी भी व्यक्ति की जान बचा सकता है। टोल प्लाजा पर तैनात कर्मी यदि प्रशिक्षित हों, तो वे आपात स्थिति में किसी की भी मदद कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई रंजीत कुमार वर्मा, सौरभ कुमार, बृजेश कुमार चौबे, कृष्णदेव मौर्य मौजूद रहे।
जुए के फड़ पर मारा छापा, तीन गिरफ्तार
राजातालाब पुलिस ने शुक्रवार रात जगरदेवपुर में कॉन्वेंट स्कूल के पास बगीचे में जुए के फड़ पर छापा मारकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 1260 नकद और ताश के पत्ते मिले। थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि आरोपियों में सनी मल्होत्रा, विकास कुमार निवासी जगरदेवपुर और रमसीपुर निवासी अरविंद कुमार है।
32 उड़ानें देरी से पहुंचीं और प्रस्थान की
कोहरे के कारण 32 उड़ानें देरी से पहुंचीं और प्रस्थान कीं। दिल्ली से आने वाला स्पाइसजेट का विमान लगभग 1 घंटे 20 मिनट की देरी से सुबह 11.40 बजे उतरा। साथ ही अकासा एयर की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 3 घंटे 1 मिनट, एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 2 घंटे 2 मिनट, इंडिगो की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 2 घंटे 48 मिनट, इंडिगो की कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता 1 घंटे 50 मिनट, इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 1 घंटे 6 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 1 घंटे 18 मिनट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-वाराणसी-शारजाह 1 घंटे 33 मिनट देर से पहुंची।
दो घंटे की देरी से उतरा सीएम का विमान
मौसम ने शनिवार को करीब एक सप्ताह बाद करवट ली। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे तक कोई विमान नहीं उतर सका। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विमान सबसे पहले सुबह 11.30 बजे उतरा, जो पहले सुबह 9.20 बजे आने वाला था।
विद्यार्थियों को भाषा और कौशल के बारे में जानकारी देना जरूरी
बीएचयू कला संकाय के कवि सम्राट उपेंद्र भंज ओड़िया चेयर की ओर से आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में ओड़िया भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक पहचान पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों को भाषा और कौशल के बारे में जानकारी देना बहुत जरूरी है। ज्ञान के किसी भी विषय में भाषाओं का केंद्रीय स्थान होता है। विशिष्ट अतिथि विश्वभारती शांतिनिकेतन से प्रो. कैलाश पटनायक ने कलिंग के विभिन्न शासक वंशों के कालखंडों में ओड़िया भाषा के ऐतिहासिक विकास पर चर्चा की। इस दौरान कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल, ओड़िया चेयर के समन्वयक प्रो. गोपबंधु मिश्रा, प्रो. प्रदोष मिश्रा, डॉ. अमिय कुमार सामल मौजूद रहे।
पूर्वी चंपारण में काशी के पंडितों ने स्थापित कराया विश्व का सबसे ऊंचा शिवलिंग
माघ कृष्ण चतुर्दशी के पावन अवसर पर विराट रामायण मंदिर में विश्व के सबसे ऊंचे 33 फीट शिवलिंग की भव्य स्थापना हुई। सुबह 8:30 से 10 बजे तक वाराणसी के पंडितों द्वारा पूजा-अर्चना की गई, इसके बाद हवन और शिवलिंग का अभिषेक किया गया। कैलाश मानसरोवर से रामेश्वरम तक के पवित्र जल से अभिषेक कराया गया। इसकी स्थापना काशी और अयोध्या के पंडितों ने संयुक्त रूप से की। 750 टन क्षमता वाली क्रेन, 18 फीट की विशेष माला और हजारों फूलों से सजी यह स्थापना आस्था का अद्भुत संगम बन गई।