फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: हादसों में महिला मजदूर सहित तीन की मौत, सपा नेता पर केस; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Tue, 09 Sep 2025 05:49 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसों में महिला मजदूर समेत तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अधिवक्ता के वाहन को टक्कर मारकर घायल करने के मामले में सपा नेता पर केस दर्ज किया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें..
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल के बहरामपुर गांव के पास सोमवार सुबह 8 बजे ट्रैक पर गिट्टी डालते समय स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला मजदूर रेखा (32) की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

विज्ञापन


झांसी के कटेरा थाना क्षेत्र के ओबरी निवासी रेखा पति राजेश के साथ ट्रैक पर काम कर रही थी। सुपरवाइजर दीनानाथ ने पुलिस को बताया कि 14 महिलाएं और 11 पुरुष गिट्टी डालने के लिए लगाए गए हैं। रेखा को दो बेटे और एक बेटी है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि मामला आउटर सिग्नल के अंदर का है। ऐसे में जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई कर रही है।

पति से विवाद के बाद पत्नी ने फंदे पर लटक दी जान
रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद गांव में सोमवार दोपहर शानू निषाद (28) ने पति से विवाद के बाद पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। सूजाबाद निवासी संजय कुमार साहनी की पत्नी शानू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। संजय घर से बाहर पड़ोस में चला गया। 

कुछ देर बाद बेटे ऋतिक (4) और बेटी शिवानी (5) पिता संजय के पास पहुंचे और बताया कि मां ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है। संजय घर पहुंचा और खिड़की से झांक कर देखा तो पत्नी फंदे से लटक रही थी। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शानू को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद पति ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मायके पक्ष से संपर्क नहीं हुआ है।

सेल्फी के दौरान पैर फिसलने से किशोर गंगा में डूबा, दोस्त छोड़कर भागे
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुंडा पंप कैनाल के पास रविवार की दोपहर मुहम्मद अक्सा उर्फ अरशद (14) गंगा किनारे सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से नदी में गिर गया और डूब गया। घटना के बाद उसके साथ गए चार साथी घबरा गए और घर लौटकर परिजनों को कुछ नहीं बताया। सोमवार शाम परिजनों के दबाव पर सच्चाई बताई, तब जाकर घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची। सोमवार देर रात तक किशोर का पता नहीं चल सका। 

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार, काजी सहदुल्लापुर निवासी मुहम्मद इस्माइल ने बताया कि अरशद तीन बेटों और एक बेटी में सबसे बड़ा था और सातवीं कक्षा में था। रविवार को वह अपने चार दोस्तों सुफियान, मिजान, इसराबुल और किब्लतैन के साथ दो मोटरसाइकिल से कुंडा पंप कैनाल घूमने गया था। कैनाल में डूबने की खबर पर मां सादिया उर्फ रानी और अन्य परिजनों का रोते-रोते हाल बेहाल है। मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में परिजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और प्रशासन से तुरंत शव बरामद करने की मांग की।

शादी का झांसा देकर किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर किशोरी को अगवा करने के आरोपी विजय निषाद उर्फ छोटू को पुलिस ने कादीपुर स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि चंद्रावती निवासी विजय निषाद पर किशोरी के परिजनों ने केस दर्ज कराया था। किशोरी को पुलिस ने 5 सितंबर को सोनभद्र से बरामद किया था।

अधिवक्ता को टक्कर मारने में सपा नेता पर केस
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने अधिवक्ता के वाहन को टक्कर मारकर घायल करने के मामले में सपा नेता अशोक यादव के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कोर्ट में दाखिल वाद में कहा कि 14 अगस्त दोपहर 12 बजे वह बाइक से कचहरी की ओर से घर जा रहे थे। वरुणा ब्रिज चौराहे पर रेड लाइट के कारण रास्ता अवरुद्ध था। तभी स्कार्पियो सवार सपा नेता अशोक यादव के वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस बीच स्कार्पियो सवार ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। 

संकट मोचन मंदिर में दर्शन के दौरान मारपीट, केस दर्ज
संकट मोचन मंदिर में रविवार को मंडुवाडीह निवासी विनित मिश्रा उर्फ अनुराग की 10 युवकों ने पिटाई कर दी। लंका पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सोमवार को केस दर्ज किया। महेशपुर निवासी विनित ने पुलिस को बताया कि वह संकटमोचन मंदिर दर्शन करने गए थे। 10 लोगों ने जान बूझकर धक्का दिया। विरोध करने पर गालीगलौज कर पिटाई की। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मंदिर परिसर के सीसी कैमरे भी खंगाले गए हैं।

दंपती की मौत पर विधायक ने दी सांत्वना
चौबेपुर के हरिबल्लमपुर गांव के पास बाबतपुर संदहा रिंग रोड पर बाइक सवार दंपती राकेश मौर्य व गूंजा मौर्य की मौत पर अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने सोमवार को परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अनेवा गांव पहुंचे विधायक ने राकेश के पिता बंशराज मौर्य को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश सिंह बीरू, लक्ष्मण सिंह, रामजी मौर्य, मुक्ति नारायण मौर्य, धीरेंद्र पांडेय, जितू सिंह रहे।

अपहृता को 24 घंटे में ढूंढा, आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी विकास सोनकर उर्फ राधे को भेलूपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के 24 घंटे के अंदर सोमवार को कमच्छा से गिरफ्तार किया। किशोरी को बरामद भी किया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 7 सितंबर को पीड़िता की मां ने केस दर्ज कराया था।

15 ऑटो चालकों समेत 16 पर मुकदमा
रेलवे पुलिस ने सोमवार को 16 लोगों पर केस दर्ज किया है। स्टेशन के नो पार्किंग जोन सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़ा करने पर 12 ऑटो चालकों पर कार्रवाई हुई। प्लेटफॉर्म पर व्यापारिक गतिविधियों में संलिप्तता मिलने पर तीन ऑटो चालकों पर मुकदमा हुआ। बाबतपुर के चौकी रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन प्लेटफॉर्म पर दो पहिया साधन लाने के जुर्म में एक व्यक्ति पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। सहायक सुरक्षा आयुक्त बीपी सिंह ने बताया कि यात्रियों से चेन पुलिंग न करने और रेलवे सुरक्षा बल का सहयोग करने की अपील की गई।

फ्लैट से चोरी, केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में सानिधि अपार्टमेंट में शनिवार को चोरी हो गई। नकदी और आभूषण समेत अन्य सामान चोर समेट ले गए। सोमवार को पीड़ित ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया। फ्लैट 102 में रहने वाले विवेक कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ 5 सितंबर को सिरिहिरा गांव गए थे। 7 सितंबर की दोपहर 1 बजे फ्लैट पर पहुंचे तो देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ था। फ्लैट से 13 हजार नकद, दो लाख के आभूषण चोरी हुए हैं। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

बिजलीकर्मियों ने किया निजीकरण का विरोध
बिजली कर्मचारियों ने निजीकरण के विरोध में विरोध-प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि आगरा की बिजली व्यवस्था टोरेंट पावर को देने की बिडिंग को सी एजी द्वारा निरस्त करने की अनुशंसा दबा दी गई। गलत बिडिंग से पॉवर कारपोरेशन को हर वर्ष अरबों रुपए का नुकसान हुआ। सीएजी की रिपोर्ट पर कार्यवाही कर टोरेंट पावर का करार रद्द किया जाए। संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि आगरा मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। संघर्ष समिति ने कहा कि आने वाले दिनों में और खुलासा करेंगी।

16 घंटे के बाद खुले काशी के मंदिरों के कपाट
चंद्रग्रहण के बाद शहर के मंदिरों के कपाट सोमवार को मंगला आरती के बाद खुल गए। सूतक के कारण शहर के अधिकांश मंदिरों के कपाट 16 घंटे बंद रहे। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट साढ़े सात घंटे बाद खोले गए। सूतक के कारण सात सितंबर को शहर के साढ़े 24 हजार मंदिरों को दोपहर में 12 बजे के बाद से ही बंद कर दिया गया था। चंद्रग्रहण के बाद सोमवार को गंगा के तट पर स्नान-दान का सिलसिला चलता रहा। 

बीएचयू अस्पताल में तीमारदार और स्टाफ के बीच मारपीट
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में मरीज के साथ आई महिला तीमारदार और एमटीएस स्टाफ के बीच नोकझोंक और मारपीट हो गई। गैस्ट्रोलॉजी विभाग में डॉक्टर 40वां मरीज देख रहे थे तभी 160 नंबर की मरीज पहुंची और अंदर जाने की कोशिश करने लगी। इस पर नर्सिंग स्टाफ से बहसबाजी होने लगी। मरीजों के अटेंडेंट और स्टाफ के बीच मारपीट होने लगी। बताया जा रहा है कि उसी समय कई मरीज बिना इलाज के लौटने लगे। इस दौरान सुरक्षा कर रहे बाउंसरों और अन्य लोगों को भी चोटें आईं। लंका थाने में कोई शिकायत नहीं हुई है। 

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
शिवाला में वीडीए ने सील कराया टावर
शिवाला में मोहल्ले वासियों के भारी विरोध के बाद वीडीए ने अवैध रूप से लग रहे टावर को सील कर दिया। जनता की ओर से टावर हटाने के लिए शिकायती पत्र दिया। वीडीए ने मकान मालिक को ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया। बाद में विरोध के बाद अवर अभियंता सोनू कुमार व टीम ने टावर को सील कर दिया। 

सारनाथ में 4 बीघे में अवैध प्लॉटिंग कराई ध्वस्त
सारनाथ वार्ड में सोमवार को अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि सारनाथ वार्ड के शंकरपुर रिंग रोड के पास अज्ञात की ओर से 4 बीघा में अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार, अवर अभियंता विनोद कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई। 

छह पुलिस बूथों की मरम्मत कराएगा वीडीए
वीडीए की अवस्थापना निधि से 6 पुलिस बूथों की मरम्मत का कार्य प्रस्तावित है। रिपेयर के साथ पेंटिंग भी की जाएगी। भोजूबीर तिराहा, एयरपोर्ट, करियप्पा मार्ग के पुलिस बूथों का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा पुलिस लाइन चौराहा, मिंट हाउस तिराहा, रविदास गेट के पास पुलिस बूथ स्थापित किए जाएंगे। इन पुलिस बूथों की रंगाई और चित्रकारी बनारस की थीम पर की जा रही है। बूथ न केवल सुदृढ़ और उपयोगी बनेंगे, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत की पहचान को भी प्रदर्शित करेंगे।

अस्सी घाट पर पिंडदान को लेकर पंडितों में हाथापाई, वीडियो वायरल
अस्सी घाट पर सोमवार सुबह पिंडदान कराने को लेकर दो पक्षों के पंडित आपस में भिड़ गए। गालीगलौज और धक्का मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद घाट किनारे पारंपरिक रूप से होने वाला पिंडदान अब सड़क के किनारे कराया जा रहा है। पंडितों के बीच जगह और अधिकार को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामले को सुलझाया।

चेन स्नेचिंग में दो महिलाओं पर केस दर्ज
जिला अस्पताल में महिला से चेन स्नेचिंग में दो महिलाओं पर रविवार रात कैंट थान में केस दर्ज किया गया। शिवपुर तरना की सुमन देवी ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को पर्ची कटवाने के लिए काउंटर लाइन में थीं। दो महिलाओं ने गले से चेन काट ली। सुबह 10 से 10.15 बजे के बीच घटना हुई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध महिलाएं कैद हुई हैं। उनकी पहचान कराई जा रही है।

पत्नी की पिटाई पर बेटे ने पिता पर दर्ज कराया केस
चौक थाना क्षेत्र के भुलेटन मोहल्ले में शनिवार सुबह घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की पिटाई कर दी। बेटे आकाश गुप्ता ने रविवार को पिता के खिलाफ केस दर्ज कराया। आकाश ने पुलिस को बताया कि मां रेनू गुप्ता आंगन में काम कर रही थीं। तभी पिता विजय गुप्ता ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे मां के सिर पर चोटें आईं। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विमल मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज मामले में जांच की जा रही है। 

पुलिस चौकी से भागा मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार
लाट भैरव चौकी से भागे मोबाइल चोरी के आरोपी को आदमपुर पुलिस ने सोमवार को कोनिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी सनी राजभर कोनिया रविवार रात कज्जाकपुरा रेलवे लाइन पर यात्री सिघूलपुर चौबेपुर निवासी विशाल चौहान के हाथ पर डंडा मार कर सनी मोबाइल छीना था। विशाल ने चलती ट्रेन से कूदकर आरोपी को पकड़ा और लाट भैरव चौकी को सौंपा। इस बीच मौका पाकर सनी चौकी से रात में ही भाग निकला था। लाट भैरव चौकी प्रभारी बलिराम यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

रिटायर्ड बैंक मैनेजर के फार्म हाउस में चोरी
सारनाथ के सिंहपुर के अरिहंत नगर कॉलोनी में रविवार रात रिटायर्ड बैंक मैनेजर वीरन राम के फॉर्म हाउस में चोरी हो गई। बंद मकान के गेट का ताला तोड़ कर अंदर घुसे चोरों ने घरेलू सामान भी समेट लिया। पीड़ित ने सोमवार को तहरीर दी है। पहड़िया के जेडी नगर कॉलोनी के वीरन ने अरिहंत नगर कॉलोनी में फॉर्म हाउस बनाया है, कभी कभी वह आते हैं। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

कार की टक्कर से साइकिल सवार घायल
रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय में रविवार रात अनियंत्रित कार की टक्कर से साइकिल सवार दिलीप पटेल (30) घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। भदोही के औराई निवासी कार चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया। बसंतपट्टी निवासी दिलीप पटेल की बैरवन में बर्तन की दुकान है। रात में साइकिल से घर जा रहे थे। रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। 

बदमाशों ने फार्मासिस्ट की पिटाई के बाद लूटी सोने की चेन
फूलपुर थाना क्षेत्र के गोड़िया में रविवार रात 8 बजे बदमाशों ने फार्मासिस्ट मुकेश यादव की पिटाई कर सोने की चेन लूटकर भाग निकले। पीड़ित ने फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के भाऊपुर निवासी मुकेश ने पुलिस को बताया कि वह हिरामनपुर (सिंधोरा) में क्लिनिक से रात 8 बजे घर लौट रहे थे। गोड़िया गांव के पास पहुंचा बदमाशों ने बाइक रुकवा कर पिटाई की। जेब से नकदी और गले से सोने की चेन लूट ली। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि एक नामजद और तीन अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। 

आईपीएस अधिकारियों ने समझी वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की प्रणाली
आईपीएस में पदोन्नत अधिकारियों के भारत भ्रमण कार्यक्रम के दौरान काशी आगमन पर सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैंप कार्यालय पर उनसे मुलाकात की। साथ ही कमिश्नरेट की पुलिसिंग, यातायात, सुरक्षा-व्यवस्था, वीवीआईपी सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी दी। 17 अधिकारियों में 9 महिलाएं भी हैं।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से यातायात नियंत्रण, डायल 112, अत्याधुनिक एसओजी व सर्विलांस टीम, ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणाली, वीवीआईपी सुरक्षा प्रबंधन, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सुरक्षा, कमांड सेंटर पर विस्तार से चर्चा की। ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व के शहर में तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। 

साइबर अपराधों की चुनौती से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता और अपराधियों से आगे की सोच रखने की जरूरत को रेखांकित किया। महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई, भ्रष्टाचार के प्रति असहिष्णुता और निष्पक्ष पैरवी को पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताई। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा रहे।

आईआईटी और बिड़ला में फिर आधी रात तनाव
बीएचयू के बिड़ला हॉस्टल के सामने आधी रात में हंगामे जैसी स्थिति बन गई। हॉस्टल वाली सड़क से गणेश विसर्जन का प्रतिमा लेकर निकल रहे आईआईटी बीएचयू के छात्रों ने गणपति बप्पा का तेजी से जयघोष कर दिया तो बिड़ला वाले लड़के चौकन्ने हो गए। फिर से मुंह बांधकर बाहर निकले तो आईआईटी के छात्र तब तक काफी दूर निकल चुके थे। मौके पर पहुंची सीर चौकी और नगवां चौकी के पुलिसकर्मी भी पहुंचे। इस दौरान फिर छात्रों को समझाकर हॉस्टल में भेजा गया। बीते सप्ताह आदि रात आईआईटी बीएचयू और बिड़ला हॉस्टल के बीच जमकर पत्थरबाजी और मारपीट हुई थी। 

विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न में दर्ज कराया मुकदमा
विवाहिता ने पति समेत ससुराल वालों पर कोतवाली थाने में सोमवार को दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पराहूपुर निवासी स्मृति राज ने पुलिस को बताया कि कतुआपुरा निवासी पति सत्यजीत, सास-ससुर, देवर और ननद दहेज में दो लाख रुपये समेत अन्य सामान को लेकर प्रताड़ित करते हैं। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

किशोरी को अगवा करने मामले में केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नगवा की किशोरी को अगवा करने के मामले में पिता ने एक युवक पर केस दर्ज कराया। पिता ने पुलिस को बताया कि चंदौली के मुगलसराय कोतवाली थाना क्षेत्र के कबीरपुर निवासी अश्वनी भास्कर ने बेटी को बहला फुसलाकर अगवा किया है। चार सितंबर की सुबह अचानक बेटी लापता हो गई। परिजनों ने पांच सितंबर को उसे पकड़ा, लेकिन शाम को फिर लापता हो गई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि किशोरी की बरामदगी को लेकर टीमें दबिश दे रही हैं। 

पीईटी में गिरफ्तार फर्जी परीक्षार्थी भेजा गया जेल
पीईटी में गिरफ्तार सॉल्वर कौशांबी के निकलेश ने शिवपुर के जेपी मेहता इंटर कॉलेज में भी फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा दी थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि निकलेश ने आधार कार्ड में फेरबदल कर दो स्थानों पर परीक्षा दी थी। उसके पास से दो आधार कार्ड, एक निर्वाचन कार्ड और दो प्रवेश पत्र मिले।

रविवार को हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज में पीईटी में निकलेश पर शक होने पर शिक्षकों ने रोका। बायोमेट्रिक करने पर फर्जी दस्तावेज का पता चला। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने दो अलग-अलग नामों निकलेश और निखलेश आधार बनवाया था। उसने छह सितंबर को पेड की परीक्षा जेपी मेहता इंटर कॉलेज में दी थी।

बीएचयू के शोधार्थियों को मुश्किल आए तो सेंट्रल लाइब्रेरी में समाधान
बीएचयू के सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित सयाजीराव गायकवाड़ पुस्तकालय में सोमवार को अनलॉक योर रिसर्च पोटैंशियल हाउ टू पब्लिश विद दी ग्रूटर ब्रिल विषय पर एक कार्यशाला कराई गई। शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में सोमवार को लाइब्रेरियन प्रो. डीके सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की। 

डॉ. सिंह ने प्रतिभागियों से लाइब्रेरी के ऑनलाइन संसाधनों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की बात कही। ये भी बताया कि शोधार्थियों को किसी भी तरह की कठिनाई पर सेंट्रल लाइब्रेरी में आएं, वहां पर सहयोग और इसका समाधान होगा। कार्यशाला के मुख्य वक्ता मॉरिट्स वैन डेन बूगर्ट और मुख्य प्रकाशन अधिकारी डि ग्रूयटर ब्रिल ने शोधार्थियों को व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

हजरत मोहम्मद की 1500वीं जयंती पर आज सजेंगी महफिलें
हजरत मोहम्मद की 1500वीं जयंती पर महफिलों का आयोजन मंगलवार को होगा। जव्वादिया कॉलेज के मौलाना जमीरुल हसन ने बताया कि मंगलवार को शाम 7:30 बजे हजरत मोहम्मद की विलादत के जश्न के मौके पर महफिल होगी। इस महफिल में छठे इमाम जाफर सादिक की विलादत का जश्न भी मनाया जाएगा। 

महफिल में शामिल होने के लिए देश भर के नामचीन शायर बनारस पहुंच रहे हैं। जव्वादिया अरबी कॉलेज के समक्ष छात्र और शिक्षक मोमिनीन का इस्तकबाल करेंगे। इस अवसर पर फरमान हैदर ने बताया कि मंगलवार को सुबह नौ बजे मौलाना जफरुल हसन की 45वीं बरसी पर दो मजलिसें भी होंगी। पहली मजलसी अयातुल्लाह हमीदुल हसन लखनऊ और दूसरी मजलिस को मौलाना हुसैन मेहंदी हुसैनी मुंबई खिताब करेंगे।

विवेकानंद क्रूज से गंगा आरती देखेंगे माॅरीशस के प्रधानमंत्री
तीन दिन के दौरे पर काशी आ रहे माॅरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम बुधवार को दो घंटे विवेकानंद क्रूज पर रहेंगे। रविदास घाट पर क्रूज में सवार होकर वे दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखेंगे और नमो घाट से होकर वापस होटल लौटेंगे।

अलकनंदा क्रूज लाइन के निदेशक विकास मालवीय ने बताया कि माॅरीशस के प्रधानमंत्री के लिए रोरो वैसल विवेकानंद को बुक किया गया है। 200 लोगों की क्षमता वाले इस क्रूज पर माॅरीशस के पीएम के अलावा 80 लोग सवार होंगे। पीएम के स्वागत में विवेकानंद क्रूज को झालर और फूलों से सजाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।

प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं जिम्मेदारियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन राम गुलाम के स्वागत की जिम्मेदारी सोमवार को बैठकों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बांट दी गई। 11 सितंबर को आंबेडकर पार्क चौराहा, रोहनिया व सेवापुरी विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत के कार्यक्रम आयोजित होंगे। 

भाजयुमो कार्यकर्ता कचहरी चौराहे पर ढोल-ताशों के साथ स्वागत व अभिनंदन करेंगे। प्रधानमंत्री का स्वागत आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता पुलिस लाइन चौराहे पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ करेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मीडिया प्रभारी नवरतन राठी मौजूद रहे।

ड्रोन से किया फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव
पनियारा गांव में फसलों पर ड्रोन से कीटनाशक और पोषक तत्वों का छिड़काव किया गया। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) के निदेशक डॉ. राजेश कुमार और विभागाध्यक्ष डॉ. अनंत बहादुर ने बताया कि पारंपरिक तरीके से जहां एक एकड़ खेत में छिड़काव करने में कई घंटे लग जाते हैं, वहीं ड्रोन से कार्य कुछ ही मिनटों में हो जाता है। इससे समय और श्रम की बचत होती है। दवाओं का समान और सटीक छिड़काव भी सुनिश्चित होता है। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. गोविंद पाल ने कहा कि ड्रोन से निकलकर दवाओं की बूंदें बारीकी से पूरे खेत में फैल जाती हैं। 

नदेसर पर धंसी सड़क, पीडब्ल्यूडी ने भरवाया गड्ढा
नदेसर पर इमलाक काॅलोनी के समीप सड़क पर एक तरफ सड़क धंस गई है। इसके चारों ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग कराई ताकि कोई दुर्घटना न होने पाए। इसी मार्ग से आए दिन वीआईपी गुजरते हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी ने शाम को इस गड्ढे को भर दिया है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि नदेसर पर एक दिन पहले सड़क धंसी थी। जिसे गिट्टी भरकर मरम्मत करा दी गई है। रात में सड़क बना दी जाएगी।

11 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के सदस्यों ने सोमवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। धरना स्थल पर जिलाध्यक्ष संजय कुमार तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों को बिना कारण बताए निलंबित कर दिया जाता है, जिससे मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण हो रहा है।

जिलामंत्री विजय कुमार भारती ने कहा कि जिले में 1329 सफाई कर्मचारी हैं, लेकिन 180 कर्मचारी अधिकारियों के व्यक्तिगत कार्यों और कार्यालयों में लगाए गए हैं। चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में सरिता, ओमकार नाथ, कल्लू पटेल, शिवजगत, कृष्ण कुमार, करन दारा, श्रवण शामिल रहे।

कांग्रेस नेताओं ने पुल में आई दरार को भरा, जांच की मांग
ओदार-सिंधोरा मार्ग पर बने नाद नदी पुल में आई दरार के प्रति प्रशासन की अनदेखी पर कांग्रेसजनों ने श्रम दान कर सोमवार को उसे भर दिया। मार्ग पर पुल के पास बने गड्ढे में आए दिन लोगों के गिरकर घायल होने की सूचना पर कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ राजू राम कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। साथ ही मिट्टी डालकर गड्ढे को भर दिया। अब लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। 

जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में 2 करोड़ 30 लाख की लागत से पुल का निर्माण करवाया गया था, लेकिन कुछ साल बाद ही पुल में दरार आ गई। इसमें जबरदस्त घोटाला हुआ है। जांच कर कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान राकेश सिंह, कृष्ण भूषण मिश्रा, रवि पटेल, मनीष पाठक, राजू भारती, शिवकुमार, विक्रम कुमार रहे।

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर लिटरेसी डे टॉक का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर ट्राई टू फाइट फाउंडेशन की ओर से भारत माता मंदिर लर्निंग सेंटर में लिटरेसी डे टॉक का आयोजन हुआ। इसमें शिक्षा का महत्व और प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य अतिथि आईएमएस बीएचयू के ईएनटी विभाग के प्रो. विश्वम्भर सिंह रहे। उन्होंने बच्चों से संवाद कर, इंटर्न्स को मार्गदर्शन दिया। सदस्यों से विमर्श करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।

डॉ. सिंह ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की और भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस दौरान फाउंडेशन के संस्थापक वैभव मिश्रा एवं सह-संस्थापक हिमांशु मिश्रा, तरुण मिश्रा, प्रीतम मौर्य, आदित्य अग्रहरी और रतन उपाध्याय मौजूद रहे।

किसानों से अधिक उर्वरक का प्रयोग न करने की अपील
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने सोमवार को क्षेत्रीय ग्रामीण सहकारी समिति फूलपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति में बिक्री निर्धारित दर पर पाई गई। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से उर्वरक का अधिक प्रयोग न करने की अपील की।

विद्यापीठ में आज से दीक्षांत समारोह की शुरुआत
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार से दीक्षांत समारोह दीक्षोत्सव का आयोजन शुरू होगा। विवि, कॉलेज और स्कूलों में एकेडमिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी शुरू हो जाएंगी। महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. वंदना सिन्हा ने बताया कि गोद लिए गए गांव टिकरी, बच्छाव, केसरीपुर, जगतपुर, चित्रसेनपुर में कहानी कथन, भाषण, कला प्रतियोगिता और समूह देशभक्ति गीत गायन का आयोजन किया जाएगा। 

लोकबंधु जय नारायण इंटर कॉलेज, जनता इंटरमीडिएट कॉलेज, मातादीन सुकुल स्मारक इंटर कॉलेज, जगतपुर इंटर कॉलेज, महामना मालवीय इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालयों में भी भाषण, चित्रकला, कहानी कथन और देश भक्ति गीत समूह गान कराए जाएंगे। इन सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय विजेताओं का चयन किया जाएगा। इन्हें प्रतियोगिता के दूसरे चरण के लिए अवसर दिया जाएगा। 

बीएचयू में दृश्य कला प्रदर्शनी अन्वेषण की शुरुआत
बीएचयू के भारत कला भवन में सोमवार को दृश्य कला प्रदर्शनी अन्वेषण की शुरुआत हुई। इसमें चित्रकला, मूर्तिकला, सिरामिक आदि विधाओं के युवा कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां दिखाईं। समकालीन समाज से एक संवेदनशील संवाद स्थापित करने की बात कही। चंदन सिंह, मनीष सिंह, इंद्रपाल, केनुमोनु वेनु, प्रीति लता, प्रीति राव, स्नेहा रानी, सुधा निषाद, किशन सिंह चौहान, डूमीडुनी इलांगशिघे ने हिस्सेदारी की। यह कार्यक्रम 13 सितंबर तक चलेगा। 
विज्ञापन

विद्यापीठ के 6 कोर्स में 238 अभ्यर्थियों ने लिया दाखिले
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में सोमवार को पीजी के कोर्सों में 238 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई। इसमें एलएलबी, एलएलएम, एमएससी फिजिक्स, पीजीडीसीए, एमए/एमएससी गणित और एमए/ एमएस-एसी सांख्यिकी कोर्स में सीटों का आवंटन किया गया। आज एमए मनोविज्ञान, एमए आईआरपीएम, एमम्यूज समेत 10 से ज्यादा कोर्स में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। 

सबसे साफ रही मलदहिया की हवा
बारिश के बाद बनारस की हवा साफ बनी हुई है। सोमवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 58 अंक दर्ज किया गया। शहर के तीन इलाके अर्दली बाजार (56), भेलूपुर (77) और बीएचयू (61) में यलो अलर्ट (मध्यम प्रदूषित) रहा, वहीं मलदहिया (40) में ग्रीन यानी कि हवा अच्छी की कटेगरी में रही। सबसे प्रदूषित हवा भेलूपुर की रही। यहां पर पीएम10 यानी कि धूल कण और भारी प्रदूषकों की अधिकतम मात्रा 110 अंक, बीएचयू में 100 अंक और अर्दली बाजार में 99 अंक पर पहुंच गई, वहीं मलदहिया में ये 59 अंक तक दर्ज किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें