Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड के पूरे गांव निवासी अमन पाठक के साथ 19,500 रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अमन ठटरा गांव में निजी कंपनी में काम करता है। खेत में काम करने के दौरान उसके मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी में साथ काम करने वाला बताते हुए कहा कि उसने उनके खाते में 35,000 रुपये भेजे हैं और एक जगह रकम ट्रांसफर करनी है।
आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक स्कैनर भेजा और कहा कि मोबाइल से ट्रांसफर नहीं हो पा रहा, इसलिए अमन अपने मोबाइल से रकम भेज दे। व्हाट्सएप पर 35,000 रुपये आने का मैसेज देखकर अमन ने विश्वास कर 19,500 रुपये स्कैनर के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो खाते में कोई रकम नहीं आई थी। जांच में पता चला कि केवल फर्जी मैसेज भेजा गया था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
महिला अपराध रोकने में नाकाम चौकी प्रभारी निलंबित, थानेदार लाइन हाजिर, शिवपुर थाना प्रभारी हटे
चौबेपुर में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतने और अधिकारियों को समय से सही जानकारी नहीं देने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने चौबेपुर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, कैथी चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया।
शिवपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुरम कॉलोनी में महिला के फंदे से लटक कर जान देने के मामले में थाना प्रभारी शिवपुर वीरेंद्र कुमार सोनकर को चौबेपुर थाने का प्रभार सौंपा गया। पुलिस आयुक्त ने तीनों की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि महिला अपराध जैसे मामलों में लापरवाही बरतना, देर से पुलिस अधिकारियों को सूचना देना बर्दाश्त के बाहर है।
शुभम जायसवाल को कोर्ट ने हाजिर होने का आदेश दिया
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी मामले में आरोपी और शैली ट्रेडर्स के कर्ताधर्ता, 75 हजार रुपये के इनामी शुभम जायसवाल को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 30 मार्च को हाजिर होने का आदेश शुक्रवार को जारी किया है। कोतवाली थाने से वांछित शुभम जायसवाल यदि 30 मार्च तक कोर्ट में हाजिर नहीं हुए, तो उन्हें धारा 83 के तहत भगोड़ा घोषित किया जाएगा।
शुभम जायसवाल के पिता, भोला प्रसाद जायसवाल, वर्तमान में सोनभद्र जेल में बंद हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रहलाद घाट स्थित कायस्थ टोला निवासी शुभम जायसवाल को कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में कोतवाली थाने से वांछित किया गया है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि कोर्ट ने उन्हें 30 मार्च को हाजिर होने का आदेश दिया है। यदि उस दिन वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए, तो उन्हें भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी।
धारदार हथियार से हमला, पांच दिन बाद छह आरोपियों पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद के खोचवां भेड़हा गांव में 23 फरवरी को धारदार हथियार से हमले के मामले में पलिस ने पांच दिन बाद आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सबाना बेगम ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया है कि 23 फरवरी को विपक्षी इरसाद शेख, समसुन निशा, मो. सैफ अली, मो. कैफ अली निवासी भेड़हा और जावेद अली निवासी रहीमपुर (लोहता) ने मारपीट की। बीचबचाव करने पहुंचे समसुद्दीन व उनकी पत्नी नूरजहां बेगम पर भी धारदार हथियार से हमला किया। प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
BHU
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू प्रशासन ने काटी हॉस्टल की बिजली, डीजे न बजने पर छात्रों का प्रदर्शन
बीएचयू प्रशासन की ओर से हॉस्टल की बिजली काटने से नाराज छात्रों ने शुक्रवार को रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। बिरला हॉस्टल के सामने सड़क पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने इसे छात्रों के हितों के विपरीत बताते हुए जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने और डीजे बजाने की अनुमति देने की मांग की। छात्रों का विरोध बढ़ता देख बीएचयू प्रशासन से हॉस्टल की बिजली आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर छात्र शांत हुए।
होली पर विश्वविद्यालय परिसर में बिरला हॉस्टल, कला संकाय सहित अन्य हॉस्टल और संकायों में होली का उत्सव छात्र मनाते हैं। इसमें डीजे बजाकर अबीर गुलाल और रंग की होली खेलकर छात्र होली गीतों पर नाचते हैं। शुक्रवार दोपहर 1 बजे हॉस्टल की बिजली, पानी काट दी गई। इसके बाद नाराज छात्र हॉस्टल के बाहर सड़क पर आ गए। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। हालांकि बीएचयू प्रशासन ने पहले ही एक पत्र जारी कर परिसर में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया था। दोपहर में करीब दो घंटे तक रास्ता जाम करने के बाद छात्रों ने 28 फरवरी को सुबह 11 बजे होली का जश्न मनाने का निर्णय लेते हुए प्रदर्शन समाप्त किया।
निर्माणाधीन थाना भवन का एडीसीपी गोमती जोन ने किया निरीक्षण
मिर्जामुराद थाना परिसर में निर्माणाधीन भवन का शुक्रवार को एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र ने निरीक्षण किया। एडीसीपी ने कहा कि नया भवन आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। सुव्यवस्थित कार्यालय कक्ष, अभिलेख कक्ष, मालखाना, शस्त्रागार, महिला परामर्श कक्ष, आगंतुक कक्ष और प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है। साथ ही स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। ठेकेदार समेत संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
अदालत।
- फोटो : अमर उजाला
22 साल पुराने रेलवे संपत्ति के चोरी मामले में खलासी दोषी, रिहा
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एनआर) अभिनव जैन की अदालत ने 22 साल पुराने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में खलासी रामचंद्र प्रसाद को दोषी ठहराते हुए एक साल की प्रोबेशन पर रिहा करने का आदेश दिया। बृहस्पतिवार को अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार दिया था, लेकिन अनुपस्थित रहने पर गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।
वारंट के अनुपालन में आरपीएफ कैंट पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जिसके बाद सजा पर सुनवाई पूरी की गई। 12 मार्च 2004 को एएसआई अमरनाथ टीम के साथ ब्लॉक हट ‘बी’ से ब्लॉक हट के मध्य 15 एटीएफ जंक्शन बॉक्स के पश्चिमी छोर पर नाकाबंदी की थी। दो व्यक्ति कंधे पर जूट की बोरी में भारी सामान लेकर जाते दिखाई दिए।
रोकने पर वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में एक बोरी से ढलवा चौकी, जिसके चारों कोनों पर गोल सुराख था, बरामद हुई। दूसरी बोरी से विभिन्न लंबाई के तीन सिग्नल रॉड के टुकड़े और रेल लाइन में लगने वाली नौ चाबियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सिग्नल रॉड दो दिन पहले काटकर छिपाए थे और उन्हें बेचकर अपनी जरूरतें पूरी करने की योजना थी। बरामद रेलवे संपत्ति का मूल्य 700 रुपये आंका गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा और विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। मामले में एक आरोपी ने 2008 में ही अपराध स्वीकार कर अपना मुकदमा निस्तारित करा लिया था।
एसआईआर कार्य में लगे सफाईकर्मी पर हमले के मामले में अंतरिम जमानत
एसआईआर में लगे सफाईकर्मी को सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की नियत से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उस पर हमला करने के मामले में आरोपी को राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) संध्या श्रीवास्तव ने टिसौरा चोलापुर निवासी संतोष सिंह को 25 हजार के एक जमानतदार और बंधपत्र पर अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। साथ ही नियमित जमानत के लिए अगली तिथि 13 मार्च नियत कर दी।
बस रेड टिकट चेकिंग में बिना टिकट पकड़े 95 यात्री
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के टिकट जांच दल ने शुक्रवार को बनारस हरदतपुर रेलखंड पर बस रेड टिकट चेकिंग अभियान चलाया। बनारस– प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर 65132 प्रयागराज रामबाग मेमू , 65131 मऊ-प्रयागराज रामबाग मेमू एक्सप्रेस सहित ट्रेनों में 95 लोगों को बिना टिकट पकड़ा। सहायक वाणिज्य प्रबंधक पीएन मिश्रा के साथ दल में मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, टिकट निरीक्षक माहरूफ खान, उमेश यादव, अमित समेत 21 कर्मचारियों और 9 आरपीएफ जवानों ने अभियान चलाया। पकड़े लोगों के से 32250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। 25 यात्रियों को जुर्माना नहीं चुकाने पर रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के सामने ट्रायल के लिए ले जाया गया।
कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पतेर में ईंट-भट्ठे पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम छापा मारकर 26 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही कच्ची शराब बेच रहे दो युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान जोधन चौहान और रोहित कुमार चौहान निवासी बिहार, औरंगाबाद करियवा गांव के रूप में हुई।
हाईवे पर पलटी कार, बाल-बाल बचे श्रद्धालु
मिर्जामुराद के रूपापुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज से वाराणसी दर्शन के लिए आ रही श्रद्धालुओं से भरी कार ट्रक की टक्कर के बाद कई बार पलटी खाते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। प्रयागराज के नैनी निवासी दिव्यांश पांडेय अपनी बहन और दो अन्य परिजनों के साथ कार से काशी विश्वनाथ मंदिर में रंगभरी एकादशी देखने जा रहे थे।
शुक्रवार सुबह कार रूपापुर के पास पहुंची, तभी उसी दिशा में जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सभी सवारों की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर वाराणसी की तरफ भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को हटवाया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक की पहचान की जा रही है।
महिला यूट्यूबर संग विवाद, साथी को जड़ा थप्पड़
रंगभरी एकादशी पर एक महिला यूट्यूबर के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा। मंदिर में प्रवेश कर रहे उसके साथी को पुलिस ने थप्पड़ जड़ दिया। यह गेट नंबर 4 का वाकया हुआ। मंदिर में प्रवेश को लेकर बांस फाटक से लेकर गेट तक धक्कामुक्की हुई। एक भक्त ने नाचते हुए अपनी चप्पल हवा में ऊपर तक उछाल दी, हालांकि उसे देख सुरक्षाकर्मी बैरियर पर चढ़कर खोजबीन करने लगा, फिर भीड़ में किसी दूसरे ने ऐसा नहीं किया।
चल प्रतिमा पर पूर्व महंत के भाई ने उठाया सवाल
बाबा विश्वनाथ, गौरा और गणेश भगवान की पंचबदन प्रतिमा को लेकर पूर्व महंत कुलपति तिवारी के भाई लोक पति तिवारी ने आरोप लगाए। शुक्रवार को कहा कि मंदिर में ले जाई गई बाबा विश्वनाथ की नई प्रतिमा जर्मन सिल्वर की है। अधिकारियों से सवाल पूछा कि अगर मंदिर में होने वाली परंपरा प्राचीन है तो उस परंपरा में शामिल होने वाली बाबा की प्राचीन मूल प्रतिमा कहां पर विराजित है। उसे मंदिर प्रांगण में बाबा के गर्भगृह में लाने से वंचित क्यों किया गया है।
काशी में 42 मिनट 51 सेकेंड का चंद्रग्रहण
होली से पहले तीन मार्च को चंद्रग्रहण लग रहा है। आचार्य दैवज्ञ शास्त्री के अनुसार इससे पहले 2006 में होली से पहले 15 मार्च को चंद्रग्रहण लगा था। ऐसे में इस बार करीब 20 साल के बाद होली से पहले ही चंद्रग्रहण लगने जा रहा है। देश में चंद्रग्रहण का समय 48 मिनट होगा। जबकि ज्योतिषाचार्य आशुतोष के अनुसार काशी में 42 मिनट 51 सेकेंड का होगा। शाम 6:04 बजे से लेकर 6:46 बजे तक चंद्रग्रहण लगा रहेगा।
फर्जी जमानतदारों पर सख्ती के निर्देश
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी ने शुक्रवार को टीपी लाइन में सभी थानों के हेडमोहर्रिर एवं पैरोकार के साथ बैठक की और फर्जी जमानतदारों पर सख्ती के निर्देश का निर्देश दिया। बैठक का मुख्य विषय न्यायालयों में प्रस्तुत किए जाने वाले जमानतदारों के सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
उन्होंने ने स्पष्ट किया कि फर्जी जमानतदारों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। कई मामलों में एक ही व्यक्ति द्वारा विभिन्न अभियुक्तों के लिए जमानत दिए जाने अथवा गलत दस्तावेज प्रस्तुत करने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसे गंभीरता से लेने को कहा। कहा कि प्रत्येक जमानतदार का आधार, निवास, संपत्ति एवं आपराधिक पृष्ठभूमि का समुचित सत्यापन किया जाए। सत्यापन प्रक्रिया में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
साथ ही न्यायालय में प्रस्तुत अभिलेखों का डिजिटल रिकॉर्ड भी संधारित करने को कहा ताकि भविष्य में संदिग्ध मामलों की जांच सुगमता से की जा सके। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने कहा कि सभी थानों में एक मानक प्रक्रिया (एसओपी) के तहत जमानत सत्यापन कार्य किया जाएगा। उन्होंने हेडमोहर्रिरों और पैरोकारों को निर्देशित किया कि वे न्यायालय समन्वय को मजबूत करें और प्रत्येक मामले में पारदर्शिता बरतें।
डीइओ ने वेयरहाउस की देखी सुरक्षा व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कुछ राजनीतिक दलों के साथ सदर तहसील कार्यालय में बने वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यहां ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने चारों तरफ लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या और उनकी स्थिति, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों व रोशनदानों को सुरक्षित रखने के सभी उपायों सहित अन्य बिंदुओं का निरीक्षण किया।
वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वाह्य सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा गार्ड्स की शिफ्टवार तैनाती सहित वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन कर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
चंद्रशेखर आजाद को अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
चंद्रशेखर आजाद के 95वें शहादत दिवस पर सेंट्रल जेल परिसर में अधिवक्ताओं और जेल प्रशासन ने श्रद्धांजलि दी। नित्यानंद राय और विनोद पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जेल पहुंचा। जेल अधीक्षक राधे कृष्ण मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर उस स्थान पर जाने की अनुमति मांगी, जहां बालक चंद्रशेखर तिवारी को कोड़े लगाए गए थे। अनुमति मिलने पर अधिवक्ताओं ने उक्त पवित्र स्थल पर पुष्प अर्पित किया। अधिवक्ताओं ने जेल परिसर में स्थापित आजाद की प्रतिमा, उनके हस्ताक्षर की पट्टिका और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति स्थल पर जाकर नमन किया।
सर्व वैश्य समाज की ब्रज की होली होगी मुख्य आकर्षण का केंद्र
सर्व वैश्य समाज समिति काशी की ओर से होली मिलन समारोह सात मार्च को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम में होगा। इस साल राधा-कृष्ण के स्वरूप के साथ ही ब्रज की होली की प्रस्तुति होगी।शुक्रवार को विनायक प्लाजा में हुई सर्व वैश्य समाज की बैठक में अध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि इस बार होली मिलन समारोह अपने आप में अनूठा होगा। इसमें वाराणसी के वैश्य समाज के सभी घटकों की सहभागिता रहेगी। सर्व वैश्य समाज समिति काशी के महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि कार्यक्रम में राधा कृष्ण के स्वरूप के साथ ब्रज की होली की प्रस्तुति कार्यक्रम में चार चांद लगाएगी।
इसमें मारवाड़ी समाज, अग्रवाल समाज, जायसवाल समाज, साहू समाज, अग्रहरि समाज, तेली समाज, मोदनवाल समाज, जैन समाज, बरनवाल समाज, माहेश्वरी समाज, स्वर्णकार समाज, केशरी समाज, सहित वैश्य समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल ने बताया कि मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल होंगे। बैठक में सर्वेश अग्रवाल, नीरज पारिख, पंकज अग्रवाल, कन्हैया गुप्ता, विजय जायसवाल आदि रहे।
मंडलायुक्त ने रोहनिया विधानसभा के डोमरी का किया निरीक्षण
रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के डोमरी में प्रस्तावित पौधारोपण महाअभियान के तहत मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने डोमरी क्षेत्र में चिन्हित पौधारोपण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों, स्थल की समुचित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पौधों की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने पौधारोपण के लिए चयनित प्रजातियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, पौधों की समुचित सुरक्षा एवं सिंचाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
रोहनिया विधायक ने हरियाली बढ़ाने पर दिया जोर: हरियाली बढ़ाने के लिए रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सुनील पटेल ने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने पर जोर दिया। पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास और हरियाली बढ़ाने के संबंध में चर्चा की गई थी।
डीआरएम ने 16 कर्मचारियों को दिया एक्सीलेंस अवाॅर्ड
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए 16 कर्मचारियों को एक्सीलेंस अवाॅर्ड दिया। कांटावाला तरुण गुप्ता, सिंघासन प्रसाद, आशीष कुमार, आरपीएफ देवरिया से रविशंकर शाह, शाहगंज में ट्रैक मेंटेनजर पप्पू के साथ ही मंडल चिकित्सालय से बेजनाथ यादव, पवन सिंह यादव आदि को सम्मानित किया गया। डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आरजे चौधुरी आदि मौजूद रहे।
दिल्ली-काठमांडो एयर इंडिया फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट
काठमांडो में खराब मौसम के कारण शुक्रवार को एयर इंडिया की विमान संख्या एआई-215 को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। यह विमान दिल्ली से काठमांडो जा रहा था। खराब मौसम के चलते विमान निर्धारित समय पर काठमांडो में लैंडिंग नहीं कर सका और सुबह 8:32 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर उतर गया। विमान को एयरपोर्ट पर खड़ा कर रिफ्यूलिंग की गई। फ्लाइट में 137 यात्री सवार थे। डायवर्जन की सूचना से यात्रियों में हल्की चिंता देखी गई, हालांकि सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। विमान सुबह 9:25 बजे पुनः काठमांडो के लिए रवाना किया गया।
होली पर 3 घंटे अतिरिक्त जालापूर्ति
होली पर शहर की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रहेगी। वाराणसी नगर निगम और जलकल विभाग ने कार्ययोजना बना ली है। आम जनता को प्रतिदिन जितना पानी मिलता है, उतना ही मिलेगा, साथ ही अतिरिक्त आपूर्ति भी की जाएगी। इस व्यवस्था को संभालने के लिए सभी कर्मचारियों को जोनवार सक्रिय किया गया है। होली के दिन पानी की सबसे अधिक खपत होती है। ऐसे में इस दिन पेयजल के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की गई है।
सामान्य आपूर्ति के अलावा, दिन में 11 बजे से 2 बजे तक अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति की जाएगी। जलकल के सचिव विश्वनाथ ने बताया कि होली के दिन अगर शहरवासियों को किसी प्रकार की पेयजल या सीवर ओवरफ्लो की समस्या होती है, तो नगर निगम के शिकायत नंबर 1533 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
बगैर क्यूआर कोड लगाए हो रहा निर्माण कार्य
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा की सख्ती के बावजूद बगैर क्यूआर के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शहर के निर्माण स्थलों पर एक बैनर लगाया जाता है, जिस पर वीडीए अप्रूव्ड लिखा रहता है। इसके अलावा सभी प्रकार का विवरण लिखने के बावजूद क्यूआर कोड नहीं लगाया जाता है। दरअसल, वीडीए ने पूर्व में यह योजना बनाई थी कि सभी निर्माण स्थलों पर क्यूआर कोड लगाया जाए ताकि कोई भी इसे स्कैन करके जान सके कि वीडीए ने इसे एप्रूवल दिया है या नहीं।
इसके लिए जोनल अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके अब तक ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई। पिछले दिनों लापरवाही पर वीडीए उपाध्यक्ष ने कार्रवाई की थी। एक जोनल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही उन्हें निर्देश दिए गए थे कि नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करें। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
53 किलो गांजा मामले में दो आरोपियों की जमानत खारिज
अपर जिला जज (14वां वित्त आयोग) मनोज कुमार की अदालत ने गांजा तस्करी के मामले में दो अभियुक्तों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत ने मल्हीपुर सुल्तानपुर निवासी शक्ति प्रताप सिंह और प्रतापगढ़ निवासी लक्ष्मण शर्मा की जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद आदेश दिया। अभियोजन की ओर से विशेष अभियोजक अधिकारी ने जमानत का विरोध किया। अदालत को बताया कि भारी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी हुई है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
बीते वर्ष 13 अगस्त को डीआरआई की टीम ने बाबतपुर क्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़ी कार से 53 किलो गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान शक्ति प्रताप सिंह समेत अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। बरामदगी के आधार पर आरोपितों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया था। दोनों की ओर से जमानत अर्जी दाखिल की गई थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया।
अध्यापक की भूमिका महत्वपूर्ण, नई पीढ़ी को करते हैं तैयार
अध्यापक विद्यार्थियों को संस्कारवान और विचारवान तो बनाते ही है, साथ ही उनको नई पीढ़ी के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाते हैं। यह बातें शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज राजबीर सिंह ने कहीं। गुरु बाबू आरएन सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि पर बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परमानंदपुर में आयोजित खेल व श्रद्धांजलि सभा में जज राजबीर सिंह शामिल हुए। न्यायमूर्ति राजबीर सिंह बालिका खिलाड़ियों से मिले। इस दौरान उन्होंने बच्चों के विकास में शिक्षकों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। विकास इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह ने स्वागत किया।
अजगरा विधायक ने देखे सरस मेले में बिक रहे उत्पाद, समूह की महिलाओं की सराहना की
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित सरस मेले में शुक्रवार को अजगरा से भाजपा विधायक टी राम बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने सभी स्टॉल का अवलोकन किया और समूह की महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की ओर से किए जा रहे कार्य जिसमें वित्तीय सहायता, स्वास्थ्य के संबंध में जागरूकता, विभिन्न विभागों से कन्वर्जेंस, सामाजिक विकास आदि विषयों पर प्रस्तुतीकरण किया गया। विधायक ने मंच से सभी उत्पादों के विक्रय एवं गुणवत्ता की सराहना की।
महिलाओं को सरस मेला के माध्यम से अपने उत्पाद के विक्रय एवं रोजगार को बढ़ाने हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी। शाम के समय काशी के स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृति कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। इस मौके पर उपायुक्त (श्रम रोजगार) देवेंद्र ओझा तथा उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पवन कुमार सिंह मौजूद रहे।
निशान की पूजा कर निकाली शोभायात्रा
फागुन महोत्सव के तहत श्री श्याम मंडल की ओर से शुक्रवार को निशान ध्वजा यात्रा निकाली गई। रथयात्रा स्थित राधा कुंज से निकली यात्रा में ध्वज लहराते और भजनों पर झूमते महिलाएं और पुरुष चल रहे थे। संजय पुजारी के साथ संस्था के अध्यक्ष दीपक तोदी, मंत्री पवन कुमार अग्रवाल ने सपत्नीक निशान की पूजन अर्चन कर आरती उतारी।
संयोजक प्रवीण माखरिया, बंटी लोहिया के नेतृत्व में निशान ध्वजा यात्रा में वाहन पर भगवान श्रीकृष्ण स्वरूप खाटू श्याम बाबा की अलौकिक प्रतिमा सजाई गई थी। प्रशांत जागृति गाड़ोदिया रथ पर विराजमान होकर भक्तों को प्रसाद वितरण कर रहे थे। गायक चंदन तोदी राजेश तुलस्यान, पवन सराफ ने भजनों की अमृतवर्षा की। यात्रा गुरुबाग होते हुए लक्सा स्थित श्याम मंदिर पहुंची। यहां प्रभु के चरणों में निशान अर्पण किया गया।
श्रेया तुलस्यान, सुमन, सुरेश तुलस्यान, महेश चौधरी, विजय मोदी, प्रदीप अग्रवाल, प्रमोद सराफ, मनोज गिनोडिया आदि ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। दीपक बजाज, अरविंद अग्रवाल के नेतृत्व में स्थानीय कलाकारों ने भजनों का रसपान कराया। वहीं, प्रभु की सजाई गई रंग-बिरंगे फूलों से अलौकिक झांकी के सभी दर्शन कर निहाल हुए।
रंगभरी एकादशी: चहुंओर उड़े अबीर गुलाल, निकली बाबा की यात्राएं
रंगभरी एकादशी पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के साथ काशी के शिवालयों, देवालयों और मठों में होली खेली गई। वहीं, संस्थाओं और क्लबों की ओर से भी रंगभरी का उत्सव मना। महामृत्युंजय महादेव, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर, जागेश्वर महादेव सहित अन्य शिवालयों, बड़ागणेश, चिंतामणि गणेश सहित 56 विनायक और देवी मंदिरों सहित अन्य मंदिरों में लोगों ने अबीर-गुलाल देवों को चढ़ाकर होली खेली। जबकि मठों और आश्रमों में भी साधु-संतों और बटुकों ने उत्सव मनाया।
नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के संयोजन में गायघाट पर देवाधिदेव महादेव के विग्रहों को गंगाजल से स्नानादि के बाद पुष्पहार, धूप दीप, नैवेद्य आदि अर्पित की गई। मिस और मिसेज बनारस क्लब ने कैंटोमेंट, बनारस साहित्य महोत्सव की ओर से नदेसर में एक होटल में होली मिलन उत्सव उल्लास से मनाया।
ठंडई पीकर ब्रज की टोलियों के साथ शंभू धुन में रमे शिवगण
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में गौना के इतर आए भक्त शंकराचार्य चौक पहुंचे। यहां मंदिर की ओर से दी गई ठंडई पीकर ब्रज की टोलियों के साथ शंभू धुन में रमे रहे। शाम चार बजे से ही शिवार्चनम् मंच पर ब्रज के रसियारों ने महादेव के गणों को अबीर और गुलाल लगाया। गर्भगृह में बाबा की चल प्रतिमा आने से पहले ही मंच पर शिव धुन पर गोपियों ने नृत्य किया। दूसरी ओर रास लीला भी रचाई गई।
एक ओर भक्त ठंडई का पान तो दूसरी ओर मंच से फूट रहे शंभू धुन में रमे दिखे। इस सांस्कृतिक संध्या में मथुरा के रसियारों ने बरसाने की होली खेली। भक्तों ने भी फूल उड़ाए। कभी मसाने की होली तो कभी बम बम बोल रहा काशी पर ब्रज के रसिक और शिव के गण एक साथ थिरकते रहे। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित कलाकारों की ओर से दिव्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं।
कलाकारों ने शिव-भक्ति पर आधारित भजन और स्तुतियां की। ब्रज के रसियारों ने रास और फूलों की होली पर मोर पंखों के साथ नृत्य किया। सुनील प्रसन्ना और उनके सह-कलाकारों ने शहनाई और पूनम श्रीवास्तव ने भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भोले का दीवाना बना दिया। श्री काशी रास विद्या वृंद, शिवम सिंह, राधिका मिश्रा, शुभम सृतिक, वृष्टि चक्रवर्ती, राजन तिवारी और प्रिया सिंह ने रात 10 बजे तक प्रस्तुतियां दीं।
बिजली बिल में छूट पाने का आज अंतिम मौका
बिजली बिल के बकाये का भुगतान करने में छूट पाने का शनिवार को अंतिम मौका है। बिजली निगम की ओर से जो राहत योजना चलाई जा रही थी, वह 28 फरवरी को समाप्त हो रही है। मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि 1 दिसंबर से लागू बिजली बिल राहत योजना 28 फरवरी को समाप्त हो जाएगी। घरेलू श्रेणी के 2 किलोवाट तक और वाणिज्यिक श्रेणी के 1 किलोवाट तक के “नेवर पेड” यानी कभी बिल का भुगतान न करने वाले और “लांग अनपेड” यानी लंबे समय से बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए एकमुश्त धनराशि जमा करने पर ब्याज के अतिरिक्त मूल धन में भी छूट प्राप्त करने का अंतिम अवसर शनिवार को है।
रंगभरी एकादशी पर मार्कंडेय महादेव में भक्तों ने खेली होली
रंगभरी एकादशी पर मार्कंडेय महादेव में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आए भक्तों ने बाबा के साथ होली खेली। बाबा के पूजन अर्चन और अभिषेक के बाद भक्तों ने अबीर-गुलाल चढ़ाया और होली खेली।कलाकारों ने भगवान शिव की लीलाओं को भावपूर्ण मंचन किया। भजन कीर्तन के साथ फाग गीत सुनाए। होली का रंग बिखरा। भक्तों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। भक्तों में अबीर को प्रसाद के रूप वितरित किया गया।
मणिकर्णिका माता के शृंगार के दर्शन को उमड़ी भीड़
रंगभरी एकादशी पर मां मणिकर्णिका का दो दिवसीय शृंगार महोत्सव शुरू हुआ। मणिकर्णिका घाट पर वैदिक विधानों से पूजन अर्चन हुआ। दर्शन के लिए भक्तों भीड़ रही। प्रधान पुरोहित मनीष नंदन मिश्र के आचार्यत्व में माता मणिकर्णिका का विविध सुगंधित पुष्पों से शृंगार हुआ। सोलह वैदिक ब्राह्मणों ने रात में गौमुख दर्शन, षोडशोपचार पूजन, गुलाल से सहस्त्रार्चन कर रुद्राभिषेक किया। माता के अचल स्वरूप की महाआरती हुई। दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। मनीष नंदन मिश्र ने बताया कि शनिवार को दोपहर में एक बजे माता मणिकर्णिका का उत्तर पूजन होगा। इसके बाद श्रद्धालु कुंड में स्नान करेंगे।
15 दिन बाद अब तक नहीं आई जांच रिपोर्ट
वाहनों के स्क्रैप मामले की जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। 5 फरवरी के मामले में 21 फरवरी तक रिपोर्ट मांगी गई थी। बावजूद अब तक रिपोर्ट नहीं आई। नीलामी समिति के सदस्य उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद हनुमान प्रसाद, पार्षद मदन मोहन दुबे की रिपोर्ट आई थी। नगर निगम के परिवहन विभाग की अच्छी गाड़ियों को स्क्रैप घोषित करने के मामले में तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई थी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने परिवहन कार्यशाला विभाग के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। कनिष्ठ लिपिक वैभव शरण मिश्र, सौरभ सान्याल व नृपेंद्र शंकर सिंह रहे। इन्हें वाहनों के रखरखाव में घोर लापरवाही और वित्तीय क्षति पहुंचाने के आरोप में निलंबित कर दिया। नगर आयुक्त ने इस पूरे प्रकरण की जांच अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को सौंपी है। 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
एक व्यक्ति के नशा का दुष्प्रभाव परिवार और समाज तक: स्वामी शांति गिरि
महामंडलेश्वर स्वामी शांति गिरि महाराज ने कहा कि नशा का दुष्प्रभाव व्यक्ति ही नहीं पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। परिवार में खुशियों के लिए जरूरी है कि हर तरह के व्यसन का त्याग करें। उन्होंने लोगों को डोमरी स्थित आश्रम के नारायण कुंड में नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। जनशांति धर्म समारोह में महामंडलेश्वर के आह्वान पर जगद्गुरु जनार्दन स्वामी की पालकी शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ मछोदरी से दशाश्वमेध तक निकाली गई।
महिलाएं सिर पर कलश और पुरुष हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे। दशाश्वमेध घाट पर स्वामी शांति गिरि महाराज ने गंगा का पूजन कर प्रसाद वितरण हुआ। आश्रम के सचिव डाक्टर राकेश त्रिपाठी ने कहा कि महाराष्ट्र से आए हजारों शिष्यों ने श्रमदान कर पूजन अर्चन किया। सभी एक मार्च को पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पूजन में एनडीआरएफ के डीआईजी मनोज कुमार शर्मा, मेयर अशोक तिवारी, उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव आवास विभाग के चेयरमैन आरपी कुशवाहा, बीजेपी चुनाव प्रबंधन काशी क्षेत्र संयोजक सतीश पांडेय शामिल रहे। शोभायात्रा में नागेश्वरानंद महाराज, अविमुक्तेश्वरानंद महाराज, शैलेश त्रिवेदी, अजय तिवारी, अनिल गुप्ता, ह्रदयनारायण पांडेय आदि शामिल रहे।