फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में दो लोगों ने लगाया फंदा, नदी में डूबा युवक, गंगा का जलस्तर; पढ़ें खबरें

Sat, 06 Sep 2025 05:43 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत कटेसर गांव में शुक्रवार की सुबह पान विक्रेता सूरज वर्मा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। वह वाराणसी के चौक पियरी का रहने वाला था और बांस फाटक पर चाय-पान की दुकान थी। वह कटेसर में किराये के मकान में रहता था। पुलिस के अनुसार, सूरज गृह कलह से परेशान था।

विज्ञापन


मुगलसराय कोतवाली प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि सूरज के पिता की आठ माह पहले मृत्यु हो गई थी। 10 वर्ष पहले उसने प्रेम विवाह किया था। उसके दो बच्चे हैं। शादी के बाद पति-पत्नी में विवाद होने लगा। एक सप्ताह पहले विवाद होने पर पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। 

बीती रात वह दुकान से कमरे में पहुंचा और खा पीकर सो गया। सुबह देर तक उसके नहीं जागने पर मकान मालिक को शक हुआ और वह जगाने पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर भी आवाज नहीं मिली। खिड़की से झांक कर देखा तो फंदे से सूरज का शव लटक रहा था। सूचना पाकर जलीलापुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

विज्ञापन

कर्ज से परेशान सफाईकर्मी ने फंदा लगाकर दी जान
शिवपुर थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास में शनिवार की सुबह सफाई कर्मी सुरेश जायसवाल 55 वर्ष ने फंदे पर लटक जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बेटी ने पुलिस को बताया कि पिता ने 10 लाख का कर्ज ले रखा था, तगादा करने वाले आएदिन घर आकर धमकी देते थे। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने बताया कि कर्ज के दबाव में सुरेश जायसवाल ने यह कदम उठाया। अन्य छानबीन की जा रही है। पत्नी कमल और बेटी सरस्वती है।

गोमती में डूबने से युवक की मौत, 5 घंटे बाद बाहर निकाला शव
चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार वनस्पति घाट वरुणा नदी में नहाने के दौरान शुक्रवार दोपहर शिवम (20 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई। एनडीआरएफ ने 5 घंटे की खोजबीन के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

चोलापुर थाना क्षेत्र के वीरापट्टी निवासी शिवम अपने ननिहाल चौबेपुर खुर्द निवासी रिटायर्ड शिक्षक नाना श्यामलाल के यहां गया। खुर्द गांव अपने मित्र सचिन, साहिल, प्रिंस के साथ नहाने के लिए दोपहर 12 बजे वनस्पति घाट नियार पहुंचा। दोस्त प्रिंस ने पुलिस को बताया कि शिवम को नहाने से मना किया जा रहा था लेकिन गोमती नदी में उसने छलांग लगा दी। जब वह डूबने लगा गमछा फेंक कर उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव के चलते नदी में समा गया। उसे तैरना नहीं आता था।

उधर, नाती की डूबने की सूचना मिलते ही रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल और खुर्द दलित बस्ती के लोग घाट पहुंचे। खोजबीन शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि एसडीआरएफ पहुंची लेकिन उसका ईंधन खत्म हो गया। बाद में एनडीआरएफ ने किसी तरह खोजबीन के बाद शव को बाहर निकाला।

नर्सिंग छात्राओं ने चिकित्सक पर दर्ज कराया छेड़खानी का केस
नर्सिंग छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी एक मेडिकल काॅलेज के चिकित्सक पर रोहनिया थाने में केस दर्ज किया गया। दो सितंबर को बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष दो की छात्राओं ने पुलिस से बताया कि रात में डॉक्टर ने छेड़खानी की। इस बीच छात्राओं ने धरना प्रदर्शन किया था। छात्राओं की शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर को निष्कासित कर दिया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

बकरी चराने निकला किशोर गायब, अपहरण का मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुरदासपुर में बकरी चराने घर से निकला राज पटेल 14 वर्ष गायब हो गया। पिता ने पुलिस को बताया कि बेटा राज पटेल गुरुवार की दोपहर बकरी चराने जद्दूपुर गांव गया था, जो देर शाम घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन की। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।

महिला सब्जी विक्रेता से छेड़खानी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला सब्जी विक्रेता के साथ छेड़खानी हो गई। पीड़िता ने शुक्रवार को मिर्जामुराद थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। महिला ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह सब्जी बेचने निकली थी। रास्ते में एक युवक ने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी। मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।

करंट की जद में आने से युवक झुलसा
आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा निर्माणाधीन पुल के नीचे बीती रात करंट लगने से मुन्ना अंसारी (30) झुलस गया। मौजूद लोगों ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जैतपुरा के नक्खीघाट निवासी मुन्ना अंसारी (30) देर रात अपने दोस्तों के साथ गोलगड्डा की ओर जा रहा था।

इसी दौरान पुल के नीचे वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के नीचे बिजली के तार और कनेक्शन अव्यवस्थित रूप से पड़े रहते हैं। मुन्ना अंसारी निर्माण कार्य के लिए उपयोग किए जा रहे करंट तार की जद में आकर झुलस गया है।

13 वर्षीय बालिका घर से लापता, मां ने दर्ज कराया मुकदमा
आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा से 13 वर्षीय बालिका लापता हो गई। पीड़ित मां ने शुक्रवार को आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता मां ने पुलिस को बताया कि वह पिछले चार माह से कज्जाकपुरा लाट भैरव के पास नये मकान में अपनी दो बेटियों के साथ रह रही हैं। बीते मंगलवार को वह बाजार गई थीं। शाम को घर लौटने पर बड़ी बेटी ने बताया कि छोटी बहन सुबह घर से निकली थी और अब तक वापस नहीं लौटी है। मां ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आदमपुर थाने में केस दर्ज किया गया।

कुआं पर सामान रखने को लेकर मारपीट, युवक घायल
रामनगर थाना क्षेत्र के गोलाघाट मोहल्ले में शुक्रवार की दोपहर कुएं पर सामान रखने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में चंदन चौहान 26 वर्ष घायल हो गया, जिसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार गोलाघाट में दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश है। दोपहर में कुआं पर सामान रखने को लेकर विवाद हुआ जो मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान चंदन चौहान को गंभीर चोट लगी है। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उस पर बैट से हमला कर दिया। चंदन मार्बल का काम करता है। चंदन के परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।

उचक्कों ने बिल्डिंग मटेरियल्स की दुकान से उड़ाए 75 हजार रुपये
राजातालाब थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बाइक सवार दो युवकों ने एक दुकान से 75 हजार रुपये उड़ा दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरा बाजार में सुबह 10 बजे बाइक सवार उचक्के वैष्णो माता बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान पर पहुंचे। इस दौरान एक ने दुकानदार को बात में फंसाए रखा और दूसरे युवक ने काउंटर से 7500 रुपए चोरी कर लिए। बाद में दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई। घटनाक्रम दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद है। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर शुक्रवार की रात 10 बजे बनकट गांव के पास अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। जिससे मौके पर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने युवक को इलाज के लिये पंडित दीनदयाल हॉस्पिटल भेजा।

14 घंटे में 24 सेंटीमीटर बढ़ गया गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में एक बार फिर से बढ़ोत्तरी फिर से शुरू हो गई है। शुक्रवार को 14 घंटे में गंगा के जलस्तर में 24 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी बाढ़ बुलेटिन के अनुसार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 68.48 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही थी। शाम को 7 बजे गंगा के जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार तीन गुना हो गई। जलस्तर तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। रात 10 बजे गंगा का जलस्तर 68.72 मीटर तक पहुंच चुका था।

मिंट हाउस के होटल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
कैंट थाना क्षेत्र के मिंट हाउस स्थित एलचिको होटल में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई जिससे होटल में रुके मेहमानों में अफरातफरी मच गई। सभी लोग कमरे छोड़कर होटल से बाहर आ गए। होटलकर्मियों ने वहां लगे फायर सिस्टम और उपकरणों से तत्काल ही आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक पूरे होटल में धुआं भर गया। आग होटल के दूसरे फ्लोर पर कमरा नंबर 206 में लगी थी। फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही होटल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

पुलिस के सेवा, समपर्ण और संकल्प को आज शौर्य सम्मान
अमर उजाला की मुहिम मां तुझे प्रणाम के तहत शनिवार को कमिश्नरेट के 40 पुलिस और एनडीआरएफ के 5 जवानों को शौर्य श्री सम्मान 2025 से नवाजा जाएगा। यातायात पुलिस लाइन सभागार में दोपहर 12.30 बजे पुलिस के सेवा, समर्पण और संकल्प को सम्मान मिलेगा।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल शांति और कानून व्यवस्था बरकरार रखने में अहम भूमिका वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। विशिष्ट सहयोगी उत्कर्ष स्माल फायनेंस बैंक, नवरतन ज्वैलर्स, कोरल ग्रुप, आर्यन प्रॉपर्टीज, नगर निगम, रूद्रा, इंंडियन ऑयल है।

सहयोगी में पीतांबरी, एजीआर ऑटोमोबाइल्स, वाराणसी पब्लिक स्कूल, बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, अजय कुमार टेक्नो अर्बन, अटलांचर, एसएमएस, यूनियन बैंक, वीडीए, मिल्स, रोमा, विन्सॉम डेवलपर, ट्रूसो, रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन, टाटा पावर सोलररूफ, बीबीजे, राजश्री स्वीट्स, स्वामी अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय, बसंत बहार, फेरोस, पारस, टीके आदि हैं।

मकान बेचने के नाम पर 60 हजार की ठगी
मकान बेचने के नाम पर 60 हजार रुपये की ठगी मामले में शुक्रवार को स्थानीय थाने में दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया। चौकाघाट के रहने वाले पीड़ित निकेत कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह ट्यूशन पढ़ाते हैं। 400 वर्गफीट में बने मकान को खरीदने की इच्छा जताई और होम लोन लेने के लिए 9 फरवरी 2025 को नरायनपुर चौबेपुर के लक्ष्मीकांत पाठक व अशोक गुप्ता से बात हुई तो 60 हजार रुपये उन्हें दे दिए।

जब लोन के लिए कागजात बैंक में जमा किए तो पता चला कि मकान पर पहले से बैंक का लोन हैं। जब लक्ष्मीकांत व अशोक गुप्ता से अपना पैसा मांगने लगा तो लोग हीलाहवाली करने लगे और धमकी दे रहे है कि पैसा नहीं देंगे। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

घर में घुसकर गले पर पेचकस से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
चितईपुर थाना क्षेत्र के नासीरपुर स्थित विवेक नगर कॉलोनी में प्रेमचंद पांडेय के घर में घुसकर पेचकस से हमला करने के आरोपी गौरव पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बीती शाम को आरोपी गौरव ने पेचकस से प्रेमचंद के गले पर हमला किया। प्रेमचंद की पत्नी विमला पांडेय के शोर मचाने पर आरोपी को किरायेदारों ने पकड़ा और पुलिस को सौंपा। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि लंका छित्तूपुर निवासी गौरव पांडेय को गिरफ्तार किया गया। आरोपी इसके पूर्व भी प्रेमचंद पर हमला कर चुका है। 

लूट मामले का आरोपी गिरफ्तार
चेतगंज थाने की पुलिस ने लूट मामले में वांछित आरोपी टाइगर उर्फ कुनाल श्रीवास्तव को लकड़ी मंडी चौकाघाट से शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लूट का मोबाइल बरामद हुआ। एसीपी चेतगंज के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सिंधोरा थाना क्षेत्र के जाठी गांव का निवासी है। 

दुष्कर्म मामले का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के मामले में वांछित सत्यम कुमार सोनी उर्फ प्रधान को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने बीती शाम गोइठहां से गिरफ्तार किया। आरोपी सत्यम कुमार सोनी उर्फ प्रधान निवासी ओम नगर काॅलोनी और मूल निवासी सैदपुर गाजीपुर का है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 3 सितंबर को पीड़ित पिता ने सत्यम प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कराया था। उधर, चोरी के मामले में आरोपी महिला को पुलिस ने अकथा चौराहे से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए गए। 

किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार, अपहर्ता बरामद
किशोरी को बहला-फुसला कर अगवा मामले में आरोपी अनुज को लोहता पुलिस ने शुक्रवार को मुढैला तिराहा से गिरफ्तार किया। लोहता के चंदापुर निवासी आरोपी अनुज के कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया गया। थानाध्यक्ष निकिता ने बताया कि पीड़ित पिता ने अनुज के खिलाफ 3 सितंबर को केस दर्ज कराया था।

घर से निकली युवती अचानक लापता
चोलापुर क्षेत्र के धरसौना ग्राम निवासी युवती घर से लापता है। परिजनों ने शुक्रवार को चोलापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। धरसौना निवासी अनुराग शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी 18 वर्षीय बहन एक सितंबर को घर से किसी कार्यवश निकली लेकिन वापस नहीं आई। चोलापुर थाना निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर युवती की खोजबीन की जा रही है। 

पैमाइश के पत्थरों को उखाड़ने में 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के पनिहरी गांव में राजस्व विभाग व पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश की जमीन से पत्थर उखाड़कर फेंकने में पांच के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज किया गया। उत्तराखंड के हरिद्वार ज्वालापुर के शिव विहार काॅलोनी निवासी प्रांजल श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उनकी जमीन पनिहरी में है।

19 अगस्त को राजस्व विभाग की टीम व पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश कराई गई थी, जिसे पनिहरी गांव के इनरू पाल, भीमपाल,सीमल पाल,पन्ना पाल ,मुन्ना पाल ने पत्थरों को उखाड़ कर फेंक दिया। इस बीच विरोध करने पर जान मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

लूट की सूचना पर दिन भर हलकान रही पुलिस, पीड़ित और आरोपी दोनों गायब
चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा स्थित रिंगरोड चौराहे पर शुक्रवार की तड़के ट्रक चालक और खलासी की पिटाई और असलहे से बल पर लूट की घटना से पुलिस दिन भर हलकान रही। पीड़ित और आरोपियों का बाद में पता नहीं चला।

पुलिस को सूचना मिली कि संदहा चौराहे पर चार युवकों ने एनएचएआई का अधिकारी बन कर ट्रक रुकवाया। चालक व खलासी को तमंचा दिखाकर नीचे उतारा और मारपीट की। मोबाइल व नकदी लूटकर भाग निकले। पीड़ित ट्रक चालक व खलासी का किसी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर चौबेपुर पुलिस सक्रिय हुई। 

लूट और वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए प्रयास करती रही। शाम तक घटना से संबंधित कोई पुख्ता जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी। चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में अब तक पीड़ित पक्ष सामने नहीं आया और नहीं कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और मामले के तह तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध रूप से संचालित बालू मंडी में रात भर ट्रकों का आना-जाना लगा रहता है। इस प्रकार की घटनाएं प्रायः ट्रक ड्राइवरों के साथ होती है लेकिन बाहरी होने के चलते शिकायत से कतराते हैं। वहीं बालू के ग्राहक व राहगीर भी कभी-कभी इन युवाओं का शिकार हो जाते हैं।

कर्दमेश्वर महादेव के विकास के लिए हुआ भूमि पूजन
काशी की पंचक्रोशी यात्रा के प्रथम पड़ाव कर्दमेश्वर महादेव मंदिर और बिंदु सरोवर के विकास के लिए शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और रोहनिया विधायक डाॅ. सुनील पटेल ने भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि काशी के विकास के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग प्रतिबद्ध है। उसी क्रम में कंदवा के विकास और सुंदरीकरण के लिए 4.86 करोड़ रुपये दिए हैं।

इससे कर्दमेश्वर महादेव मंदिर व बिंदु सरोवर के साथ आसपास के क्षेत्र का विकास किया जाएगा। बताया कि जिले के आध्यात्मिक परिपथ पंचक्रोशी का सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है। भूमि पूजन में कंदवा के पार्षद प्रतिनिधि गोपाल जी पटेल, अजय कुमार, राम सिंह यादव, प्रकाश उर्फ मल्लू, विनीत सिंह आदि मौजूद रहे।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ को राष्ट्रीय महत्व का दर्जा दिलाना लक्ष्य
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय महत्व का दर्जा दिलाना लक्ष्य है। इसको पूरा करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर समर्पित भाव से लगना होगा।

कुलपति ने कहा कि शिक्षक दिवस जैसे अवसर पर हमें आत्ममंथन एवं आत्म निरीक्षण करने का मौका मिलता है। मेरे लिए काशी विद्यापीठ का विकास प्रमुख है। नैक मूल्यांकन में सी ग्रेड से ऊपर उठना भी सामूहिक प्रयास से संभव हुआ। वह दिन दूर नहीं जब काशी विद्यापीठ अकादमिक स्तर के उच्चतम पायदान पर होगा। 

प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। समारोह में प्रो. अशोक कुमार मिश्र, प्रो. केके अग्रवाल ओर प्रो. केएस जायसवाल को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संचालन डीन एकेडमिक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने किया।

काशी विद्यापीठ में 30 कोर्स में ऑनलाइन आवेदन का आज अंतिम मौका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में एमए योग एवं पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग एंड जीआईएस सहित 30 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सात सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। दो सितंबर से समर्थ पोर्टल से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। 

कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के आदेशानुसार 30 पाठ्यक्रमों में समर्थ पोर्टल के माध्यम से पुनः आवेदन करने के लिए समर्थ पोर्टल ओपेन किया गया है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से सात सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन अभ्यर्थी कर सकते हैं। पाठ्यक्रमों की सूची काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड है।

लाटभैरव को लगी हल्दी, महिलाओं ने गाए मंगलगीत
बाबा लाटभैरव के वैवाहिक उत्सव का रंग शुक्रवार को और चटख हो गया। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से हल्दी उत्सव में पीले परिधान में उपस्थित महिलाओं ने बाबा लाटभैरव के विग्रह पर हल्दी का लेपन किया। इसके पूर्व लोकगीत की गायन टोली ने सहायक कलाकारों की संगत में गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का आरंभ किया।

हारमोनियम की सरगम, ढोलक की थाप, मंजीरे की झंकार के साथ महिलाओं ने कई मंगलगीत गाए। लोगों ने बाबा दरबार में नृत्य से हाजिरी लगाई। इस दौरान पूनम सिंह, नीना सिंह, शिखा सिंह, नंदिता जायसवाल, रोली त्रिपाठी, सिमरन जायसवाल, तारा देवी, सृष्टि वर्मा, ज्योति सेठ, गीता देवी केशरी, बिना जायसवाल, रीना अग्रहरि, आयुषी साठे आदि रही।

तेरहवीं की जगह श्रद्धांजलि सभा में हुआ पौधरोपण
पूर्व कोलअसला विधायक रामकरन पटेल की पत्नी जगपत्ती देवी के निधन पर उनके पुत्र डॉ कमल पटेल ने तेरहवीं की जगह श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन मंगारी में किया। यहां उन्होंने समाज को एक संदेश देने के लिए पौधरोपण परिवार के लोगों ने किया। कांग्रेस के पूर्व विधायक र की पत्नी की श्रद्धाजंलि सभा में विधायक के अलावा विभिन्न दलों के अलावा शिक्षाविद, कवि आदि ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 

सभा की अध्यक्षता कवि मेवालाल ने की। संचालन मोहसिन रजा शास्त्री व धन्यवाद ज्ञापन डॉ कमल पटेल ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने पूर्व विधायक के परिवार के ईमानदारी व सेवाभाव पर विचार व्यक्त किया। रोहनिया विधायक डॉ सुनील पटेल, ब्लॉक प्रमुख विद्यापीठ प्रवेश पटेल, बसपा की जिला पंचायत सदस्य अर्चना पटेल, अपना दल के राजेश पटेल आदि ने अपने विचार रखे।

दालमंडी चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले लोगों से भी आपत्ति ले प्रशासन
दालमंडी के चौड़ीकरण मामले में अंजुमन मसाजिद के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने बयान जारी किया। उन्होंने न केवल प्रशासन को मुबारकबाद दिया बल्कि सुझाव दिया कि क्षेत्र के प्रभावित लोगों से आपत्ति भी मांगी जानी चाहिए। उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। तभी यह प्रोजेक्ट ऊंचाईयों के शिखर पर पहुंचेगा। इसमें सभी का सहयोग शामिल होगा। उम्मीद करता हूं कि प्रशासन इस सुझाव को स्वीकार कर एक अच्छे माहौल में प्रोजेक्ट को पूरा करेगा।

कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर लगा आग से बचाव के लिए हौज पाइप
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1 से 9 पर अग्निशमन के लिए नया हौज पाइप और कैबिनेट लगाने का काम पूरा हो गया। इस पूरी व्यवस्था के लगने से अब आग लगने जैसी घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सकता है। कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि प्लेटफॉर्म 1 पर मुख्य बिल्डिंग होने के कारण यहां पर 4 कैबिनेट लगाए गए हैं। बाकी प्लेटफार्मों पर 1-1 कैबिनेट लगाए गए हैं। 

बताया कि हर कैबिनेट में 30 मीटर फायर हौज पाइप और नोजल रखा गया है। 12 कैबिनेट में कुल 360 मीटर होज पाइप रखा गया है। आपातकाल में इन हौज पाइप को ट्रैक के किनारे पहले से लगाए गए हाइड्रेंट वाल्व से जोड़कर अग्निशमन हेतु इस्तेमाल किया जा सकता है। आग लगने की घटना से बचाव के उद्देश्य से सभी कर्मचारियों को दमकल विभाग से प्रशिक्षित करवाया जा रहा है।

सिंधौरा बाजार की साढ़े आठ साल की बच्ची में डेंगू की पुष्टि
जिले में डेंगू का संक्रमण धीरे धीरे ही सही बढ़ता जा रहा है। इस सप्ताह सोमवार को दो, बुधवार को एक मरीज मिलने के बाद अब शुक्रवार को सिंधौरा बाजार की रहने वाली साढ़े आठ साल की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्ची का इलाज ककरमत्ता स्थित पापुलर हॉस्पिटल में चल रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक भारद्वाज ने बताया कि बुखार से ग्रसित बच्ची की पीसीआर जांच करवाई गई तो उसकी रिपोर्ट देर शाम पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना सीएमओ कार्यालय को नियमानुसार दे दी जाएगी। बताया कि पीसीआर रिपोर्ट से डेंगू की स्पष्ट जानकारी मिलती है।

जनसंपर्क और जनसुनवाई कर जनता की सुनी समस्या
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कैन्ट मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सिगरा वार्ड स्थित जुड़िया गली में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा शिवाजी नगर जनसंपर्क कार्यालय, महमूरगंज में जनसुनवाई की। इस दौरान मंडुवाडीह निवासी बनारसी राय ने गली के बीच में बिजली का खंभा गाड़ने की शिकायत की। विधायक ने जांच कर कार्रवाई करने को कहा।

कैंट रेलवे स्टेशन पर आई छह एटीवीएम
कैंट रेलवे स्टेशन पर 6 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) मंगवाई गई है। इन मशीनों के आने के बाद अब यात्रियों को टिकट काउंटर पर लाइन लगाने से छुटकारा मिलेगा। लोग अपनी सहूलियत के हिसाब से एटीवीएम से टिकट ले सकेंगे। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि पहले से स्टेशन पर 24 एटीवीएम थी, अब 6 आने पर इसकी संख्या 30 हो गई है। किसी मशीन के खराब हो जाने पर अधिकृत कंपनी द्वारा उसकी मरम्मत में समय लगता था। 

सीएम योगी ने आर्य महिला की शिक्षिका छाया खरे को किया सम्मानित
जहां वर्षों तक बेटियों को पढ़ने की आजादी नहीं दी गई। किसी तरह 10वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कम उम्र में ही शादी कर दी जाती थी, आज वहां की बेटियां पढ़ाई की बदौलत डॉक्टर और इंजीनियर बन रही हैं। स्कूली शिक्षा में सुधार के साथ ही सामाजिक व्यवस्था में बदलाव पर विशेष योगदान देने वाली शिक्षिकाओं को शुक्रवार को शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया।

इसमें आर्य महिला इंटर कॉलेज की अध्यापिका छाया खरे भी शामिल रहीं। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा में महिलाओं का भी विशेष योगदान रहता है। जहां मैं पढ़ाती हूं, वहां की बेटियां आज अपने सपनों को नई पहचान दे रहीं हैं। नवाचार के जरिये छात्राओं को स्टार्टअप के बारे में जानकारी देती हूं। यदि नौकरी न लगे तो कम से कम स्वरोजगार के जरिए कुछ नया कर सकेंगी।

क्लबों ने 17 शिक्षकों को किया सम्मानित
शिक्षक दिवस पर क्लबों ने भी शिक्षकों को सम्मानित किया। रोटरी क्लब वाराणसी सारनाथ ने शिक्षक अलंकरण समारोह का आयोजन प्राथमिक विद्यालय राजा दरवाजा में किया। छह शिक्षक और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। इसमें क्लब के अध्यक्ष निशा श्रीवास्तव, विद्यालय के प्रधानाचार्य सच्चाराम यादव, अंजू तिवारी, दीपक श्रीवास्तव, अंशु सिंह आदि रहीं।

रोटरी क्लब बनारस की ओर से महमूरगंज स्थित एक होटल में 11 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि संगीतज्ञ डॉ. राजेश्वर आचार्य शिक्षकों को सम्मान दिया। इस मौके पर अमिताभ भट्टाचार्य, डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी, विजय कुमार जायसवाल, डॉ. कर्मराज सिंह, दीपक श्रीवास्तव आदि रहे।

पारा 2.5 डिग्री चढ़कर 35.4 डिग्री पहुंचा
बनारस में फिर से गर्मी का मीटर ऊपर चढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दिन भर की तपती धूप के बाद दोपहर में हल्की बारिश की फुहारों ने मौसम खुशनुमा बना दिया। शुक्रवार को शहर तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा 35.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री ऊपर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान लंका, बीएचयू, सामनेघाट, सुंदरपुर, बरेका, मंडुआडीह, भेलूपुर, अखरी आदि इलाकों में दो तीन घंटे तक बारिश जैसी स्थिति बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बनारस में बारिश का अलर्ट तो नहीं है लेकिन 11 सितंबर तक बारिश के अनुमान हैं। 

किसान खतौनी व आधार से लें उर्वरक: डीएम
उर्वरक वितरण में गड़बड़ी की समस्या को दूर करने के लिए किसानों को खताैनी देना होगा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि किसान अपनी जोत एवं बोई गई फसल के क्षेत्रफल के आधार पर वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय एवं प्रयोग करें। खाद खरीदते समय खतौनी और आधार कार्ड जरूर लेकर जाएं। 

पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर ही उर्वरकों की खरीदारी करें और उर्वरक खरीद की रसीद जरूर लें। ताकि पारदर्शी तरीके से उन्हें सब्सिडी का लाभ मिल सके। संगम सिंह मौर्य ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसानों को यूरिया और डीएपी जैसे प्रमुख उर्वरकों पर 75.51 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है। अब तक किसानों को करीब 21434 मीट्रिक टन यूरिया और 5616 मीट्रिक टन डीएपी दिया जा चुका है। 

मंडुवाडीह में 3 घंटे गुल रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण के कराए जा रहे काम की वजह से डीपीएच मंडुवाडीह से निकलने वाले तीन फीडरों से शनिवार को तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। एसडीओ जितेंद्र ने बताया कि फीडर टाउन 1 और टाउन 2 से सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके साथ ही फीडर टाउन चार के प्रीवेंटिव मेंटेनेस के लिए भी 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। इस कार्य की वजह से कैंट, सुभाषनगर, मलदहिया, मारवाड़ी चौराहा आदि इलाकों में आपूर्ति प्रभावित रहेगी। 

रोहनिया में ट्रक से एक क्विंटल गांजा बरामद
रोहनिया पुलिस व एसओजी 2 की टीम ने शुक्रवार की रात अखरी बाई पास से ट्रक से 26 पैकेट लगभग एक क्विंटल गांजा बरामद किया। इस दौरान तस्कर संजय कुमार दुबे को गिरफ्तार किया। डीसीपी वरुण प्रमोद कुमार ने बताया कि बिहार रोहतास दावथ थाना क्षेत्र के अथडीहा का रहने वाले आरोपी संजय दुबे से पूछताछ की जा रही है। रोहनिया पुलिस व एसओजी 2 की टीम को सूचना मिली कि हाईवे डीसीएम ट्रक गुजरने वाली है, जिसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ है। ट्रक को पकड़ा गया। 

गांधी जयंती पर निगम एक घंटे में लगाएगा 2 लाख से ज्यादा पौधे
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस, वृहद पौधरोपण और अन्य कार्यों  की समीक्षा शुक्रवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में की। उन्होंने महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्तूबर को सूजाबाद डोमरी में 2.18 लाख पौधे एक घंटे में लगाने का लक्ष्य रखा है। 

सभी पेड़ों की लंबाई 4 फीट से कम नहीं होगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से जोन और सेक्टर का निर्धारण करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मेयर ने जल निगम की ओर से 18 वार्डों में समय से पेयजल की डीपीआर और ओवरहेड टैंक की डीपीआर तैयार न करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 20 सितंबर तक हर हाल में रिपोर्ट तैयार का प्रस्तुत करें नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। 

मेयर ने शेष बचे 7 कूड़ा घरों को समाप्त कर स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन बनाने के निर्देश दिए। तब तक कूड़ा घरों को ठीक कराने और पेंट कराने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव शामिल रहे। 

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट से हटाए जाएंगे डिश और नेट के लटके तार
मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने पीएम मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के प्रस्तावित वाराणसी आगमन को ध्यान में रखकर शुक्रवार को सभी विभागों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वाराणसी आगमन के रूट पर बिजली के खंभों पर लटके सभी नेट, डिश के तारों को काटकर हटाने के लिए नगर निगम, बिजली विभाग को जिम्मेदारी दी। इससे पहले मंडलायुक्त और डीएम सत्येंद्र कुमार दशाश्वमेध घाट पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। प्रधानमंत्री का काशी दौरा 10 और 11 सितंबर को प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि टीम बनाकर शीघ्र काम पूरा कराएं। इससे पहले नगर निगम ने संबंधित डिश, नेट सेवा प्रदाता कंपनियों को अपने केबिल सुव्यवस्थित करने के लिए सचेत किया है। मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जलकल विभाग, नगर निगम व बिजली विभाग को अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पीएम आगमन से पूर्व सभी मुख्य मार्ग से तारों को व्यवस्थित करना है। 

पुलिस की सेवा, समपर्ण और संकल्प को आज शौर्य सम्मान
अमर उजाला की मुहिम मां तुझे प्रणाम के तहत शनिवार को कमिश्नरेट के 40 पुलिस और एनडीआरएफ के 5 जवानों को शौर्य श्री सम्मान 2025 से नवाजा जाएगा। यातायात पुलिस लाइन सभागार में दोपहर 12.30 बजे पुलिस के सेवा, समर्पण और संकल्प को सम्मान मिलेगा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल शांति और कानून व्यवस्था बरकरार रखने में अहम भूमिका वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। 

विशिष्ट सहयोगी उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक, नवरतन ज्वेलर्स, कोरल ग्रुप, आर्यन प्रॉपर्टीज, नगर निगम, रूद्रा, इंंडियन ऑयल है। सहयोगी में पीतांबरी, एजीआर ऑटोमोबाइल्स, वाराणसी पब्लिक स्कूल, बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, अजय कुमार टेक्नो अर्बन, अटलांचर, एसएमएस, यूनियन बैंक, वीडीए, मिल्स, रोमा बिल्डर्स, विनसम डेवलपर, ट्रूसो, रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन, टाटा पावर सोलररूफ, बीबीजे, राजश्री स्वीट्स, स्वामी अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय, बसंत बहार, फेरोस, पारस, टीके आदि हैं। 
विज्ञापन

रुद्राक्ष से रवाना हुआ एआई वाहन अनधिकृत विज्ञापनों पर लगेगी लगाम
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से शुक्रवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने एआई वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्काई साइन संस्था के साथ नगर निगम का टाईअप है। यह वाहन शहर में लगने वाले अवैध होर्डिंग को पकड़ेगा। इंवायरमेंटल फ्रेंडली स्माल ईवी वाहन है। जिसे सुबह 6 से 9 और दोपहर 1 से 4 बजे के बीच चलाया जाएगा। 

ऑनबोर्ड स्ट्रीट व्यू जीपीएस सिस्टम से लैस वाहन है। इसमें ड्रोन सर्विलांस सपोर्ट है। रिफेड रीडर और एप बेस नोटिस जनरेशन डिवाइस होगी। 360 डिग्री घूमने वाला कैमरा और लेजर बेस मेजरमेंट कैमरा होगा। इससे नगर निगम की आय बढ़ेगी। पर्यावरण अनुकूल और पेपरलेस प्रशासन होगा। शिकायतों का त्वरित निवारण, स्मार्ट नीलामी प्रणाली, शहर की सुंदरता और विज्ञापन व्यवस्था में सुधार होगा। 

पूरे शहर का भ्रमण कर वाहन सर्वे करेगा। जिसमें उसकी ओर से नगर क्षेत्र में लगे विज्ञापनों का सेंसर के माध्यम से डेटा इकट्ठा करेगा। इसके बाद कंप्यूटर पर दर्ज कर मिलान करेगा कि कौन सा विज्ञापन नगर निगम से अधिकृत है। कौन सा विज्ञापन अनधिकृत है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें