Varanasi News in Hindi: चौकाघाट स्थित ढेलरिया में रात वरुणा नदी में नहाने के दौरान गणेश सरोज (21) की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। जैतपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। ढेलवरिया निवासी गणेश सरोज नहाने के लिए नदी की ओर गया था। स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल पाया।
नदी किनारे मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गणेश डूब गया। चौकाघाट चौकी इंचार्ज शिवम मिश्रा घटना स्थल पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से गणेश के शव को बाहर निकलवाया। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
18 लाख रुपये की धोखाधड़ी में केस दर्ज
व्यापार में अधिक मुनाफा का झांसा देकर सरिया व्यवसायी से 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में बुधवार को कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। भोजूबीर निवासी पीड़ित सरिया, सीमेंट व्यवसायी दीपक कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि मई 2025 में आदर्श प्रताप सिंह निवासी पीठारी, राजपुर, बक्सर, बिहार से मुलाकात हुई।
आदर्श ने खुद को सरिया, सीमेंट का बड़ा व्यवसाई बताते हुए और अधिक लाभ देने का लालच देकर 26 लाख रुपये ले लिए, माल आज तक नहीं दिया। किसी तरह 8 लाख रुपये वापस किए और अब 9 सितंबर को बकाया रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है।
धोखाधड़ी के मामले में नौ पर केस दर्ज
पीएमपीसीएल कंपनी में निवेश के नाम पर 33 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में आठ नामजद समेत नौ अज्ञात के खिलाफ भेलूपुर थाने में मंगलवार की रात केस दर्ज किया गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर निवासी डॉ. रकीबुन निशा ने पुलिस को बताया कि आबिदा खान, अरबाज, सलमान, मरियम, शबनम, अलीम अली, अजहर और सलमान निवासी आदमपुर ने पति को झांसा देकर कंपनी में निवेश कराया।
पति साबिर अली का ओंकारेश्वर कोयला बाजार में स्कूल है। आरोपियों फर्जी कंपनी बनाकर कई लोगों के साथ और धोखाघड़ी की है। एक साल बीतने के बाद पैसा मांगने पर आरोपी पैसा देने से इन्कार करते हुए जान से मारने की धमकी देने रहे हैं। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
महिला के चेन छीन भागे बाइक सवार बदमाश
सारनाथ थाना क्षेत्र के हवेलिया चौराहे के समीप मंगलवार की रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाश सरोजलता सिंह के गले से चेन छीनकर भाग निकले। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने आसपास के सीसी कैमरों को खंगाला।
सारनाथ थाना क्षेत्र के अनमोल नगर कॉलोनी निवासी सरोजलता सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रात 8.30 बजे आशापुर की तरफ से हवेलिया चौराहे की तरफ जा रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक से झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन कर हवेलिया चौराहे की तरफ भाग निकले। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चौराहे के आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज से बदमाशों की पहचान कराई जा रही है।
फेसबुक आईडी से फोटो वायरल, केस दर्ज
फेसबुक आईडी से फोटो वायरल करने समेत अन्य आरोपों में युवती के खिलाफ बुधवार को केस दर्ज किया गया। पहड़िया के रुद्रा हाइट्स निवासी शशिकांत पांडेय ने पुलिस को बताया कि शिवपुर की महिला फेसबुक आईडी बनाकर फोटो वायरल कर बदनाम कर रही है। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी युवती पूजा पांडेय के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पशु तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
दो माह पूर्व टेंगरामोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ में फरार पशु तस्करी के आरोपी 25 हजार इनामी बदमाश कृष्णा प्रसाद उर्फ छोटू को पुलिस ने बुधवार को विश्वसुंदरी पुल के पास से गिरफ्तार किया। 14 सितंबर को पुलिस की ओर से उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंका थाना क्षेत्र का सीरगोवर्धन निवासी कृष्णा प्रसाद यादव उर्फ छोटू है।
नीलगिरी कंपनी के सीएमडी और एमडी पर केस
जमीन के नाम पर 8.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में नीलगिरी इंफ्रासिटी के सीएमडी समेत एमडी के खिलाफ चेतगंज थाने में बुधवार को केस दर्ज किया गया। बिहार के बक्सर नेनुआ निवासी राम कुमार ने पुलिस को बताया कि माता उषा देवी के नाम से नीलगिरी ग्रुप ऑफ कंपनी लिमिटेड में प्लाॅट बुक किया था, जिसके सीएमडी विकास सिंह और एमडी रितु सिंह हैं।
कंपनी के कार्यालय में 8.80 लाख रुपये 28 अप्रैल 2014 को दिए लेकिन अभी तक नीलगिरी के चीफ डायरेक्टर विकास सिंह व एमडी रितु सिंह ने न तो जमीन दी और न ही कैश लौटाया। चेतगंज इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि नीलगिरी के सीएमडी, एमडी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
3 किलो चांदी हड़पने में तीन पर केस दर्ज
मुनाफे का झांसा देकर 3 किलो 46 ग्राम चांदी हड़पने और धमकी मामले में बुधवार को चेतगंज थाने में दंपती समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। कोतवाली थाने क्षेत्र के भूत भैरव खास निवासी उमाचरण गुप्ता ने पुलिस को बताया कि अपने परिचित सतीश कुमार अग्रहरी निवासी मंशाराम फाटक चेतगंज को 3 किलो 46 ग्राम पक्की चांदी व्यापार में बढ़ोतरी के लिए दिया था।
सतीश कुमार अग्रहरी ने कहा था कि एक वर्ष बाद चांदी वापस कर देगा। बाद में मांगने पर फर्जी मुकदमे मे फंसाने की धमकी दी। 30 मार्च को सतीश के साथ उसके भाई अमित और सतीश की पत्नी सन्नो अग्रहरी ने गाली गलौज की। प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते मामले की जांच कराई जा रही है।
दो फर्मों पर जीएसटी गड़बड़ी में केस दर्ज
जीएसटी गड़बड़ी मामले में दो फर्मों श्रीमुनिजी ट्रांसपोर्ट गोविंदगढ़ पंजाब और विद्या ट्रेडर्स रायपुर छत्तीसगढ़ के खिलाफ चेतगंज थाने में बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। राज्य कर विभाग चेतगंज के सहायक आयुक्त सचल दल प्रभारी की तहरीर पर केस दर्ज हुआ।
सहायक आयुक्त एसआईबी ने पुलिस को बताया कि ट्रांसपोर्टर श्रीमुनिजी और अस्तित्वहीन फर्म विद्या ट्रेडर्स द्वारा धोखाधड़ी करते हुए राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही है और धोखाधड़ी की जा रही है। अपर आयुक्त ग्रेड-2 (एसआईबी) राज्य कर वाराणसी जोन द्वितीय के पत्र के आधार पर कार्रवाई की गई। चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रेशर हाॅर्न के उपयोग पर 5 बसों का चालान
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन में परिवहन विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान परमिट की शर्तों जैसे मार्ग, क्षेत्र, प्रयोजन या सीटिंग क्षमता का उल्लंघन करने वाली और प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाली 5 बसों का चालान और दो बसें सीज की गईं। साथ ही, अत्यधिक भार के साथ चल रहे तीन ट्रकों को भी सीज कर चालान किया गया।
आरटीओ (प्रवर्तन) मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान के दौरान चालकों को हिदायत दी कि हाईवे पर वाहन नहीं खड़ा करें। संयुक्त निरीक्षण में गाजीपुर के एआरटीओ धनवीर यादव, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन और यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
पं. दुर्गा प्रसन्ना की हालत गंभीर
प्रख्यात शहनाई वादक पं. दुर्गा प्रसन्ना की बुधवार की देर रात अचानक तबीयत खराब होने पर उनकी हालत गंभीर है। उनके बेटे संगम प्रसन्ना ने बताया कि पिता जी को बीएचयू में भर्ती कराया गया है। वह अयोध्या में श्रीरामलला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शहनाई बजाए थे। वे शास्त्रीय संगीत एक स्थापित कलाकार हैं।
बीएचयू के पूर्व चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके मिश्रा का निधन
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर और गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आरके मिश्रा (93) का बुधवार की शाम निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और सर सुंदरलाल अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा था।
प्रो. मिश्रा को सोमवार को घर भेज दिया गया था। बीएचयू विधि संकाय के प्रमुख और विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य रह चुके हैं। उनके निधन की खबर सुनकर बीएचयू के शिक्षकों सहित कई शिक्षाविद, समाज सेवियों ने घर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि दी।
लंपी से बचाव के लिए समय से इलाज जरूरी
किसान दिवस पर बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने विकास भवन सभागार में किसानों की समस्याएं सुनी। इस दौरान लंपी बीमारी की समस्याएं अधिक आईं। इस पर उन्होंने कहा कि पशुओं में तेजी से फैल रही लंपी बीमारी को रोकने के लिए समय पर टीकाकरण और इलाज जरूरी है।
किसानों ने नलकूप, बिजली, बीज व उर्वरक आदि की व्यवस्था मुकम्मल करने की भी मांग की। सीडीओ ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं को समय से समाधान कराने को कहा। इस दौरान सभी विभागों की योजनाओं से किसानों को अवगत कराया गया और उन्हें इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। संचालन उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने किया। बैठक में कृषि, लघु सिंचाई, नलकूप, मत्स्य, उद्यान, कृषि विपणन, यूपी नेडा, रेशम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव के लिए बनाई रणनीति
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की बैठक बुधवार को सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कालेज में हुई। इस बैठक में आगामी वर्ष में होने वाले एमएलसी चुनाव के संबंध में चर्चा हुई। इस बैठक में पूर्व एमएलसी चेत नारायण सिंह ने कहा कि आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर सभी को मजबूती के साथ आना होगा। इस बैठक में प्रमोद कुमार सिंह, अशोक कुमार श्रीवास्तव, विवेक कुमार समेत अन्य लोग शामिल रहे।
सऊदी अरब में युवक की संदिग्ध हाल में मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर ग्राम निवासी रहमान शाह (20) की सऊदी अरब के अलकसीम में संदिग्ध हाल में मौत हो गई। वह एक हफ्ते पहले ही एक निजी कम्पनी में काम करने के लिए सऊदी गया था। बुधवार को मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता सचाऊ शाह ने बताया कि तीन बेटों में सबसे छोटा और अविवाहित था। शव को सऊदी अरब से वाराणसी लाने के लिए परिजनों ने स्थानीय विधायक से मुलाकात की और विधायक प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से इस संबंध में बातचीत की है।
युवक को हरियाणा पुलिस ने हिरासत में लिया
हरियाणा की सिरसा पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में बुधवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज बिरदोपुर से एक युवक को हिरासत में लिया। महमूरगंज चौकी पर युवक से देर रात तक पूछताछ हुई। भेलूपुर पुलिस के अनुसार युवक के भूमिका की जांच हो रही है। हरियाणा पुलिस पूछताछ कर रही है।
महिला से गाली गलौज के वांछित का कोर्ट में सरेंडर
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ी तालाब में महिला के साथ गाली गलौज और धमकी मामले में वांछित आरोपी अतीक अहमद ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। बुधवार को कोर्ट से थाना प्रभारी और विवेचक को जानकारी दी गई। आरोपी आदमपुर थाने क्षेत्र के सरैया बटलोहिया के अमरपुर का निवासी अतीक अहमद है।
वीडीए ने अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सौंपा
वीडीए की ओर से बुधवार को अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा। नगवां वार्ड के ट्राॅमा सेंटर के आगे सामनेघाट रोड पर तेज बहादुर सिंह की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए एचएफएल दायरे में 190 वर्गमीटर में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। यहां भूतल पर कॉलम का निर्माण कार्य करने पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा के तहत नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके निर्माणकर्ता की ओर से चोरी छिपे निर्माण कराया जा रहा था।
मड़ौली में 4 घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम करवाया जा रहा है। इसमें बाधक बनने वाले बिजली के पोल, तार की शिफ्टिंग भी करवाई जा रही है। इस वजह से बृहस्पतिवार को लोहता उपकेंद्र के मड़ौली फीडर से सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक पीएसी, भुल्लनपुर, हरपालपुर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
25 सफाई मित्र बने सुपरवाइजर
नगर निगम प्रशासन ने 25 सफाई मित्रों को सफाई सुपरवाइजर पद पर पदोन्नत किया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले, वरिष्ठता के आधार पर 25 सफाई मित्रों को सफाई सुपरवाइजर के पद पर पदोन्नत किया। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर को स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ शहरों में अग्रणी पायदान पर लाने एवं साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में इनकी भूमिका सबसे अधिक और अग्रणी होती है। वरिष्ठता एवं साक्षात्कार के बाद योग्य पाए गए कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया।
सील बेसमेंट खाली कराकर बनेगी पार्किंग
वीडीए सभागार में बुधवार को वीडीए अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा की। उन्होंने सील मामलों की जांच एवं बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जोन वन के वार्ड शिवपुर, सिकरौल में शमन शुल्क 1,03,02,232 रुपये जमा कराए गए। जोन-2 के वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में शमन शुल्क के मद में कुल धनराशि 11,39,280 रुपये जमा कराए गए।
जिले में खुला नया दिव्याशा केंद्र
दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बुधवार को मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय स्थित पाणिनी भवन में 6 घंटे में 421 दिव्यांगाें ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों में अधिकतर आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और बिजली कनेक्शन जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी रहीं। जिले में नया दिव्याशा केंद्र खोला गया। संचालन उप निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग) सत्येंद्र कुमार ने किया।
बीएचयू के सहायक प्रोफेसर की पदोन्नति मामले में कुलपति से मांगा जवाब
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति से सहायक प्रोफेसर की पदोन्नति मामले में जवाब मांगा है। यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने सहायक प्रोफेसर डॉ. सुशील कुमार दुबे की अवमानना अर्जी पर दिया। कुलपति के अधिवक्ता ने दलील दी कि कोर्ट के आदेश का अनुपालन किया गया है। कुलपति ने एक अगस्त को कार्यभार ग्रहण किया। कार्यकारी परिषद का गठन किया गया है जिसमें याची की पदोन्नति से संबंधित मामले पर पुनर्विचार किया जाएगा।
आईआईटी में हुई राजभाषा हिंदी प्रतियोगिता
आईआईटी बीएचयू में बुधवार को राजभाषा अधिनियम, नियम और सामान्य हिंदी प्रतियोगिता हुई। एनी बेसेंट लेक्चर थियेटर में संस्थान के 24 गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भाग लिया। इसमें कर्मचारियों को हिंदी भाषा पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्न और शब्दों के पर्याय आदि चुनने थे। 30 सितंबर तक चलने वाले हिंदी पखवाड़ा के तहत ये प्रतियोगिता कराई गई। 19 सितंबर को काव्य गोष्ठी होगी। निरीक्षक सहायक कुलसचिव रवि कुमार, राजभाषा प्रकोष्ठ से उप कुलसचिव डॉ. अमित कुमार सिंह और संचालक शशांक पाठक मौजूद थे।
गर्गाचार्य ने कृष्ण का किया था नामकरण संस्कार
बीएचयू के मालवीय भवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार को आचार्य वेंकटेश मिश्र ने कहा कि वासुदेव ने अपने कुलगुरु गर्गाचार्य से गुप्त रूप से कृष्ण और बलराम का नामकरण संस्कार करने का अनुरोध किया था। गर्गाचार्य ने नंद बाबा के घर जाकर, एकांत में यह संस्कार किया और कहा कि बालक के बहुत से नाम और गुण होंगे, इसलिए इसका नाम कृष्ण होगा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के अन्य बाल लीलाओं का वर्णन किया।
जीवों में ईश्वर को देखना ही समभाव दृष्टि
कथाव्यास पं. शशिशेखर ने कहा कि जब भक्त अपने हृदय से कपट, दिखावे और अहंकार का त्यागकर भगवान के गुणों का गान करता है, तब दयालु श्रीराम उसे अपनी भक्ति सुलभ कराते हैं। दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय सभागार में चल रही श्रीराम कथा के चौथे दिन बुधवार को कथाव्यास ने कहा कि संसार के सभी जीवों में ईश्वर को देखना ही समभाव दृष्टि है।
अंतर्नाद की हुई मार्मिक और सशक्त प्रस्तुति
आश्विन नाट्य महोत्सव में बुधवार को नागरी नाटक मंडली में अंतर्नाद नाटक की मार्मिक व सशक्त प्रस्तुति हुई। कलाकारों ने त्रासदी के बीच प्यार खोने और बदलने के सफर की दास्तान को व्यक्त किया। मयंक कुमार द्वारा लिखित नाटक अंतर्नाद की भावपूर्ण प्रस्तुति सभी को प्रभावित किया। प्रमुख पात्रों में यशवर्धन दुबे, आध्या मोनानी, रिद्म सूर्यबंशी, आकाश, आकाश कुमार, अनुराग आदि शामिल रहे।
रक्तदाता राजेश को सीएम ने किया सम्मानित
काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब समिति के संस्थापक सचिव और रोटरी क्लब ब्लड डोनर्स वाराणसी के संस्थापक अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता सेंचुरियन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ में सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश रक्त संचरण परिषद की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर आयोजित कार्यक्रम में राजेश को 108 बार रक्तदान, प्लेटलेटस, प्लाज्मा दान करने के लिए यह सम्मान दिया गया। उनके सम्मान पर केशव जलान, निधिदेव अग्रवाल, प्रदीप इसरानी, नीरज पारिख, अमित गुजराती, नमित पारिख ने बधाई दी है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर नेत्र जांच शिविर आयोजित
यात्री दिवस पर बाबतपुर एयरपोर्ट पर पूर्वांचल नेत्रालय एवं रेटिना केयर सेंटर और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क नेत्र परीक्षण, जांच शिविर एवं दवा वितरण का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एयरपोर्ट के निदेशक पुनित गुप्ता और पूर्वांचल नेत्रालय के निदेशक बृजेश पांडेय ने किया।
शिविर में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारियों, अधिकारियों और सभी यात्रियों सहित लगभग 400 लोगों की आंखों की जांच की गई और दवाएं दी गईं। शिविर के आयोजन में पूर्वांचल नेत्रालय के निदेशक बृजेश पाण्डेय, डॉ. अखिलेश पांडेय, डॉ. नंदनी यादव, जेपी श्रीवास्तव और चिराग पांडेय, सत्यम के नेतृत्व में पूर्वाचल नेत्रालय की पूरी टीम उपस्थित थी।
शिवाकाशी होम्स ने आयोजित किया विशेष कार्यक्रम
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर शिवाकाशी होम्स ने एक विशेष गेट टू गेदर कार्यक्रम एवं प्रेस मीट का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन कंपनी के नए आवासीय प्रोजेक्ट स्थल सूरज एन्क्लेव, छोटालालपुर, पांडेपुर में किया गया। इस अवसर पर कंपनी के सदस्य, वेंडर, सप्लायर, मीडिया प्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे । कंपनी के चेयरमैन एनडी तिवारी ने सूरज एन्क्लेव का औपचारिक अनावरण करते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 2 एवं 3 बीएचके लग्जरी फ्लैट्स एलीट क्लास हेतु किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
भाई के प्रति भरत का प्रेम देख लीलाप्रेमी हुए निहाल
भरत जैसा आदर्श चरित्र विरल ही मिलता है। उनके भातृ प्रेम और त्याग की युगों-युगों से मिसाल दी जा रही है। कैकेई को क्या पता था कि उसके सारे स्वांग धरे रह जाएंगे। भरत उसका ऐसा प्रतिकार करेंगे। राम के बिना भरत को अयोध्या भाया ही नहीं सो सभी को लेकर चल दिए श्रीराम को मना कर वापस लाने।
रामलीला के बारहवें दिन बुधवार को अवध में भरतागमन, सभा, श्रीभरत जी का चित्रकूट प्रयाग, निषाद मिलन, गंगावतरण, भारद्वाज आश्रम निवास की लीला हुई। भरत प्रसंग में भरत ननिहाल से अयोध्या लौटे। सारा वृत्तांत जानने के बाद भरत कैकेई पर फट पड़े। अन्य प्रसंगों की लीला के साथ रामलीला को विराम दिया गया।
श्री आदि रामलीला लाटभैरव वरुणा संगम काशी की प्राचीन रामलीला के दौरान कैकई कोप भवन की लीला हुई। मंथरा ने कैकई के हृदय में भरत के प्रति ममता दिखाकर राम के लिए द्वेषपूर्ण भाव जगा दिया। कैकेई कोप भवन में चली गई। दशरथ कोप भवन पहुंचे तो कैकेई के वचनों को सुन अवाक रह गए। चिरईगांव के जाल्हूपुर और शिवपुर की रामलीला में रामनगर के ही प्रसंगों की लीला हुई।
प्रदर्शनी में दिखी आत्मनिर्भर भारत की झलक
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार से 16 दिवसीय विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत एवं डिजिटल भारत की संकल्पना विषयक प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। उद्घाटन राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने किया। दो अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की झलक देखने को मिली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि चित्रों के माध्यम से केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन आम जनमानस के लिए किया गया है। इस मौके पर महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र राय, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, चीफ प्राक्टर आदि मौजूद रहे।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
काशी सांसद फोटोग्राफी, स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का समापन बुधवार को सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। इस मौके पर कला और प्रतिभा का अनोखा संगम देखने को मिला। शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दाैरान सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और मेडल दिए गए। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को भी प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने भी प्रतियोगिता को सराहनीय पहल बताया। स्वागत भाषण जिला विद्यालय निरीक्षक सह प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने किया। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और सीडीओ हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पांडेय ने किया। निर्णायक मंडल में सुनील विश्वकर्मा, हीरालाल प्रजापति और मनीष खत्री ने प्रथम दिवस से ही निर्णायक की भूमिका निभाई।
काशी विद्यापीठ में कल होगा स्काउट का कोर्स
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के भारत स्काउट और गाइड की ओर से बिगिनर्स कोर्स का आयोजन बृहस्पतिवार को किया गया है। बसमत्ती देवी संकटा प्रसाद महिला महाविद्यालय खोचवां में होने वाले समारोह में स्काउटिंग और गाइडिंग के मूल सिद्धांतों से परिचित कराया जाएगा। जिला मुख्य आयुक्त प्रो. रमाकांत सिंह ने बताया कि संस्था का बिगिनर्स कोर्स एक प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। कुलसचिव/ जिला सचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने कहा कि इसमें महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधकों से रोवर लीडर एवं रेंजर लीडर को प्रतिभाग कराने को कहा गया है।
प्रो. बनिब्रत को वैली ऑफ वर्ड्स पुरस्कार
बीएचयू में अंग्रेजी विभाग के प्रो. बनिब्रत महांता को वैली ऑफ वर्ड्स पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। कुसुम खेमानी के उपन्यास लावण्यादेवी का अंग्रेजी में अनुवाद करने के लिए उन्हें पुरस्कृत किया गया। इससे पहले इसी अनुवाद के लिए अनुवादक प्रो. महांता को अमेरिका ने पीईएन और एचईआईएम अनुवाद अनुदान’ 2021 दिया गया था। ‘लावण्यादेवी’ एक अंतरपीढ़ी गाथा है। यह महिलाओं के अनुभवों और उनकी दुनिया के साथ संबंधों, उनकी हंसी-खुशी, एकजुटता, दुख और तेजी से बदलती दुनिया में स्वयं को खोजने की निरंतर यात्रा पर आधारित है।
बीएचयू के वैज्ञानिक को यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड
बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत सिंह को बेस्ट यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू में आयोजित 10वें एशियन पीजीपीआर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान मिला। डॉ. सिंह ने पौधा, सूक्ष्मजीव अंतःक्रिया, डिफेंस प्राइमिंग और सतत फसल संरक्षण के लिए सूक्ष्मजीवीय मेटाबोलाइट्स के उपयोग पर शोध किया है। उनके शोध से जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा जैसी वैश्विक चुनौतियों का समाधान मिला है।
आईआईटी बीएचयू ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
आईआईटी बीएचयू के प्रोफेसरों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने स्वच्छता की शपथ दिलाई। प्रो. पात्रा ने कहा कि व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयास ही इस दिशा में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। इस दौरान स्वच्छता, सतत विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। संकल्प में कहा कि स्वच्छता केवल आज के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है।
प्रो. विकाश बने आईआईटी बीएचयू के एसडीजी प्रभारी
आईआईटी बीएचयू में बायो केमिकल इंजीनियरिंग के प्रो. विकाश दुबे को सस्टनेबल डेवलपमेंट सेंटर (एसडीजी) का प्रभारी नियुक्त किया गया। यह एक वर्चुअल सेंटर है। निदेशक कार्यालय की ओर से सूचना जारी कर बताया गया कि प्रो. विकाश दुबे सतत विकास लक्ष्यों पर आधारित कार्यों का समन्वय करेंगे। इसके साथ ही रैंकिंग के लिए डेटा सेल को आंकड़े भी उपलब्ध कराएंगे। वह इससे पहले आईआईटी बीएचयू में डीन भी रह चुके हैं।
एनसीसी में भर्ती के लिए विद्यार्थियों ने लगाई दौड़
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एनसीसी में भर्ती के लिए मंगलवार को छात्रों ने दौड़ लगाई। शारीरिक माप और लिखित परीक्षा के बाद विश्वविद्यालय से 46 छात्रों को चुना गया। इसमें 31 छात्र और 15 छात्राओं का चयन हुआ। विश्वविद्यालय के दीक्षांत परिसर में एनसीसी की 46 सीटों पर भर्ती के लिए 71 छात्रों ने दावेदारी की। एनसीसी अधिकारी डॉ. नितिन आर्य ने बताया कि विश्वविद्यालय में कुल 46 सीटों पर भर्ती हुई है। कैंपस के बटालियन से आए पीआई स्टाफ की देखरेख में सबसे पहले विद्यार्थियों ने दौड़ लगाई। इसके बाद शारीरिक माप और फिर लिखित परीक्षा हुई।
बीएचयू : बीपीए और बीएफए का दूसरा कटऑफ जारी
बीएचयू में बीपीए (बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स ) और बीएफए (बैचलर औफ फाइन आर्ट्स) में स्नातक दाखिले के लिए दूसरा कटऑफ जारी कर दिया गया है। सबसे ज्यादा कटऑफ सितार के साथ शास्त्रीय गायन में 726 अंक और सबसे कम इसी विषय में एससी वर्ग के अभ्यर्थियों का 197 अंक तक है।
यानी कि सितार के साथ शास्त्रीय गायन में सामान्य और एससी वर्ग के बीच 423 अंक का अंतर रहा। पहले राउंड में भी इस विषय से स्नातक में इतना ही कटऑफ पहुंचा था। अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी कर फीस जमा करने की तिथि निर्धारित कर दी गई है। फीस जमा करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार है। इसके बाद संगीत एवं मंच कला संकाय और दृश्य कला संकाय के विभागों में रिपोर्ट करना है।
प्रो. चंदोला को डिस्टिंग्विश्ड इंजीनियर अवॉर्ड
इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स ने कृषि विज्ञान संस्थान के प्रो. वीके चंदोला को प्रतिष्ठित (डिस्टिंग्विश्ड) इंजीनियर अवॉर्ड से सम्मानित किया है। प्रो. चंदोला को यह सम्मान कृषि अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और नवाचारी योगदान के लिए दिया गया। इसमें कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि रूप में पहुंचे थे।
संस्कृत विवि में अगले सप्ताह मिलेगा दीक्षांत परिधान
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अगले सप्ताह दीक्षांत परिधान दिया जाएगा। इसके लिए परीक्षा विभाग की ओर से पदक और उपाधि पाने वालों की सूची तैयार कराई जा रही है। दीक्षांत परिधान के लिए विद्यार्थियों को 250 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
परीक्षा विभाग ने उपाधि हासिल करने वालों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से इसी सप्ताह पदक और उपाधि पाने वालों की सूची फाइनल कर दी जाएगी। कुलसचिव राकेश कुमार ने कहा कि सभी स्नातकों को 23 सितंबर तक स्वीकृति पत्र कुलसचिव कार्यालय में जमा करना है। 24-25 सितंबर को सुबह 10 बजे स्वीकृति प्रारूप दिखाकर और 250 रुपये जमाकर परिधान, वस्त्र और उपाधि प्राप्त कर सकते हैं।
आईआईटी का दीक्षांत समारोह 16 को
आईआईटी बीएचयू का 14वां दीक्षांत समारोह इस बार 16 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक सत्र 2024–25 के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में सफल विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।